Monday, 12 January 2015

एयर एशिया विमान का ब्‍लैक बॉक्‍स मिला, जांच के लिए भेजा

एयर एशिया के विमान क्यूजेड 8501 के दुर्घटनाग्रस्त होने के दो सप्ताह बाद खोजी दल को बड़ी कामयाबी मिली। खोजी दल को इस विमान का ब्लैक बॉक्स (फ्लाइट डाटा रिकार्डर) और कॉकपिट वॉयस रिकार्डर मिल गया। इसके मिलने के बाद अब इस विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का पता चल सकेगा। इंडोनेशिया आथरिटी के मुताबिक फ्लाइट डाटा रिकार्डर अच्छी हालत में हैं। इसको जांच के लिए जकार्ता भेजा गया है। इंडोनेशिया नेशनल सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के चीफ बम्बांग सोलेस्टयू के मुताबिक ब्लैक बॉक्स दुर्घटनाग्रस्त विमान के विंग से मिला है।

विमान का कॉकपिट वॉयस रिकार्डर समुद्र में करीब बाइस मीटर की गहराई में मिला है। अधिकारियों के मुताबिक इसकी हालत ठीक नहीं है, इससे जानकारी निकालपाना मुश्किल लग रहा है। इंडोनेशिया के अधिकारियों के मुताबिक विमान के ब्लैक बॉक्स से मिल रहे मजबूत सिग्नल के बाद इसको एक सीमित दायरे में तलाश किया गया था। इसके साथ ही विमान के फ्यूसलार्ज की भी तलाश की जा रही थी। खोजी दल के लिए इनका मिलना काफी राहत भरा है।

खोजी दल की इस सफलता पर इंडोनेशिया के आर्मी चीफ ने खुशी का इजहार किया है। हालांकि उनकी इस खुशी में 162 लोगों की मौत का गम भी साफतौर पर छलक रहा था।

गौरतलब है कि 28 दिसंबर को एयर एशिया का विमान क्यूजेड 8501 अचानक राडार से गायब हो गया था। इस विमान पर क्रू मेंबर समेत 162 यात्री सवार थे। यह विमान इंडोनेशिया के सुराबाया से सिंगापुर जा रहा था।

इंडोनेशिया के मरीन ट्रांसपोर्ट के डायरेक्टर जनरल टोनी बूडीयोनो ने एक प्रेस रिलीज कर इस बात की जानकारी दी है। गौरतलब है कि खोजी दल को कुछ दिन पहले ही विमान का पिछला हिस्सा जावा के समुद्र से मिला था। इसके बाद ही विमान के ब्लैक बॉक्स के मिलने की भी संभावनाएं बढ़ गई थीं। बाद में खोजी दल को इस विमान के ब्लैक बॉक्स से सिग्नल भी मिले थे।

No comments:

Post a Comment