Showing posts with label aparna yadav. Show all posts
Showing posts with label aparna yadav. Show all posts

Friday, 10 January 2014

Mulayam's daughter in law aparna came forward for SP

लखनऊ। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव को प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठाने का जिम्मा पूरे परिवार से उठा लिया है। बेटे अखिलेश उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री है तो बड़ी बहू डिंपल कन्नौज से सांसद। भला छोटी बहू कैसे पीछे रहती। तो उन्होंने भी ससुर के प्रचार का जिम्मा ले लिया है। छोटी बहू अपर्णा गीतों के माध्यम से जनता में जोश भरेंगी।

'..प्रण करो देश बचाना है, भ्रष्टों को भगाना है, नेता जी (मुलायम) को दिल्ली जाना है।' समाजवादी पार्टी के चुनावी अभियान का यह प्रचार गीत कल लांच हो गया। गीत को आवाज सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह की छोटी पुत्रवधू अपर्णा यादव ने दी है। यह गीत 11 को झांसी रैली से पार्टी की जनसभाओं में बजना शुरू हो जाएगा। सपा के इस प्रचार गीत को बालीवुड के मशहूर संगीतकार साजिद-वाजिद ने संगीत दिया है। गीत में अपर्णा यादव के साथ वाजिद खां ने जुगलबंदी की है। इसकी आडियो सीडी बृहस्पतिवार शाम कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, सपा मुखिया के बेटे प्रतीक यादव और अपर्णा यादव ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में जारी किया।

इस मौके पर अपर्णा यादव ने कहा कि उन्होंने शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ली है, जिसका उपयोग पार्टी के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में किया है। प्रतीक यादव ने कहा गीत के जरिए पार्टी की नीतियों और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की मंशा है।

इससे पहले सपा ने ग्रैमी पुरस्कार विजेता बिली से गाने का अधिकार खरीदा था। गीत का हिंदी रूपांतरण -मन से हैं मुलायम, पर इरादे लोहा.. के रूप में किया गया है। इसका इस्तेमाल लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रचार में किया जाएगा। पार्टी की वेबसाइट और फेसबुक पेज पर गीत को अपलोड किया जा चुका है। गाने के बोल मुलायम सिंह यादव के शिक्षक तथा उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने तैयार किए हैं। जिसे बॉलीवुड गायक जावेद अली ने गाया है जबकि अपर्णा के गाए गीत को शबाब शाबरी ने लिखा है।

Source: Hindi News