Showing posts with label assembly poll. Show all posts
Showing posts with label assembly poll. Show all posts

Friday, 6 February 2015

भाजपा-आप में कांटे की टक्‍कर, किसी भी तरफ जा सकता है पलड़ा

दिल्ली में सत्ता की लड़ाई बेहद दिलचस्प मोड़ पर आ खड़ी हुई है। भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच मुख्य लड़ाई है लेकिन कांग्रेस भी इसे त्रिकोणीय बनाने को लेकर एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। मतदान से एक दिन पहले क्या है दिल्ली चुनाव का समीकरण, जानते हैं दैनिक जागरण के राष्ट्रीय ब्यूरो प्रमुख राजकिशोर से...
भारतीय जनता पार्टी की असली चुनौती अपने समर्थकों को घर से बाहर निकालने की है। क्योंकि पहले भी देखा गया है कि जब कभी पार्टी अति आत्मविश्वास का शिकार हुई तो हारी है और सर्तक रही है तो खोई जमीन पाई है। पिछले आठ-दस दिनों में देखा गया है कि भाजपा ने दिल्ली चुनाव में अपने सारे घोड़े खोल दिए। कई केंद्रीय मंत्री, सांसद, संगठन के वरिष्ठ नेता और स्वयं प्रधानमंत्री ने भी सभाएं कीं। अंतिम समय में संघ को भी मैदान में कूदना पड़ा।
जैसा कि पहले भी हम देखते आए हैं आप के समर्थक मुखर होते हैं और खुलकर मतदान के लिए आते हैं लेकिन भाजपा के साथ ऐसी बात नहीं है। लोकसभा चुनाव की तरह पार्टी कार्यकर्ता उतने ऊर्जावान नहीं दिखाई पड़ रहे हैं। जबकि आप के कार्यकर्ता पिछले छह-सात महीने से क्षेत्र में पसीना बहा रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं के शिथिल पड़ने की बड़ी वजह किरण बेदी की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवारी मानी जा रही है।
Read: News in Hindi and Newspaper

Tuesday, 3 February 2015

आप के 'काला चंदा' को लेकर 'आवाम' ने पेश किए सबूत

फर्जी कंपनी से चंदे के रूप में काला धन लेने के मामले में एनजीओ 'आवाम' ने आम आदमी पार्टी पर एक बार फिर हमला बोला है। केजरीवाल के चेक से चंदा लेने दावे पर पलटवार करते हुए एनजीओ ने कहा है कि पार्टी ने कैश देकर कंपनी से चेक लिए। इससे साफ जाहिर होता है कि काले धन को सफेद किया गया।

अन्ना आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले आप के पुराने सदस्यों के एक मंच एनजीओ आवाम के कार्यकर्ता गोपाल गोयल ने मंगलवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में आम आदमी पार्टी पर चंदे के रूप में काला धन लेने के सबूत पेश किए। एनजीओ ने कहा कि आप ने कैश देकर कंपनी से चेक लिए गए। इसके बदले कंपनी से कमीशन के पैसे लिए गए। उन्होंने सबूत के तौर पर वह चेक भी मीडिया के सामने पेश किए।

एनजीओ ने कहा कि चेक से आया हर पैसा सही नहीं होता। इस खेल के पीछे यह स्पष्ट होता है कि कैश और चेक के आदान-प्रदान के पीछे काले धन को सफेद किया गया।

गौरतलब है कि आवाम ने सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में दावा किया था कि आप ने चार फर्जी कंपनियों-गोल्डमाइन बिल्डकॉन प्रा. लि., इनफोलेंस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन प्रा. लि., सन विजन एजेंसी और स्काई लाइन मैटल एंड एलॉय लिमिटेड से दो करोड़ रुपये चंदा लिया है। इस पर केजरीवाल ने कहा था कि पार्टी चेक से चंदा लेती है और यह पता नहीं करती चेक देने वाले ने पैसा किस तरह कमाया है।



Tuesday, 20 January 2015

बहस की चुनौती माकन को स्‍वीकार, बेदी को काम में यकीन

आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा सार्वजनिक बहस की चुनौती को जहां कांग्रेस नेता अजय माकन ने स्वीकार कर लिया है, वहीं किरण बेदी ने कहा है कि केजरीवाल जीतकर आएं तो हम विधानसभा में बहस को तैयार हैं। केजरीवाल ने 2013 के विधानसभा चुनाव में भी दिल्ली की तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को भी बहस की चुनौती दी थी, हालांकि उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।

केजरीवाल के न्योते का जवाब देते हुए बेदी ने कहा कि मुझे उनकी चुनौती मंजूर है। वह जीत कर आएंगे तो हम विधानसभा बहस करेंगे। उन्होंने कहा कि अरविंद सिर्फ सड़क पर बहस में विश्वास करते हैं, मैं डिलिवरी में विश्वास करती हूं। ट्विटर पर ब्लॉक करने के सवाल पर बेदी ने कहा कि वह बहुत परेशान दिख रहे हैं, मैंने उन्हें सवा साल पहले ही ब्लॉक किया था जब उन्होंने कहा था कि मैं अराजकतावादी हूं। मैंने कई अन्य लोगों
को भी ब्लॉक किया है, जो नकारात्मकता फैलाते हैं।

मंगलवार को सुबह केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा, किरण जी, मैं आपको ट्विटर पर फॉलो करता था, लेकिन अब आपने मुझे ब्लॉक कर दिया है। कृपा करके मुझे अनब्लॉक कर दें। उन्होंने ट्वीट में आगे कहा, मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार होने पर आपको बधाई। मैं आपको सार्वजनिक बहस के लिए न्योता देता हूं, जिसे कोई तटस्थ व्यक्ति होस्ट करे और सभी जगह इसका प्रसारण हो।

इससे पहले केजरीवाल ने सोमवार को भी किरण बेदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बेदी अगर भाजपा की फंडिंग को पारदर्शी बना पाईं तो वह उनके साथ होंगे। वहीं, बेदी द्वारा दिल्ली के विकास को लेकर बताए गए फार्मूले पर केजरीवाल ने कहा कि फार्मूला नहीं, जनता सस्ती बिजली व पानी चाहती है। फार्मूलों से दिल्ली का भला नहीं होगा।केजरीवाल ने यह बातें एक निजी चैनल को दिए साक्षात्कार के दौरान कहीं।

उन्होंने कहा कि किरण बेदी 'आप' के लिए नहीं, भाजपा के लिए चुनौती हैं। बेदी अगर भाजपा की फंडिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की कोशिश करें, पार्टी को आरटीआइ के दायरे में लाएं, निहालचंद जैसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाएं तो वह उनके साथ होंगे। जनता बेदी को तभी एक्शन मोड में देखेगी जब वह भाजपा के अंदर सफाई अभियान चला सकें। अभी तो वैसा ही है, जैसे पहले कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का चेहरा आगे करके देश को लूटा। भाजपा किरण बेदी के सहारे वही काम करेगी।

Friday, 16 January 2015

बेदी ने विश्‍वास के हमले पर कहा, वह अपनी कविता करें

किरण बेदी के भाजपा में शामिल होने पर समाजसेवी अन्ना हजारे ने कहा कि बेदी ने फैसला लेने से पहले उनसे बात नहीं की। उन्होंने कहा कि लोकपाल आंदोलन के बाद से बेदी से संपर्क नहीं है। वहीं आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने बेदी को इशारों-इशारों में 'जयचंद' ठहरा दिया। इस पर बेदी ने पलटवार करते हुए कहा कि कुमार विश्वास अपनी कविता करें।

कुमार विश्वास ने बेदी पर कविता के माध्यम से हमला किया। उन्होंने ट्वीट किया, 'युद्धों में कभी नहीं हारे हम डरते हैं छल-छंदों से, हर बार पराजय पाई है अपने घर के जयचंदों से।' मालूम हो कि राजा पृथ्वीराज चौहान के साथ धोखा करने वाले राजा जयचंद के नाम का इस्तेमाल गद्दारों के लिए जुमले के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। विश्वास ने यह भी लिखा, 'अन्ना की आंदोलनधर्मिता को लुंज लोकपाल दिखा कर ध्वस्त करा देने वाले जनरल (रिटायर्ड) वीके सिंह के बाद अब किरण बेदी जी का स्वागत।'

उधर, खबर है कि आप की पूर्व नेता शाजिया इल्मी आज शाम तीन बजे आधिकारिक रूप से भाजपा में शामिल होंगी। उन्होंने पार्टी में शीर्ष नेतृत्व से मतभेद के बाद पिछले साल इस्तीफा दे दिया था। शाजिया द्वारा मोदी के स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेने के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि वे भाजपा में शामिल हो सकती हैं।

Read: News in Hindi and Newspaper

Thursday, 15 January 2015

किरण बेदी व जया प्रदा भाजपा में होंगी शामिल!

देश की पहली महिला आइपीएस अधिकारी व गांधीवादी नेता अन्ना हजारे की सहयोगी किरण बेदी गुरुवार को भाजपा में शामिल हो सकती हैं। बेदी के भाजपा में शामिल होने की काफी दिनों से चर्चा चल रही है। सूत्रों ने बताया कि आज अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई जा सकती है। शाह शाम चार बजे प्रेस कांफ्रेंस करने वाले हैं।

इसके साथ ही तारिका से नेता बनी रामपुर से सपा की पूर्व सांसद जया प्रदा भी भाजपा में शामिल हो सकती हैं। मीडिया में आ रही खबर के मुताबिक भाजपा दोनों में से किसी को दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नई दिल्ली सीट से मैदान में उतार सकती है। जया प्रदा ने 2014 का लोकसभा चुनाव राष्ट्रीय लोकदल के टिकट पर लड़ा था लेकिन वह चुनाव हार गईं। लेकिन बेदी अब तक राजनीति से दूर रही हैं। पहले वह केजरीवाल के साथ मिलकर अन्ना हजारे के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन में हिस्सा ले चुकी हैं। लेकिन राजनीतिक दल बनाए जाने के मुद्दे पर वह केजरीवाल से अलग हो गईं।

इससे पहले, यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि आप की पूर्व नेता शाजिया इल्मी भाजपा में शामिल होंगी और अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट पर चुनौती देंगी। लेकिन शाजिया ने ट्वीट कर बताया कि वह मीडिया में आ रही खबरों का खंडन करती हैं। मैं नई दिल्ली या कहीं और से चुनाव नहीं लड़ रही हूं।

सूत्रों के मुताबिक पत्रकार से नेता बनीं शाजिया ओखला जैसी सीट से चुनावी मैदान में उतरना चाहती हैं। ओखला में अल्पसंख्यकों की अच्छी खासी तादाद है। शाजिया ने पिछला चुनाव आप के टिकट पर आरके पुरम से लड़ा था और भाजपा प्रत्याशी से मात्र 400 वोटों से हार गईं थीं।