Friday, 9 January 2015

मांझी बोले, बिहार का अगला मुख्यमंत्री भी हो दलित

बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि मुझे इस बात का पता है कि मैं राज्य का अगला सीएम नहीं हो पाऊंगा, इसलिए मुझे इस बात की कोई चिंता भी नहीं है। उनके मुताबिक, मुझे चिंता इस बात की है कि राज्य का अगला सीएम की दलित समाज का हो, तभी इस समाज का भला हो पाएगा।

उन्होंने कहा कि अगला सीएम कोई गरीब का बेटा ही हो, जो महादलित समाज से होगा। मांझी ने पश्चिमी चंपारण में अखिल भारतीय थारू महासंघ के सम्मेलन में यह बात कही। गौरतलब है कि इस समय मांझी को सीएम पद से हटाए जाने की चर्चा चल रही हैं।
मांझी ने कहा कि आने वाले दिनों दिनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, इसलिए आप लोग एकजुट होकर रहिए। मेरे महादलित भाई-बहनों का काम होना चाहिए। जो सिलसिला पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुरू किया, वह रुकना नहीं चाहिए।

इससे पहले पटना में एसके मेमोरियल हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मैं राज्य की सरकार चला रहा हूं, जबकि शरद यादव व नीतीश कुमार पार्टी चला रहे हैं।

उन्होंने छह दलों के महाविलय पर कहा कि यह महाविलय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जैसी ताकतों को रोकने के लिए हो रहा है। उन्होंने फिल्मी गाने, 'सब कुछ सीखा हमने, ना सीखी होशियारी..सच कहती है दुनिया, हम हैं अनाड़ी' से अपनी पीड़ा भी जाहिर की।

मांझी ने कहा कि मैं विद्वान नहीं हूं। जो विद्वान होता है, वह बड़ी-बड़ी बातें करता है। मैंने जीवन में जो देखा है, उसी अनुभव के आधार पर उसे बोलता हूं और उसके बाद उस पर चर्चा होने लगती है। सच तो मारा जाए, झूठ सब बतियाए।

जेडी(यू) व आरजेडी सदस्यों के मुताबिक, 16 जनवरी तक मांझी की जगह नया सीएम लाया जा सकता है।

No comments:

Post a Comment