सिडनी। भारत के रोहन बोपन्ना और पाकिस्तान के ऐसाम उल हक कुरैशी ने एक बार फिर जोड़ी बनाते हुए एटीपी आपिया इंटरनेशनल टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर में जीन जूलियन रोजर और होरिया तेकाउ की जोड़ी को हराकर सत्र की पहली जीत दर्ज की। भारत और पाक की तीसरी वरीय जोड़ी ने कड़े मुकाबले में नीदरलैंड्स और रोमानिया की गैरवरीय जोड़ी को एक घंटे और 41 मिनट में 7-6, 6-7, 10-3 से हराया।
बोपन्ना और कुरैशी अगले दौर में फिलीपींस के ट्रीट हुए और ब्रिटेन के डोमीनिक इनग्लोट की जोड़ी से भिड़ेंगे जिन्होंने स्पेन के पाब्लो एंदुजार और डेविड मारेरो की जोड़ी को इस 511825 डॉलर इनामी हार्ड कोर्ट टूर्नामेंट के पहले दौर में सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से हराया। बोपन्ना और कुरैशी पिछले हफ्ते चेन्नई ओपेन में सत्र के अपने पहले मैच में पहले दौर में ही हार गए थे।
भारत के लिएंडर पेस और चेक गणराज्य के रादेक स्टीपानेक की दूसरी वरीय जोड़ी अपने अभियान की शुरुआत जूलियन बेनेटू और एडवर्ड रोजर वेसलीन की फ्रांस की जोड़ी के खिलाफ करेगी। भारत के सोमदेव देववर्मन क्वालीफायर्स के दूसरे दौर में शिकस्त के बाद सिंगल्स के मुख्य ड्रॉ के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहे।
सेरेना तोड़ सकती हैं ग्राफ का रिकॉर्ड : नवरातिलोवाविश्व की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी मार्टिना नवरातिलोवा ने मौजूदा शीर्ष महिला खिलाड़ी और 17 बार की ग्रैंडस्लैम विजेता सेरेना विलियम्स की प्रशंसा करते हुए कहा है कि उम्र के बावजूद अमेरिकी खिलाड़ी के खेल में कोई कमी नहीं आई है। वह स्टेफी ग्राफ को पछाड़कर ओपेन युग की सबसे सफल ग्रैंडस्लैम सिंगल्स चैंपियन बन सकती हैं। जर्मनी की ग्राफ ने सबसे ज्यादा रिकॉर्ड 22 महिला सिंगल्स ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम किये हैं।
57 वर्षीय दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नवरातिलोवा ने अपने करियर में सफलता के कई झंडे गाड़े और उन्होंने 18 बार महिला सिंगल्स ग्रैंडस्लैम सहित महिला और मिक्स्ड डबल्स में 41 ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम किये। नवरातिलोवा ने वर्ष के पहले ग्रैंडस्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपेन से पहले उम्मीद जताई है कि सेरेना उनके रिकॉर्डो की भी बराबरी कर सकती हैं। नवरातिलोवा ने यहां एक प्रदर्शनी मैच से पूर्व कहा कि यदि सेरेना फिट रहती हैं तो वह 20 या उससे अधिक ग्रैंडस्लैम भी जीत सकती हैं। उनके लिए फिर कोई सीमा नहीं है।
Source: Sports News in Hindi