लंदन। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज में 0-5 की शर्मनाक हार के बाद इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटरों ने एलिस्टेयर कुक की अगुआई वाली इंग्लिश टीम की जमकर आलोचना की है। पूर्व कप्तान इयान बॉथम ने तो टीम को 'कायर' तक करार दिया है।
पिछले साल अपने घर में 3-0 से एशेज सीरीज जीतने वाली इंग्लैंड का हालिया सीरीज में प्रदर्शन बेहद ही खराब रहा। अपने जमाने के दिग्गज ऑलराउंडर बॉथम ने कहा, 'मैं बहुत निराश और शर्मिदा हूं। मैंने शर्मिदा शब्द का इस्तेमाल किया है और मैं इस पर कायम हूं। मुझे लगता है कि टीम ने कायर की तरह खेल दिखाया। ऑस्ट्रेलिया ने पूरी सीरीज में हमारी गर्दन को दबोचे रखा। विरोधी टीम ने हमें कुचल कर रख दिया।'
पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने टीम की हार के लिए सीनियर खिलाड़ियों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होने कहा, 'मेरे पास इंग्लैंड के प्रदर्शन को बयान करने के लिए शब्द नहीं हैं। यह बेहद शर्मनाक है। हालांकि क्रिकेट में इस तरह की चीजें होती रहती हैं, लेकिन जिस तरह से हमने मैच गंवाए यह वाकई में शर्मनाक है। हमारे सीनियर खिलाड़ियों को जिम्मेदारी उठानी चाहिए थी, जो पूरी तरह नाकाम रहे।' वॉन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने ब्रिस्बेन से ही अपना दबदबा बना लिया और इंग्लैंड की टीम उबर नहीं सकी। आखिरी टेस्ट में इंग्लैंड के बल्लेबाज पहली और दूसरी पारी में क्रमश: 155 और 166 रन ही बना सके। पूर्व सलामी बल्लेबाज ज्योफ्री बॉयकॉट ने कहा, 'मेरे पास ऐसे प्रदर्शन के लिए सिर्फ एक ही शब्द है 'शर्मनाक'। यह सबसे खराब हार है। इससे पहले भी 2006-07 में हमने 0-5 से सीरीज गंवाई थी, लेकिन तब ऑस्ट्रेलिया के पास ग्लेन मैकग्रा, शेन वार्न और एडम गिलक्रिस्ट जैसे खिलाड़ी थे।'
Source : Cricket News in Hindi