एल्बर्टविले (फ्रांस)। जर्मनी के महान फॉर्मूला वन ड्राइवर माइकल शूमाकर की दुर्घटना की जांच कर रहे जांचकर्ताओं ने स्कीइंग में गलती, अपर्याप्त सिग्नल और तेज गति जैसे कारणों के चलते हादसा होने की संभावना से इन्कार किया है। शूमाकर के हेलमेट में लगे कैमरे से मिली तस्वीरों के मुताबिक जब हादसा हुआ, तब मुश्किल सतह पर भी जर्मन ड्राइवर की रफ्तार किसी अच्छे स्कीयर जैसी थी।
29 दिसंबर को मेरिबल रिजॉर्ट में स्कीइंग करते समय शूमाकर एक चट्टान से टकरा गए थे और उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। शूमाकर के सिर के दो ऑपरेशन हुए हैं और वह अब भी कोमा में हैं। जांच अधिकारियों का कहना है कि शूमाकर जब हादसे का शिकार हुए, तब वह तैयार ढलान (पिस्ट) से आठ मीटर दूर थे। जब शूमाकर ढलान से हटे, तब भी ऐसा नहीं लगता कि उन्होंने रफ्तार कम की हो। जांचकर्ताओं का कहना है कि अभी उन्होंने वह जगह देखी है, जहां हादसा हुआ और चश्मदीदों व डॉक्टरों से भी बात की है। प्रमुख जांचकर्ता पैट्रिक क्विंसी ने कहा कि शूमाकर अच्छे स्कीयर हैं लेकिन वह एक उभरी हुई चंट्टान से टकरा गए और गिर गए। उनका सिर चट्टान से टकरा गया था।
इससे पहले शूमाकर की मैनेजर सबिने केहम ने भी ड्राइवर के तेज गति में होने की बात से इन्कार किया था। केहम के मुताबिक शूमाकर तेज गति में नहीं थे क्योंकि उन्होंने अपने फिसले हुए दोस्त को उठाने में मदद की थी। इस बारे में क्विंसी ने कहा कि हेलमेट के कैमरे से उन्हें सिर्फ दो मिनट की ही फुटेज मिली है, लेकिन रेसर को किसी की मदद करते हुए नहीं देखा गया।
Source: News in Hindi
No comments:
Post a Comment