Wednesday, 31 December 2014

नए साल में किसानों को प्रधानमंत्री सिंचाई योजना की सौगात

नए साल में किसानों को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की सौगात मिलेगी। हर खेत तक पानी पहुंचाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा को अमली जामा पहनाया जाने लगा है। प्रधानमंत्री ने खेती की इस महत्वाकांक्षी सिंचाई योजना को गति देने के लिए इसमें महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का सहयोग लेने को कहा है। सिंचाई के लिए जल उपलब्ध कराने को लेकर नदी जोड़ो परियोजना की पहचान करने और उन पर काम चालू करने का प्रधानमंत्री मोदी ने निर्देश दिया, ताकि उस दिशा में तत्काल कार्य शुरू किया जा सके।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना पर संबंधित मंत्रालयों के आला अफसरों के साथ बैठक की। इसमें उनके मंत्रियों को भी बुलाया गया था। योजना को अमली जामा पहनाने के लिए किए गए उपायों की समीक्षा की गई। मोदी ने बैठक में मनरेगा का भरपूर सहयोग लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पिछले सालों में सिंचाई की दिशा में मनरेगा ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। मनरेगा में ज्यादातर कार्य जल संरक्षण के लिए किए गए हैं।

मनरेगा का इस्तेमाल पिछले कुछ सालों से सिंचाई परिसंपत्तियों को बनाने में किया गया है। ऐसे में मनरेगा को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की समग्र योजना से एकीकृत किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने इस संबंध में नतीजों की गहरी निगरानी करने पर जोर दिया। जल संसाधन, ग्रामीण विकास और कृषि मंत्रालय की संयुक्त बैठक में सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं पर अमल करने पर जोर दिया गया। माइक्रो इरिगेशन परियोजनाओं में स्पि्रंकल और ड्रिप इरिगेशन से चालू साल के भीतर 1.55 लाख हेक्टेयर असिंचित भूमि को सिंचित बनाने की योजना है।
Source: Hindi News and Newspaper

No comments:

Post a Comment