Thursday, 8 January 2015

दिल्लीः मेट्रो में सुरक्षा जवान ने खुद को मारी गोली

दिल्ली मेट्रो में तैनात एक सुरक्षा जवान ने खुद को गोली मार कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जवान सीआईएसएफ में कांसटेबल था और उसे एयरपोर्ट मेट्रो लाइन पर तैनात किया गया था। घटना के बाद सीआईएसएफ के अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

सीआईएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि घटना सुबह तीन बजे की है। उस वक्त 40 वर्षीय कांसटेबल मुकेश सिंह अपने साथी जवानों के साथ गश्त कर वापस लौटा था। मेट्रो स्टेशन वापस लौटने के बाद उसने अपनी सर्विस राइफल सर पर लगाई और फिर गोली मार ली। घटनास्थल पर मौजूद उसके साथी ने बताया कि गोली की आवाज सुन सभी लोग हैरान हो गए और तुरंत ही उसे एलएनजेपी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुकेश के पास से तीन गोलियां मिली हैं। सीआईएसएफ के अधिकारी घटना की जानकारी मिलते ही वहां पहुंचे और पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए।

अधिकारियों ने बताया कि कांस्टेबल मुकेश सिंह दिल्ली के अलीपुर का रहने वाला था। उसने छुट्टियों से लौटने के बाद 28 दिसंबर को ड्यूटी ज्वाइन की थी। अधिकारी के मुताबिक मुकेश की आत्महत्या के पीछे क्या कारण है अभी तक इसका पता नहीं चल पाया है।

कांस्टेबल मुकेश सिंह ने 1997 में पारामिलिट्री फोर्स ज्वाइन की थी। जिसके बाद उसे नई दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो लाइन पर तैनात किया गया था। वह यहां अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहा था।

Read: News in Hindi and Newspaper


No comments:

Post a Comment