Showing posts with label Michael Schumacher. Show all posts
Showing posts with label Michael Schumacher. Show all posts

Wednesday, 8 January 2014

Investigators reveal that Schumacher wasnt in rapid speed while skiing

एल्बर्टविले (फ्रांस)। जर्मनी के महान फॉर्मूला वन ड्राइवर माइकल शूमाकर की दुर्घटना की जांच कर रहे जांचकर्ताओं ने स्कीइंग में गलती, अपर्याप्त सिग्नल और तेज गति जैसे कारणों के चलते हादसा होने की संभावना से इन्कार किया है। शूमाकर के हेलमेट में लगे कैमरे से मिली तस्वीरों के मुताबिक जब हादसा हुआ, तब मुश्किल सतह पर भी जर्मन ड्राइवर की रफ्तार किसी अच्छे स्कीयर जैसी थी। 

29 दिसंबर को मेरिबल रिजॉर्ट में स्कीइंग करते समय शूमाकर एक चट्टान से टकरा गए थे और उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। शूमाकर के सिर के दो ऑपरेशन हुए हैं और वह अब भी कोमा में हैं। जांच अधिकारियों का कहना है कि शूमाकर जब हादसे का शिकार हुए, तब वह तैयार ढलान (पिस्ट) से आठ मीटर दूर थे। जब शूमाकर ढलान से हटे, तब भी ऐसा नहीं लगता कि उन्होंने रफ्तार कम की हो। जांचकर्ताओं का कहना है कि अभी उन्होंने वह जगह देखी है, जहां हादसा हुआ और चश्मदीदों व डॉक्टरों से भी बात की है। प्रमुख जांचकर्ता पैट्रिक क्विंसी ने कहा कि शूमाकर अच्छे स्कीयर हैं लेकिन वह एक उभरी हुई चंट्टान से टकरा गए और गिर गए। उनका सिर चट्टान से टकरा गया था।

इससे पहले शूमाकर की मैनेजर सबिने केहम ने भी ड्राइवर के तेज गति में होने की बात से इन्कार किया था। केहम के मुताबिक शूमाकर तेज गति में नहीं थे क्योंकि उन्होंने अपने फिसले हुए दोस्त को उठाने में मदद की थी। इस बारे में क्विंसी ने कहा कि हेलमेट के कैमरे से उन्हें सिर्फ दो मिनट की ही फुटेज मिली है, लेकिन रेसर को किसी की मदद करते हुए नहीं देखा गया। 

Wednesday, 1 January 2014

Michael Schumacher improving, but, not out of danger



ग्रेनोबल (फ्रांस)। महान फॉर्मूला वन ड्राइवर माइकल शूमाकर को अब दवाओं के जरिये कोमा में रखा गया है। फ्रेंच एल्प्स में स्कीइंग करते समय दुर्घटना के कारण सिर में लगी गंभीर चोट लगने के बाद से वह अस्पताल में भर्ती हैं।

जर्मनी के इस महान एफ-1 कार ड्राइवर के मस्तिष्क से खून का थक्का हटाने के लिए दूसरा ऑपरेशन किया गया था। हालांकि डॉक्टर अब भी उनकी हालात के बारे में सुनिश्चित नहीं हैं। सात बार के इस विश्व चैंपियन का सिर स्कीइंग करते समय एक चट्टान से टकरा गया था। डॉक्टरों को उनकी हालत में हल्का सा सुधार दिखा, जिसके बाद उन्होंने दो घंटे तक दूसरा ऑपरेशन किया था। अस्पताल में आइसीयू के प्रमुख जीन फ्रैंकोइस पायेन ने कहा कि हम उनके भविष्य के बारे में फिलहाल कुछ नहीं कह सकते। हम यह नहीं कह सकते कि वह खतरे से बाहर है लेकिन हमें थोड़ा समय मिल गया है। शूमाकर के स्कैन में दिख रहा है कि खून के रिसाव को संतोषजनक तरीके से हटा दिया गया है लेकिन उन्होंने किसी दूसरे अस्पताल में ले जाने के बारे में कहा कि यह खतरनाक हो सकता है। उन्हें चिकित्सीय रूप से कोमा में रखा गया है ताकि वह जल्दी स्वस्थ हो सकें। सूजन से बचने के लिए उनके शरीर का तापमान भी 35 डिग्री सेल्सियस कर दिया गया है। जांच कर रहे एक करीबी सूत्र ने कहा कि शूमाकर का हेलमेट गिरने से दो टुकड़ो में हो गया था। डॉक्टरों ने कहा था कि हेलमेट के कारण ही वह जीवित रह सके।

Schumacher improving but 'not out of danger': doctors


ग्रेनोबल (फ्रांस)। स्कीइंग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए सात बार के फॉर्मूला वन चैंपियन जर्मनी के माइकल शूमाकर का दूसरा ऑपरेशन किया गया। इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि शूमाकर की हालत में थोड़ा सुधार हुआ है, लेकिन वह खतरे से बाहर नहीं हैं।

शूमाकर का परिवार ग्रेनोबल के अस्पताल में ही है। गौरतलब है कि रविवार को स्कीइंग करते हुए शूमाकर गिर गए थे व उनका सिर पत्थर से टकरा गया था। हादसे के बाद उन्हें एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें ग्रेनोबल के अस्पताल लाया गया, जहां शूमाकर कोमा में चले गए थे। 

डॉक्टरों ने बताया कि सोमवार को दूसरा ऑपरेशन खून के थक्के को हटाने के लिए किया गया था, जो मस्तिष्क पर दबाव डाल रहा था। डॉक्टरों ने शूमाकर के परिवार के साथ सलाह-मशविरे के बाद दूसरा ऑपरेशन किया। परिवार ने भी नई प्रक्रिया पर राजी होने का मुश्किल फैसला किया। हालांकि आइसीयू के प्रमुख जीन फ्रैंकोइस पायेन ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि शूमाकर अब भी खतरे में हैं। 

पायेन ने कहा कि हम अभी भविष्य को लेकर कोई अटकलबाजी नहीं लगा सकते। इस बीच, डॉक्टरों ने दावा किया कि वह शूमाकर की हालत में सुधार से हैरान हैं लेकिन इस जर्मन ड्राइवर की स्थिति जस की तस बनी हुई है। 

Sunday, 29 December 2013

Schumacher in coma, 'critical' after France ski accident

ग्रेनोब्ल। सात बार फॉर्मूला वन के विजेता रहे माइकल शूमाकर कोमा में हैं। फ्रांस की एल्प्स पर्वत श्रृंखला में रविवार को स्कीइंग करते हुए गंभीर रूप से घायल हुए माइकल शूमाकर के सिर में गंभीर चोट लगी है, जिसके कारण वे जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। 

फ्रांस के दक्षिण-पूर्वी शहर ग्रेनोबल स्थित अस्पताल में उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है 44 वर्षीय शूमाकर को जब यहां लाया गया तो उनके सिर में गहरी चोट लगी थी। शूमाकर कोमा में थे और उन्हें तत्काल न्यूरो सर्जरी की जरूरत थी। उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
शूमाकर अपने 14 वर्षीय बेटे और दूसरे लोगों के साथ रविवार सुबह स्कीइंग कर रहे थे। इसी दौरान उनके साथ यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक शूमाकर ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन उनका सिर एक चट्टान से टकरा गया। हादसे के बाद वह होश में थे, लेकिन थोड़ी देर में ही वे अचेतावस्था में आ गए। दुर्घटना के बाद शूमाकर को हेलिकॉप्टर के जरिए अस्पताल ले जाया गया।

सात बार के व‌र्ल्ड रेसिंग चैंपियन शूमाकर को एफ-1 सर्किट के महानतम चालकों में से एक माना जाता है। उन्होंने 2000 से 2004 के बीच फेरारी टीम के लिए पांच खिताब जीते थे। 2010 में फॉर्मूला वन रेसिंग में फिर से वापसी के बाद शूमाकर ने सिर्फ एक बार पोडियम फिनिश किया है।