Friday, 16 January 2015

हवाला कारोबारी मोइन कुरैशी के संपर्क में थीं सुनंदा!

कांग्रेस नेता शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की रहस्मयी मौत का मामला दिनोंदिन उलझता जा रहा है। पुलिस की जांच जारी है और इस केस में अब कई मोड़ सामने आ चुके हैं। इस बीच, एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि सुनंदा पुष्कर और कारोबारी मोइन कुरैशी एक दूसरे को जानते थे और उनके बीच रिश्ते थे। वहीं, दूसरी ओर राजनाथ सिंह ने कहा कि इस केस को लेकर पुलिस पर कोई सरकारी दवाब नहीं है और पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी।
मैसेजेस होते थे साझा
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मीट एक्सपोर्टर और कथित हवाला कारोबारी मोइन कुरैशी के शशि थरूर की दिवंगत पत्नी सुनंदा पुष्कर से संपर्क थे और वे ब्लैकबेरी स्मार्टफोन पर संदेशों (मैसेज) को साझा करते थे। ब्लैकबेरी मैसेंजर के जरिये इन दोनों के बीच बातचीत हुई थी। बता दें कि कुरैशी इस समय आयकर विभाग की निगरानी के दायरे में हैं। इन संदेशों के अनुसार, कुरैशी ने सुनंदा को अगस्त, 2013 में डिनर के लिए आमंत्रित किया था।
क्या है मैसेजेस में?
बीबीएम टेक्सट के अनुसार, सुनंदा ने एक मैसेज 17 मार्च, 2013 को भेजा था, जिसमें लिखा था कि 'क्या आपकी फैक्टरी में सबकुछ ठीक है? हम आपको मिस करते हैं... लेकिन दूसरा डिनर आयोजित कर रहे हैं, इसलिए जरूर आएं। नवीन, शशि और मैं काफी खुश होंगे यदि आप हमारे घर पर डिनर में शामिल होते हैं।' जिस पर कुरैशी ने जवाब में लिखा, धन्यवाद, सभी कुछ नियंत्रण में है। मैं 20 मार्च को लाहौर में हूं, लौटने पर आपसे मिलता हूं। आमंत्रण के लिए शुक्रिया। एक अन्य मैसेज में अगस्त, 2013 कुरैशी ने कहा, ओक ड्राइव में आप दोनों के डिनर में शामिल की उम्मीद करता हूं। जिस पर सुनंदा ने कहा, हां, हम आएंगे।
अमर का खुलासा
सुनंदा के करीबी दोस्त और पूर्व सपा नेता अमर सिंह ने सुनंदा पुष्कर मर्डर केस में एक सनसनीखेज खुलासा किया है। एक टीवी चैनल से बातचीत में अमर सिंह ने दावा किया है कि होटल में मृत पाए जाने से ठीक दो दिन पहले उनकी सुनंदा से बात हुई थी। बकौल अमर सिंह सुनंदा आईपीएल में शशि थरूर के कारनामों को लेकर दुखी थीं। सुनंदा ने रोते हुए खुद को निर्दोष बताते हुए कहा था कि आईपीएल में शशि थरूर के गलत कामों का दोष उन्होंने अपने सिर लिया है। अमर सिंह का यह बयान शशि थरूर की मुश्किलें बढ़ा सकता है। एसआईटी इस मामले में जल्द ही थरूर से पूछताछ की तैयारी कर रही है।

No comments:

Post a Comment