Friday, 16 January 2015

बेदी ने विश्‍वास के हमले पर कहा, वह अपनी कविता करें

किरण बेदी के भाजपा में शामिल होने पर समाजसेवी अन्ना हजारे ने कहा कि बेदी ने फैसला लेने से पहले उनसे बात नहीं की। उन्होंने कहा कि लोकपाल आंदोलन के बाद से बेदी से संपर्क नहीं है। वहीं आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने बेदी को इशारों-इशारों में 'जयचंद' ठहरा दिया। इस पर बेदी ने पलटवार करते हुए कहा कि कुमार विश्वास अपनी कविता करें।

कुमार विश्वास ने बेदी पर कविता के माध्यम से हमला किया। उन्होंने ट्वीट किया, 'युद्धों में कभी नहीं हारे हम डरते हैं छल-छंदों से, हर बार पराजय पाई है अपने घर के जयचंदों से।' मालूम हो कि राजा पृथ्वीराज चौहान के साथ धोखा करने वाले राजा जयचंद के नाम का इस्तेमाल गद्दारों के लिए जुमले के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। विश्वास ने यह भी लिखा, 'अन्ना की आंदोलनधर्मिता को लुंज लोकपाल दिखा कर ध्वस्त करा देने वाले जनरल (रिटायर्ड) वीके सिंह के बाद अब किरण बेदी जी का स्वागत।'

उधर, खबर है कि आप की पूर्व नेता शाजिया इल्मी आज शाम तीन बजे आधिकारिक रूप से भाजपा में शामिल होंगी। उन्होंने पार्टी में शीर्ष नेतृत्व से मतभेद के बाद पिछले साल इस्तीफा दे दिया था। शाजिया द्वारा मोदी के स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेने के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि वे भाजपा में शामिल हो सकती हैं।

Read: News in Hindi and Newspaper

No comments:

Post a Comment