Monday, 12 January 2015

दिल्‍ली में सात फरवरी को होंगे चुनाव, 10 को आएंगे नतीजे

चुनाव आयोग ने आज दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का एलान कर दिया। दिल्ली में चुनाव सात फरवरी को होंगे और दस फरवरी को मतों की गिनती की जाएगी। इसी दिन चुनाव के नतीजों का भी एलान कर दिया जाएगा। आज हुई प्रेस कांफ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में एक करोड़ तीस लाख मतदाता भाग लेंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही दिल्ली में चुनाव आचार सहिंता भी लागू हो गई है। भाजपा, कांग्रेस और आप समेत सभी पार्टियों ने इस घोषणा का स्वागत किया है।

इस चुनाव में दिल्ली की 70 सीटों में से 12 सीटें आरक्षित हैं। आयोग ने मतदाताओं की संख्या को देखते हुए 11,763 पोलिंग बूथ बनाने का निर्देश दिया है। विधानसभा चुनाव में जहां पहले की ही तरह ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा वहीं मतदाताओं को नोटा का इस्तेमाल करने का भी मौका दिया गया है। आयोग के मुताबिक 14-21 जनवरी तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। 22 जनवरी को प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। प्रत्याशियों के नाम वापसी की अंतिम तारीख 24 जनवरी है।

गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा का पिछला चुनाव दिसंबर 2013 में हुआ था। अरविंद केजरीवाल द्वारा 14 फरवरी 2014 को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के कारण विधानसभा निलंबित कर दी गई थी जिसे 4 नवंबर 2014 को भंग कर दिया गया था।


Source : News in Hindi and Newspaper

No comments:

Post a Comment