Monday, 6 January 2014

Son in law murders his mother in law only for 10000

जागरण संवाददाता, बरेली । महज दस हजार रुपये के लिए दामाद दरिंदा बन बैठा। मांग पूरी न होने पर घर में घुसकर अपनी सास, ससुर और साले पर जानलेवा हमला कर दिया। धारदार हथियार से किए गए हमले में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, हमले के दौरान तीनों घायलों ने भी हिम्मत नहीं हारी और आरोपी दामाद को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची बिथरी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

बिथरी निवासी जाफर खां जंक्शन पर टेक्नीशियन हैं। रविवार रात वह, उनकी पत्नी मलिना बेगम तथा बेटा साजिद अली खान सो रहे थे। इसी बीच अचानक धारदार हथियारों से लैस तीन नकाबपोश युवक छत के रास्ते घर में घुस आए। सभी पर हमला कर दिया, जिससे तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद हमलावर भागने लगे। घायल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और एक नकाबपोश को पकड़ लिया। जबकि अन्य हमलावर भागने में सफल रहे। जब जाफर ने हमलावर का नकाब उतारा तो वह सन्न रह गए। हमला करने वाला शख्स उनका दामाद गजरौला निवासी लियाकत था। इसके बाद मौके पर आई पुलिस ने लियाकत को हिरासत में ले लिया। लियाकत ने बड़ी ही बेरहमी से हमला किया था। उसने सास का कान काट डाला, वहीं धारदार हथियार से हमला करके साले का मुंह तोड़ डाला। जबकि उसने ससुर की अंगुलियों पर हमला किया। 

15 दिन पहले मांगे 10 हजार:
घायलों ने बताया कि 15 दिन पहले ही दामाद लियाकत ने 10 हजार रुपये मांगे थे। दुकान में निर्माण कार्य चलने के कारण वह लियाकत की मांग पूरी नहीं कर सके, जिसके कारण ही वह गुस्से में था। 

अक्सर करते हैं मांग पूरी :
जाफर ने बताया कि उन्होंने करीब 15 साल पहले अपनी बेटी की शादी लियाकत से की थी। शादी के बाद से ही लियाकत रुपयों की मांग करता था। कभी वह पांच हजार रुपये मांगता था, तो कभी दस हजार। हमेशा वे लोग उसकी मांग पूरी कर देते थे लेकिन इस बार समस्या होने के कारण मजबूर रहे। जाफर की मानें तो दामाद उसकी बेटी के साथ भी मारपीट करता है।

No comments:

Post a Comment