Showing posts with label Business News India. Show all posts
Showing posts with label Business News India. Show all posts

Wednesday, 17 September 2014

Durga devotees will visit the cave

पटना में सर्वाधिक 37 जगहों पर दुर्गापूजा का आयोजन कदमकुआं थाना क्षेत्र में किया जाएगा। पीरबहोर में 23 और गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में 22 पूजा समितियों को लाइसेंस है। सदर अनुमंडल क्षेत्र में 244 लाइसेंसी पूजा समिति हैं, जिसका नवीकरण क्षेत्रीय डीएसपी करेंगे। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सिर्फ नया लाइसेंस जारी किया जाएगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि पूजा समितियों के इतिहास को ध्यान में रखते हुए थानाध्यक्ष नवीकरण की अनुशंसा संबंधित डीएसपी को भेजेंगे। नया लाइसेंस जारी करने के लिए थानाध्यक्ष की अनुशंसा के आधार पर एसडीओ द्वारा जारी किया जाएगा। शहर में हरेक पूजा पंडाल के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है। पटना सदर अनुमंडल के 23 थाना क्षेत्रों में सचिवालय इलाके में सिर्फ एक समिति को लाइसेंस प्राप्त है। हवाई अड्डा क्षेत्र में 4, गौरीचक, बेउर और जानीपुर में 5-5, पाटलिपुत्र और गांधी मैदान में 6-6, फुलवारीशरीफ में 10, कंकड़बाग में 18, कोतवाली में 13, पत्रकार नगर में 10, परसाबाजार में 9, दीघा में 8, जक्कनपुर में 7, शास्त्री नगर में 13 आरके नगर में 10 और एसके पुरी थाना क्षेत्र में 11 पूजा समितियों को लाइसेंस प्राप्त है। छठ में भीड़ की निगरानी को वाच टावर बनेगा।

बोरिंग कैनाल रोड पर मेवाड़ का किला-

बोरिंग कैनाल रोड स्थित पंचमुखी महावीर मंदिर के समीप इस वर्ष पंडाल मेवाड़ के किला जैसा तैयार किया जा रहा है। पंडाल का रंग भी किले के मूल रंग जैसा होगा ताकि श्रद्धालुओं को राजस्थानी कला का अहसास हो। इसके अलावा पटना के खाजपुरा में व्हाइट हाउस जैसा पंडाल बन रहा है। श्रीकृष्णापुरी में पटना गुरुद्वारा का निर्माण किया जा रहा है। 28 लाख रोशनी के वास्ते और सफाई के लिए 22 लाख16 किसी अन्य योजना में नहीं खर्च की जा सकेगी राशि।

कला महाविद्यालय के छात्र कर रहे गुफा व प्रतिमा का निर्माण।

पटना के अधिकांश दुर्गा पूजा समितियों ने देश की प्रमुख मंदिरों एवं ऐतिहासिक स्थलों के रूप में पंडाल बनाने का निर्णय लिया है। श्रद्धालु पूजा के दौरान देवी दर्शन के साथ-साथ देश के प्रमुख मंदिरों के दर्शन करेंगे। कहीं पर गुजरात का सोमनाथ मंदिर तो कहीं पर कर्नाटक का प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर केटल टेम्पुल का श्रद्धालु दर्शन करेंगे। शहर में थाई मंदिर, मेवाड़ का किला एवं व्हाइट हाउस भी बनाए जा रहे हैं।

गोलघर चौराहे पर दिखेगा सोमनाथ मंदिर- गोलघर चौराहा पर श्रद्धालु मां दुर्गा का दर्शन गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर के रूप में बने पंडाल में करेंगे। यह 12 ज्योतिर्लिग में शामिल है।

खाजपुरा में कर्नाटक का केटल टेम्पुल- बेली रोड, खाजपुरा में कर्नाटक का प्रसिद्ध केटल टेम्पल श्रद्धालुओं को नजर आएगा। यह कर्नाटक के प्रसिद्ध देवी मंदिरों में से एक है।

बोरिंग कैनाल रोड में मां दुर्गा एक गुफा में विराजमान होंगी। गुफा का निर्माण कला एवं शिल्प महाविद्यालय के छात्र कर रहे हैं। गुफा की लम्बाई लगभग 200 मीटर, जबकि ऊंचाई 10 फीट होगी। गुफा में प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग रास्ते होंगे। गुफा बांस, कपड़े एवं कागज आदि से तैयार किए जा रहे हैं।

1947 से हो रही है पूजा 1947 से यहां दशहरा में पंडाल बनाकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जा रही है। शुरुआत में छोटे पैमाने पर पूजा होती थी, लेकिन बाद में पूजा का विस्तार होता गया। इस पूजा पंडाल को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है।

उधर छठ व्रत के दौरान भीड़ की निगरानी के लिए वाच टावर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। गंगा घाटों के किनारे सुरक्षा के लिए गोताखोर, बांस से बैरिकेडिंग, मोटर बोट से पेट्रोलिंग और पर्याप्त रोशनी के साथ सुरक्षा के सभी इंतजाम किए जाएंगे। यह निर्देश जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने मंगलवार को गंगा घाटों के निरीक्षण रिपोर्ट की समीक्षा बैठक में दिया। गंगा घाटों की जांच रिपोर्ट 18 टीमों ने सौंप दिया है। जांच टीम की रिपोर्ट पर मंगलवार को जिलाधिकारी ने नगर निगम और जिला प्रशासन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सभी जरूरी इंतजाम समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया है। घाटों की वर्तमान स्थिति और व्रतियों के अनुकूल निर्माण के लिए गंगा नदी का पानी नीचे सरकने से पहले प्रत्येक घाटों के लिए एजेंसी का चयन कर जरूरी सुरक्षा इंतजाम का जिम्मा सौंपने को कहा है। बैठक में नगर आयुक्त कुलदीप नारायण, अपर नगर आयुक्त कपिल अशोक, उप-विकास आयुक्त डॉ. राजीव कुमार, सहायक समाहर्ता रंजीता के अलावा अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।

पूजा पर्व के दौरान शहर को चकाचक और रोशन करने के लिए नगर निगम ने एड़ी चोटी एक करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को नगर आयुक्त ने अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए पूजा की सफाई और रोशनी मद का राशि सभी अंचलों को आवंटित कर दी।

नगर आयुक्त कुलदीप नारायण ने बताया कि आगामी दशहरा, बकरीद, दीपावली और छठ के देखते हुए शहर में विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। इससे पूर्व हुई बैठक में अंचलों ने अपने अपने वार्डो में सफाई और रोशनी के लिए अतिरिक्त राशि की मांग की थी। कार्यपालक पदाधिकारियों की मांग को देखते हुए आज अंचलों को रोशनी और सफाई के लिए चतुर्थ राज्य वित्त आयोग से मिले अनुदान में से राशि मुहैया करा दी गई है। उन्होंने बताया आज आवंटित राशि जिस मद की है उसे उसी मद में खर्च किया जाएगा। 


Malik, Hindu lawmaker expelled from PIA flight over delay

पाकिस्तान में विमान यात्रियों ने पूर्व गृहमंत्री रहमान मलिक और एक अन्य सांसद को इसलिए विमान से नीचे उतार दिया क्योंकि उनकी लेटलतीफी की वजह से विमान की उड़ान में देरी हो रही थी।

इन सांसदों के इंतजार में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस [पीआईए] की इस्लामाबाद से कराची जा रही फ्लाइट पीके-370 को करीब डेढ़ घंटे रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई। जब ये दोनों नेता विमान में घुसे तो उन्हें यात्रियों के भारी गुस्से का सामना करना पड़ा और दोनों नेताओं को यात्रियों ने शोर मचाकर लौटा दिया।

वीडियो इंटरनेट पर वायरल

यह घटना सोमवार की है। मंगलवार को यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया है। इस फ्लाइट में पीपीपी के नेता तथा पूर्व गृहमंत्री रहमान मलिक और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के नेता डॉ. रमेश कुमार वाकवानी भी जाने वाले थे। दोनों नेताओं के पहुंचने तक एयरलाइन ने कथित रूप से विमान को डेढ़ घंटे रोके रखा। बाद में जब दोनों नेता पहुंचे तो उड़ान की घोषणा हुई। इस पर यात्रियों ने जमकर हंगामा मचाया।

आपकी गलती है सर

जब मलिक प्लेन में घुसने लगे तो यात्रियों ने उनकी हूटिंग की। यात्रियों ने कहा-आप लौट जाइए। आपको यात्रियों से माफी मांगनी चाहिए। आपको अपने आप पर शर्म आनी चाहिए, क्योंकि सिर्फ आपकी वजह से 250 यात्रियों को परेशान होना पड़ा। यह सरासर आपकी गलती है सर।

आखिर उतरना पड़ा विमान से

एक यात्री ने अपने स्मार्ट फोन पर इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिग कर ली और वीडियो शेयरिंग साइट 'डेलीमोशन'पर अपलोड कर दिया। इसमें दिख रहा है कि यात्री दोनों सांसदों का अपमान कर रहे हैं और मजाक उड़ा रहे हैं। क्रू मेंबर भी यात्रियों के साथ मिलकर हंगामा करते नजर आ रहे हैं। इस हंगामे के कारण रहमान मलिक तो विमान से दूर चले गए लेकिन दूसरे नेता वाकवानी प्लेन में चढ़ गए और अपनी सीट पर बैठ गए। लेकिन यात्रियों ने हंगामा मचाना जारी रखा और वाकवानी की लगातार हूटिंग करते रहे। बहुत देर तक हूटिंग के बाद वाकवानी भी विमान से उतर गए। इसके बाद ही विमान ने उड़ान भरी।

तकनीकी खराबी का बहाना

हालांकि एयरलाइंस के प्रवक्ता मशहूद ताजवार ने कहा कि इस विलंब का कारण विमान में तकनीकी खराबी है। ताजवार ने कहा कि हम वीआइपी संस्कृति को बढ़ावा नहीं देते। रहमान मलिक की वजह से उड़ान में देरी नहीं हुई। उधर मलिक ने बाद में सफाई दी कि विमान की उड़ान में उनकी वजह से देरी नहीं हुई बल्कि तकनीकी खराबी के कारण ऐसा हुआ।

31 militants, 3 soldiers killed in northwest Pakistan

पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर कबायली क्षेत्र में सेना के अभियान में 31आतंकी मारे गए हैं। इस अभियान में पाक सेना के तीन जवान भी मारे गए। इस क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना ने तालिबान के खिलाफ वृहद अभियान छेड़ रखा है। सूत्रों के अनुसार मंगलवार सुबह खैबर पख्तूनख्वा क्षेत्र में पाकिस्तानी जेट द्वारा किए हमलों में 22 आतंकी और उनके दो हथियार भंडारण गृहों को नष्ट कर दिया गया। सेना की यह कार्रवाई तोर डारा, तिराह, जटोई और राजगल क्षेत्र में की गई। एक अन्य घटनाक्रम में उत्तरी वजीरिस्तान के डांडी कुच में स्थित पाकिस्तानी पोस्ट अफगानिस्तान की तरफ से आतंकियों के एक समूह ने हमला बोल दिया। इस घटना में 11 आतंकी मारे गए जबकि तीन पाकिस्तानी सैनिक भी मारे गए। तीन आतंकियों के शव सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में ले लिए हैं।

सेना की ओर से जून माह में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन 'ज‌र्ज्ब-ए-अज्ब' प्रारंभ किया गया है। इसके साथ ही सेना ने दावा किया है तीन माह में उसने 80 प्रतिशत आतंकियों का सफाया कर दिया है। इसके साथ ही यह ऑपरेशन आगे भी जारी है।

Obama meets Indian-American Spelling bee champs

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा दुनिया के सबसे ताकतवर लोगों में एक हो सकते हैं, लेकिन वह स्पेलिंग चैंपियन नहीं हैं। वह उन दो शब्दों की सही स्पेलिंग नहीं बता पाए, जिसकी चुनौती प्रतिष्ठित स्पेलिंग बी प्रतियोगिता के संयुक्त विजेता बने भारतीय अमेरिकी बच्चों ने उन्हें दी थी। उन्होंने इस साल के विजेताओं भारतीय मूल के श्रीराम जे हथवार और अंसुन सुजोए को ह्वाइट हाउस में आमंत्रित किया था।

ओबामा से मुलाकात के बाद न्यूयॉर्क के हथवार ने कहा, 'वह [राष्ट्रपति] बेहद विनम्र हैं। मेरे विचार से वह इस पद के लिए बिल्कुल काबिल हैं।' सुजोए और हथवार ने सोमवार को ओबामा से उनके ओवल दफ्तर में मुलाकात की। दोनों अपने माता-पिता के साथ राष्ट्रपति से मिलने गए थे। इस साल स्पेलिंग बी के संयुक्त विजेता हथवार [14] और अंसुन [13] को घोषित किए जाने के बाद ओबामा ने ट्वीट किया था, 'नेशनल स्पेलिंग बी के विजेताओं अंसुन और श्रीराम को बधाई। आपने हमें गौरवान्वित किया है।' ह्वाइट हाउस के बाहर अंसुन ने बताया, 'राष्ट्रपति ने हमारा स्वागत किया। वह बहुत अच्छे हैं। उन्होंने हमें कुछ सलाह दी।' अंसुन ने बताया कि हमारी तरह ओबामा भी दो शब्दों का सही जवाब नहीं दे पाए।

भेंट की किताब

ओबामा ने दोनों भारतीय अमेरिकी बच्चों को अपनी किताब 'ड्रीम, बिग ड्रीम्स' भेंट की।

सात सालों से दबदबा

प्रतियोगिता पर पिछले सात सालों से भारतीय अमेरिकी ही कब्जा जमाते आ रहे हैं। इस प्रतियोगिता के 89 वर्षो के इतिहास में यह चौथा मौका है जब संयुक्त विजेता घोषित हुए। इसके पहले 1962, 1957 और 1950 में यह रिकार्ड बन चुका है। प्रतियोगिता में छात्रों की दिमागी ताकत, धैर्य और शब्दावली के ज्ञान की परख की जाती है।

18 लाख रुपये इनाम

न्यूयॉर्क निवासी श्रीराम [14] अल्टरनेटिव स्कूल फॉर मैथ एंड साइंस में कक्षा आठ में पढ़ता है जबकि टेक्सास का अंसुन [13] कक्षा सातवीं का छात्र है। श्रीराम और अंसुन को 30 हजार डॉलर [करीब 18 लाख रुपये] की नकद धनराशि, ट्राफी और दूसरे उपहार पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए। 

Modi's speech to be beamed live at New York's Times Square

अमेरिका यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण का सीधा प्रसारण प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर पर किया जाएगा। मोदी 28 सितंबर को मैनहट्टन के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में करीब 20 हजार भारतीय-अमेरिकियों को संबोधित करेंगे।

इस बड़े आयोजन की आयोजक इंडियन-अमेरिकन कम्युनिटी फाउंडेशन (आइएसीएफ) इस संबंध में टाइम्स स्क्वायर एलायंस के साथ एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर कर रही है। न्यूयॉर्क शहर का केंद्र माने जाने वाले टाइम्स स्क्वायर में बड़े पर्दो पर होने वाले सीधे प्रसारण के दौरान नीचे अंग्रेजी में सबटाइटल भी चलता रहेगा। आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि सीधे भाषण सुनने के लिए लोग या तो टोल फ्री नंबर डायल कर सकते हैं या फिर अपने स्मार्ट फोन पर एक एप इस्तेमाल कर सकते हैं। इस बीच इस भव्य कार्यक्रम के आयोजन के लिए आइएसीएफ ने करीब 15 लाख डॉलर का चंदा जुटाया है। अमेरिका के कोने-कोने से लोग अब भी चंदा दे रहे हैं। इस मौके पर संस्थान ने एक स्मारिका निकालने की योजना भी बनाई है।

सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर होगी बात

वाशिंगटन : अमेरिका ने कहा कि भारत के साथ उसके व्यापक संबंध हैं। मोदी की यात्रा के दौरान सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और ऊर्जा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। विदेश मंत्रालय की उप प्रवक्ता मैरी हर्फ ने कहा कि हम मोदी का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। यहां उनके साथ कई दौर की बैठक होगी। ओबामा प्रशासन लाल कालीन पर मोदी का स्वागत करने की तैयारी में जुटा है। मोदी 29 सितंबर को न्यूयॉर्क से वाशिंगटन पहुंचेंगे।

मोदी राज में बढ़े द्विपक्षीय संबंधों के मौके

वाशिंगटन : अमेरिकी विशेषज्ञों का कहना है कि मोदी की सरकार में भारत-अमेरिका संबंधों को गति देने के मौके बढ़े हैं। वरिष्ठ शोधकर्ता लिसा कर्टिस ने लिखा कि बहुत से लोग कह रहे हैं कि भारत के साथ संबंधों पर ध्यान देने के क्रम में अमेरिका अन्य विदेशी चुनौतियों से भटक रहा है। जबकि सत्य यह है कि इन वैश्रि्वक चुनौतियों से निपटने के लिए दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध जरूरी हैं।

Obama identifies 22 drug-producing or transit countries

अमेरिका ने नशीली दवाओं के उत्पादक देशों की सूची में भारत का नाम भी शामिल किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भारत और पाकिस्तान समेत 22 ऐसे देशों को चिन्हित किया है जो ड्रग्स के प्रमुख उत्पादक देश हैं या इनकी तस्करी का केंद्र हैं।

ये ऐसे देश हैं जहां या तो बड़े पैमाने पर गैरकानूनी तरीके से नशीली दवाओं का उत्पादन होता है अथवा वहां से इन्हें अन्य देशों में ले जाया जाता है।

सूची में नाम होने का अर्थ

सूची में किसी देश का नाम होना दर्शाता है कि वहां पर कई ऐसे आर्थिक, वाणिज्यिक और भौगोलिक कारण हैं जिसकी वजह से वहां पर इन मादक पदार्थो के उत्पादन अथवा उनकी तस्करी को बढ़ावा मिलता है। इसका यह अर्थ नहीं है कि ये देश अमेरिका के साथ मादक पदार्थो के प्रभाव को रोकने के उपायों पर साथ नहीं दे रहे।

नशीली दवाओं के उत्पादक देश

भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बहामास, बेलीज, बोलीविया, बर्मा, कोलंबिया, कोस्टा रिका, डोमिनिकन रिपब्लिक, इक्वाडोर, अल सल्वाडोर, ग्वाटेमाला, हैती, होंडुरास, जमैका, लाओस, मेक्सिको, निकारागुआ, पनामा, पेरू, वेनेजुएला।

असफल देश

इन 22 देशों में तीन देशों बोलीविया, बर्मा और वेनेजुएला को पिछले 12 महीनों के दौरान नशीली दवाओं पर रोक लगाने के संबंध में अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के लिए कारगर प्रयास करने में असफल पाया गया।

प्रतिबंध का खतरा

जब सूची में नाम वाला कोई देश मादक पदार्थो पर नियंत्रण करने के अंतरराष्ट्रीय संधिपत्रों और समझौतों के अनुरूप कार्रवाई करने में विफल रहता है तब उसे राष्ट्रपति 'प्रमाणिक रूप से असफल' करार देते हैं। किसी देश को ऐसी श्रेणी में रखने से उसे प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।

UP militants escaped the attention of security agencies

बिजनौर के जाटान विस्फोट में मध्यप्रदेश के खंडवा जेल से भागे आतंकियों का नाम आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों की निगाहें यूपी के फरार आतंकियों पर टिक गयी हैं। विस्फोट के संदिग्धों के कमरे की तलाशी में मिली आइडी की जांच में अधिकांश फर्जी पाई गई है। आइबी ने इन त्योहारों पर गड़बड़ी का अंदेशा जताया है। सूबे में सुरक्षा की व्यापक तैयारी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को बिजनौर के मोहल्ला जाटान स्थित मकान में विस्फोट होने के बाद फरार छह आतंकियों की तलाश में तीसरे दिन भी पुलिस ने सर्च अभियान चलाया लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं आतंकियों के कमरे से उज्जैन, मुम्बई व खंडवा के फोटो मतदाता पहचान पत्र, मुरादाबाद के एक चिकित्सक के यहां का कार्ड, मुजफ्फरनगर के एक युवक का डीएल, राउरकेला के रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म टिकट आदि मिले थे। पुलिस जांच में अधिकांश फर्जी निकल रहे है। इसमें मुजफ्फरनगर के युवक को जब पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया, तो उसने बताया कि उसका ड्राइविंग लाइसेंस गुम हो गया था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। बिजनौर एसपी सत्येन्द्र सिंह का कहना है कि कमरे से मिली आतंकियों की आइडी की जांच कराना जरूरी है। आतंकियों की इस मंशा को भी ध्यान रखा गया है। आतंकियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हैं।

तकनीक से लैस आतंकी

एटीएस की टीम के बाद बिजनौर पुलिस ने पीएल शर्मा रोड स्थिति गैलेक्सी शोरूम के स्वामी से पूछताछ के बाद डेढ़ घंटे की वीडियो फुटेज ली। टीम ने लैपटॉप में साफ्टवेयर अपलोड करने वाले इंजीनियर से भी वार्ता की है। माना जा रहा है कि दोनों आतंकी कंप्यूटर के मास्टर थे। इंटरनेट हाईस्पीड देने वाले साफ्टवेयर भी अपलोड कराए थे, जिस प्रकार से आतंकियों ने लैपटॉप खरीदा, उससे लगा कि उनके मंसूबे अच्छे नहीं थे। लैपटॉप में वह गूगल के द्वारा हर राज जानना चाहते थे। एटीएस की पड़ताल में आतंकियों का मेरठ से जुड़ाव सामने आया है। इलेक्ट्रोनिक्स बाजार में दिल कहे जाने वाले पीएल शर्मा रोड के गैलेक्सी शोरूम के अंदर डेढ़ घंटे रहने के बाद लैपटॉप की खरीद की थी, जब तक लैपटॉप में इंजीनियर ने साफ्टवेयर अपलोड किए तब तक दोनों आतंकी एजाजुद्दीन उर्फ एजाज और अमजद शोरूम के अंदर ही रहे। दोनों ने कई साफ्टवेयर अपलोड कराए। सबसे ज्यादा मांग हाईस्पीड इंटरनेट की कर रहे थे। दोनों को इंटरनेट चलाकर लैपटाप चेक भी कराया गया था। दरअसल, दोनों ही इंटरनेट के जरिए गूगल सर्च इंजन के तहत वेस्ट की पूरी जानकारी लेना चाहते थे।

आतंकियों का ठिकाना मेरठ

23 अगस्त को भरे बाजार दो आतंकी पीएल शर्मा रोड पर पहुंचते है, लैपटॉप की खरीदारी करने के बाद कहां जाते हैं, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। उसके बाद छह सितंबर को दोबारा से उसकी दुकान के अंदर आतंकियों की एंट्री होती है। वह भी पुलिस और खुफिया विभाग की नजरों के नीचे से बिजनौर चले जाते है। बिजनौर में डेरा डाले बैठे एटीएस के अफसर मान रहे है कि आतंकियों का ठिकाना बिजनौर के अलावा मेरठ में भी है, जिस प्रकार से उन्होंने मेरठ से लैपटॉप खरीदा है, उससे साफ है कि आतंकी मेरठ में भी रहे है। दरअसल, लैपटॉप से मेरठ में इंटरनेट चलने की पुष्टि भी हुई है। एटीएस की टीमें पूरा ब्यौरा खंगाल रही है। बिजनौर में कैंप किए एटीएस के बड़े अफसर ने बताया कि सिर्फ लैपटॉप खरीदने के लिए दोनों आतंकी मेरठ नहीं गए थे। बल्कि उनका वहां रहने का ठिकाना भी है। माना तो यहां तक जा रहा है कि मेरठ में बैठकर ही आतंकियों का पूरे वेस्ट को कवर करने का इरादा था। बेगमपुल से सीसीटीवी की फुटेज जो बिजनौर पुलिस की टीम ने हासिल की है, उससे माना जा रहा है कि आतंकियों ने आबूलेन से भी शॉपिंग की है। उन्होंने वहां से क्या खरीदा? इसकी पड़ताल बिजनौर पुलिस और एटीएस की टीम कर रही है।

नेपाल बार्डर पर छानबीन

बिजनौर के जाटान विस्फोट में मध्यप्रदेश के खंडवा जेल से भागे आतंकियों का नाम आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों की निगाहें यूपी के फरार आतंकियों पर टिक गयी हैं। दिल्ली के बाटला हाऊस कांड के बाद से ही फरार चल रहे दस-दस लाख के ईनामी अब एटीएस, आइबी और एनआइए के निशाने पर आ गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों को भनक लगी है कि हुलिया बदलकर ये लोग एक दूसरे को मदद पहुंचा सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियां खासतौर से एटीएस ने इन पर फोकस किया है। अंदेशा है कि बिजनौर के आरोपियों पर केंद्रित सुरक्षा एजेंसियों की व्यस्तता का लाभ उठाते हुए फरार आतंकी किसी दूसरे मोर्चे पर घटनाएं कर सकते हैं। इनके द्वारा आरोपियों को मदद भी दी जा सकती है। चूंकि खंडवा जेल से फरार आतंकियों में अबू फैजल की पृष्ठभूमि आजमगढ़ से ही जुड़ी है, इसलिए माना जा रहा है कि इन दोनों टीमों की आमदरफ्त से कोई नया खतरा उत्पन्न हो सकता है। फरार आतंकियों में आजमगढ़ के संजरपुर के शाहनवाज को सबसे ज्यादा अनुभवी माना जाता है। सीमावर्ती इलाकों में रिश्ते मजबूत करने और पनाह के लिए ठौर तैयार करने में शाहनवाज का नाम एटीएस की हिट लिस्ट में है। आजमगढ़ के ही आरिज खान, मिर्जा शादाब, मोहम्मद खालिद और मोहम्मद साजिद पर भी दस-दस लाख का ईनाम है। 35 से 45 वर्ष के इन आरोपियों ने नेपाल में भी अपना ठिकाना बना रखा है। अबू फैजल का इन सबसे कनेक्शन है। एटीएस पीलीभीत से लेकर महराजगंज तक एसएसबी, स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की मदद से आने जाने वालों पर निगाह लगाए है। एटीएस और एसटीएफ की टीमों को अंदेशा है कि बार्डर के रास्ते अगर खंडवा के आतंकियों ने नेपाल भागने की कोशिश की तो उनकी मदद में भी ये सक्रिय हो सकते हैं।

त्योहारों को लेकर सतर्कता

सुरक्षा एजेंसियों ने दशहरा और दीपावली को लेकर सतर्कता बरतनी शुरू कर दी हैं। आइबी ने इन त्यौहारों पर गड़बड़ी का अंदेशा जताया है। सूबे में सुरक्षा की व्यापक तैयारी की जा रही है। जिलों के पुलिस अधीक्षकों को इसके लिए अलर्ट किया गया है। उन्हें मोहल्लेवार अभियान चलाकर नये आने वाले किरायेदारों और अजनबी लोगों की विशेष पड़ताल के निर्देश दिए गए हैं। दो लाख रुपये के ईनामी वासिक उर्फ रमजान के बारे में भी अफसरों को अलर्ट किया गया है। उसे यूपी का माहौल खराब करने की जिम्मेदारी है। इंडियन मुजाहिदीन, सिमी और अन्य देश विरोधी संगठनों से जुड़े लोगों पर निगाह रखने के साथ ही सीमावर्ती इलाकों में विशेष सतर्कता की हिदायत दी गयी है।

Love jihad is the creation of those who rapes with girl students

विधानसभा उप चुनाव के नतीजों से उत्साहित नगर विकास मंत्री मो. आजम खां ने बिना नरेंद्र मोदी का नाम लिये उनपर व उनकी पार्टी पर जमकर हमला बोला। कहा कि जुल्म और नफरत फैलाने वालों को जनता ने जवाब दे दिया। आजम ने बाराबंकी में कहा कि जो मोहब्बत और लव का मतलब नहीं जानते वे लव जिहाद की बात करते हैं। इस शब्द का ईजाद उन लोगों ने किया जिन पर अपनी ही शिष्या के साथ दुष्कर्म का आरोप है। वह व्यक्ति मदरसों के बारे में राय दे रहा है, जिसे उसका मतलब भी नहीं मालूम। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद तीन महीने समाजवादियों के पैर लड़खड़ा जाने चाहिए थे। आज के फैसले ने यह तय कर दिया कि चंद लोगों के कहने से सेकुलरिज्म खत्म नहीं हो सकती।

उन्होंने पूछा कि एक व्यक्ति जो अपने आप को अंतरयामी बता रहा था। कह रहा था कि उसके हाथ में सत्ता आने से स्विस बैंक का पैसा भी वापस आ जाएगा। चीन ने जिस जमीन पर कब्जा कर रखा है वह जमीन भी छोड़ देगा। पाकिस्तान भी डरकर भाग जाएगा। अमेरिका हिलने लगेगा। उसका क्या हुआ? जनता ने सहारनपुर, इटावा, मैनपुरी में हुए दंगे का जवाब दे दिया। यह साबित हो गया कि देश रहेगा तो धर्म रहेगा। देश किसी व्यक्ति विशेष का नहीं बल्कि हिंदुस्तानियों का है।

Source: News in Hindi and Newspaper

Chinese President arrives today on three-day visit

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के भारत दौरे से बेहद आशान्वित हैं। उनका कहना है कि रिश्तों की मजबूती के लिए भारत-चीन को एक-दूसरे की चिंताओं को समझना होगा। बराबरी के आधार उनका समाधान खोजना होगा। द्विपक्षीय हितों का ख्याल रखना होगा। चिनफिंग का स्वागत करने अहमदाबाद पहुंचे पीएम ने उम्मीद जताई कि चीनी राष्ट्रपति के भारत दौरे से दोनों देशों की दोस्ती में नए युग की शुरुआत होगी।

चीन के राष्ट्रपति की आगवानी करने पीएम मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर स्वयं उन्हें लेने के लिए एयरपोर्ट पर जाएंगे। उसके बाद हयात होटल में चिनफिंग से बातचीत करेंगे। बाद में वह साबरमती रिवर फ्रंट में चीनी राष्ट्रपति के सम्मान में रात्रि भोज देंगे। चिनफिंग भारत के तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार को अहमदाबाद पहुंचेंगे।

गुजरात रवाना होने से पहले मोदी ने नई दिल्ली स्थित चीन के पत्रकारों से दोनों देशों के बीच संबंधों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए यह जरूरी है कि हम एक-दूसरे की चिंताओं व आकांक्षाओं को समझें। भाईचारा और बराबरी के सिद्धांत पर चलते हुए उनका समाधान खोजें।

मोदी की यह टिप्पणी इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि लद्दाख के देमचोक इलाके में चीन की ओर से घुसपैठ की खबर आई है। जिसमें कहा गया है कि सरकारी वाहनों पर सवार चीनी अधिकारी एक सिंचाई परियोजना में कार्यरत स्थानीय लोगों को काम करने से रोक रहे हैं। उम्मीद है कि सीमा विवाद का मुद्दा मोदी-चिनफिंग शिखर वार्ता में उठे।

पीएम का कहना था कि मैं दोनों देशों के बीच रिश्तों को नई ऊंचाई तक ले जाना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते किसी भी गणित के आकलन से परे हैं। मोदी ने उम्मीद जताई कि भारत-चीन आपसी सहयोग बढ़ाकर दोस्ती का नया इतिहास रचेंगे। मोदी के अनुसार भारत चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के दौरे को काफी महत्व देता है।

उनके अनुसार, भारत और चीन ऐतिहासिक और सांस्कृतिक तौर पर एक-दूसरे से जुड़े हैं। दोनों देशों के बीच दोस्ती से पूरी मानव जाति के लिए बेहतर भविष्य का निर्माण किया जा सकता है। दोनों देशों की विशाल आबादी का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि अगर भारत, चीन तरक्की करते हैं तो इससे दोनों देशों में रहने वाली दुनिया की लगभग 35 फीसद आबादी प्रभावित होगी।

पीएम के अनुसार, 'अगर भारत की विविधता को समझना है तो राष्ट्राध्यक्षों को दिल्ली के अलावा देश के दूसरे छोटे शहरों में भी आना चाहिए।' चिनफिंग संभवत: पहले ऐसे राष्ट्राध्यक्ष होंगे, जिन्होंने अपने दौरे की शुरुआत गुजरात से की है। अहमदाबाद के बाद 18 सितंबर को नई दिल्ली में भी मोदी और शी के बीच शिखर वार्ता होगी। चीन के राष्ट्रपति भारी भरकम प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आ रहे हैं। इसमें वहां के वाणिज्य मंत्री के अलावा चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की पोलितब्यूरो के दो प्रमुख सदस्य भी शामिल हैं। अपने दौरे में राष्ट्रपति शी भारत में बड़े पैमाने पर निवेश की घोषणा कर सकते हैं।

Molestation with female gymnasts

इंचियोन एशियाई खेलों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने जा रहे जिम्नास्ट कोच मनोज राणा व खिलाड़ी चंदन पाठक पर एक पूर्व महिला जिम्नास्ट ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। हालांकि, मामले में आरोपियों की तरफ से भी पुलिस को महिला द्वारा झूठे आरोपों में फंसाने के बारे में एक शिकायत दी गई है।

आइपी एस्टेट थाना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत लेकर मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। वहीं, मनोज राणा ने खुद पर लगे छेड़छाड़ के आरोपों को सिरे से नकार दिया। पीड़ित वर्तमान में एक शैक्षणिक संस्थान में कार्यरत हैं।

पुलिस के अनुसार, गत 2 सितंबर को पीड़ित 29 वर्षीय महिला इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में प्रेक्टिस कर रही थी। इस दौरान वहां भारतीय जिम्नास्ट टीम के कोच मनोज राणा व खिलाड़ी चंदन पाठक भी थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों ने उस पर अश्लील टिप्पणी की। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ बदसुलूकी भी की। उस समय तो घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। लेकिन, बाद में पीड़िता ने मामले की शिकायत जिम्नास्टिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया में की।

आरोप है कि फेडरेशन की ओर से मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत सोमवार को आइपी एस्टेट थाने में की। पुलिस के अनुसार जांच के बाद ही मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

Victoria park case hearing in vidhansabha

विक्टोरिया पार्क अग्निकांड से जुड़े प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय किए गए एक सदस्यीय आयोग के समक्ष आज लखनऊ के यूपी सदन में सुनवाई होनी है। पक्ष रखने के लिए पीड़ित पक्ष, जिला प्रशासन, आरोपी अधिकारी और आयोजक भी लखनऊ आ चुके हैं। उल्लेखनीय है कि मेरठ के विक्टोरिया पार्क में लगे मेले में 10 अप्रैल, 2006 को आग लग गई थी। इसमें 64 लोगों की मृत्यु हो गई थी जबकि 161 लोग घायल हो गए थे। विक्टोरिया पार्क अग्निकांड की सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई के दौरान आयोजकों के वकील ने कहा था कि अग्निकांड की जांच के गठित आयोग ने उनके पक्षों को नहीं सुना और एकतरफा कार्रवाई की गई है। आयोजकों के इस पक्ष पर गौर करते हुए पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने रिटायर्ड जस्टिस एसबी सिन्हा की अगुवाई में एक सदस्यीय आयोग का गठन कर सभी पक्षों को सुनने को कहा था। गर्ग आयोग ने अपनी रिपोर्ट में अग्निशमन, नगर निगम तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई करने की अनुशंसा की थी। साथ ही आयोजकों पर भी लापरवाही बरतने का आरोप था।

यूपी सदन में आज होने वाली सुनवाई में मेरठ जिला के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही आयोजक लखनपाल तोमर, सिद्धार्थ मनोहर और असित गुप्ता को भी बुलाया गया है। एडीएम सिटी एसके दुबे ने बताया कि आयोजक सहित सभी पक्षों को सूचित कर दिया गया है। उन अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है, जो घटना के वक्त मेरठ में तैनात थे और उनकी भूमिका पर तमाम सवाल खड़े हो गए थे। जिला प्रशासन से डीएम पंकज यादव, एडीएम सिटी एसके दुबे, एडीएम एलए डीपी श्रीवास्तव, नगर निगम और बिजली विभाग के नामित अधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद रहेंगे। सुप्रीम कोर्ट में विक्टोरिया पार्क अग्निकांड आहत कल्याण समिति के सचिव संजय गुप्ता की याचिका पर सुनवाई चल रही है। संजय गुप्ता ने बताया कि पीड़ितों के लिए न्याय की जो लड़ाई उन्होंने छेड़ी है, उसे मुकाम तक पहुंचाकर ही दम लेंगे।

Putin's 'girlfriend' Alina Kabayeva to head pro-Kremlin media group

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की प्रेमिका मानी जाने वाली ओलंपिक जिम्नास्ट चैंपियन को एक शक्तिशाली मीडिया समूह का प्रमुख बनाया गया है। 31 वर्षीय एलीना काबायेवा ने एक दिन पहले ही बिना कोई कारण बताए सांसद पद छोड़ने का एलान किया था। वे सात साल से ड्यूमा में सत्तारूढ़ यूनाइटेड रूस पार्टी की सांसद थीं।

नेशनल मीडिया ग्रुप [एनएमजी] की प्रवक्ता ओकसाना राजुमोवा ने काबायेवा के पैतृक नाम का इस्तेमाल करते हुए कहा, 'एलीना मारातोवना ने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल होने का हमारा प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है।' 2008 में एक विलय के बाद एनएमजी का गठन किया गया था। ब्रसेल्स ने जुलाई में आरोप लगाया था कि एनएमजी टीवी स्टेशनों पर नियंत्रण रखता है और यूक्रेन में अस्थिरता की सरकारी नीतियों का समर्थन करता है। एनएमजी के पास रूस के कई प्रमुख चैनलों की निर्णायक हिस्सेदारी है।

कौन हैं काबायेवा

एलीना काबायेवा शानदार जिम्नास्ट हैं। शरीर की लाजवाब लचक के दम पर काबायेवा 2004 के ओलंपिक खेलों के दौरान स्वर्ण पदक विजेता बनीं थीं। 2007 में संन्यास लेने से पहले वे कई यूरोपीय और वैश्विक प्रतिस्पर्धाओं में भी पदक जीतने का कारनामा कर चुकी हैं।

पुतिन के साथ संबंधों पर चर्चा

काबायेवा और राष्ट्रपति पुतिन के बीच संबधों की खबर पहली बार 2008 में सामने आई थी। रूसी अखबार मॉस्कोवस्की करेस्पोंडेंट ने लिखा था कि पुतिन ने तलाक ले लिया है और काबायेवा से शादी की तैयारी कर रहे हैं। उस वक्त दोनों ने इस खबर का पुरजोर खंडन किया था। पुतिन ने इसे अपनी निजी जिंदगी में दखल कहा था। कुछ दिनों बाद ही रहस्यमय ढंग से अखबार ने प्रकाशन बंद करने की घोषणा की थी।

पत्नी से हो चुका है अलगाव

पिछले साल पुतिन और उनकी पत्नी ल्यूडमिला के तलाक के बाद फिर इन खबरों ने जोर पकड़ा। ल्यूडमिला से उन्होंने लव मैरिज की थी और करीब 25 सालों के विवाह संबंधों के बाद इसमें दरार पड़ गई। पुतिन की दो बेटियां हैं और दोनों तीस साल से ऊपर की हैं। बताते हैं कि इसमें से एक का विवाह हो चुका है।

Two terrorists killed in encounter at machil sector in srinagar

घाटी में आतंकी घुसपैठ की नापाक कोशिशें जारी हैं। आतंकी हर वक्त सीमा पर घुसपैठ की फिराक में हैं। लेकिन हमारे जवानों की मुस्तैदी उन्हें उनके नापाक मंसूबों में कामयाब होने नहीं दे रही है। इसी दौरान कश्मीर घाटी के माछिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा के नजदीक सुरक्षाबलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया है।

सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि तड़के माछिल सेक्टर में सैनिकों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए । मुठभेड़ के दौरान मारे गए दोनों आतंकियों के पास से दो एके-47 राइफलें और एक यूबीजीएल तथा अन्य सामग्री बरामद हुई हैं। हालांकि प्रवक्ता ने यह साफ नहीं किया कि दोनों आतंकवादी पाक अधिकृत कश्मीर से घुसपैठ कर रहे थे या फिर पहले से ही स्थानीय तौर पर सक्रिय थे। उन्होंने कहा कि कश्मीर में राहत एवं बचाव अभियानों में सेना की भारी तैनाती के बावजूद नियंत्रण रेखा के पास तैनात सैनिक चौकस हैं। प्रवक्ता ने बताया कि माछिल सेक्टर में अभियान अब भी जारी है और आगे के ब्यौरे की प्रतीक्षा की जा रही है। 

Love jihadi beaten up by local

लव जिहाद की गूंज कल देर रात अलीगढ़ में बनी रही। कमरे में मिले प्रेमी-प्रेमिका को पकड़कर पीटा गया। उसकी बाइक फूंक दी गई और फिर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष यतिन दीक्षित व महानगर अध्यक्ष मनोज शर्मा को कल रात खबर मिली कि नौरंगाबाद मोहल्ले में मुस्लिम युवक ने हिंदू युवती को फंसा लिया है। दोनों कमरे में हैं। जिस मकान को युवक ने किराए पर लिया वह एक भाजयुमो पदाधिकारी का है। कुछ देर में भाजयुमो नेताओं की अगुवाई में दर्जनों कार्यकर्ता पहुंचे तो युवक-युवती आपत्तिजनक अवस्था में मिले। गुस्साए कार्यकर्ता प्रेमी को पीटते हुए कमरे के बाहर खींच लाए। बाइक फुंक दी। गांधी पार्क थाना पुलिस जैसे-तैसे युवक को बचाकर लाई।

भाजयुमो महानगर अध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि पकड़ा गया युवक भुजपुरा निवासी शबाब है। कुछ महीने पहले उसने बंटी नाम बताकर भाजयुमो नेता के घर किराए पर कमरा लिया था। वह पहचान छुपाने के लिए तिलक लगाए रहता था। शबाब का कहना है कि मुस्लिम होने की बात युवती को और मकान मालिक को पता है। वह युवती से शादी करना चाहता है। छह साल से उसके संबंध हैं। हालांकि, युवती ने प्रेम संबंध की बात तो कबूल की लेकिन बंटी के मुस्लिम होने की जानकारी से इन्कार किया। गांधी पार्क थाना प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि युवक हिरासत में है। उससे पूछताछ की जा रही है। युवती के परिजनों से बात कर के ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tuesday, 16 September 2014

Woman IPS officer to scale Kilimanjaro everest

यूपी कैडर की महिला आइपीएस अपर्णा कुमार ने अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंचे पर्वत शिखर किलीमंजारो पर पहुंच कर यूपी पुलिस और भारत का तिरंगा झंडा फहराया है। तंजानियां राष्ट्र में स्थित यह पर्वत चोटी समुद्र तट से 19341 फीट की ऊंचाई पर है।

पुलिस महानिरीक्षक अपराध अमिताभ यश ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि अपर्णा कुमार के इस अभियान का वहन उत्तर प्रदेश शासन ने किया है। अपर्णा कुमार ने 22 अगस्त को पर्वतारोहण आरंभ किया और 30 अगस्त को सुबह साढ़े बजे माउंट किलीमंजारो की चोटी पर पहुंच कर यह गौरव हासिल किया। टीम में सात पर्वतारोही थे। इनमें तीन अमेरिका, दो बल्गारिया और एक कनाडा के थे। गाइड यूएसए के थे। पर्वतारोहियों में चार पुरुष और चार महिलाएं थी।

डीजीपी एएल बनर्जी ने अपर्णा कुमार की उपलब्धि पर बधाई दी है और कहा है कि इस अभियान से महिला पुलिस अधिकारियों को चुनौतीपूर्ण कार्य के लिए प्रेरणा मिलेगी। अपर्णा कुमार की अगली पर्वत यात्रा इंडोनेशिया के उच्चतम शिखर कार्सटेंज की है।

Prime minister narendra modi turns 64 today seeks his mother's blessings

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज जन्मदिन है। पीएम मोदी आज 64 साल के हो गए हैं। जन्मदिन के एक दिन पूर्व ही मोदी गुजरात पहुंच गए हैं। इस खास अवसर पर पीएम मोदी मां से आशीर्वाद लेने गांधीनगर स्थित अपने छोटे भाई के घर पहुंचे जहां पर उनकी मां भी उनके साथ ही रहती हैं। घर पहुंचकर उन्होंने अपनी मां का पैर छुआ और उनका आशीर्वाद लिया। मां ने पहले उनका माथा चूमा और फिर आशीर्वाद दिया। इस बार मां हीराबेन ने उन्हें शगुन के तौर पर 5001 रुपये दिया जिसे उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दिया।

मां हीराबेन ने अपने बेटे को मिठाई भी खिलाई। पीएम मोदी ने पहले घर के बाहर बैठकर अपनी मां का हालचाल जाना। उसके बाद घर के अंदर गए, जहां पर अपने पिता जी की फोटो को स्पर्श करके उनका आशीर्वाद लिया।

पीएम मोदी बिल्कुल सादगी भरे माहौल में अपनी मां से मिलने केवल दो गाड़ियां ही घर तक ले गए। प्रधानमंत्री के तौर पर पहली बार वे अपनी मां से मिलने पहुंचे थे। इसके पूर्व वे मुख्यमंत्री के तौर पर जन्मदिन पर मां से मिलने के लिए गांधीनगर जाते रहे हैं।

इन्होंने दी बधाई..

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता ने पीएम से मिलकर उन्हें जन्मदिन की बंधाई दी और उनके स्वस्थ रहने की मंगलकामना की। साथ ही तमिलनाडु के राज्यपाल के रोसैया ने भी पीएम को जन्मदिन की बधाई दी है। वहीं, पीएम मोदी ने विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को बधाई दी है। 

Keep your feet on the ground: Sena tells BJP on bypoll results

उपचुनाव में भाजपा के खराब प्रदर्शन पर शिवसेना ने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा है कि भाजपा को अपने पैर जमीन पर रखने चाहिए और इन परिणामों से उसे सबक लेना चाहिए। शिवसेना के मुखपत्र सामना में छपे संपादकीय में कहा गया है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में बड़ी जीत हासिल की थी, लेकिन अब उपचुनाव के परिणाम ठीक उसके उल्टे रहे हैं। यह महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सबक है। यह सबक सभी के लिए है। किसी को भी हल्के में नहीं लेना चाहिए।

संपादकीय में कहा गया है कि लोगों का मन अस्थिर है। उपचुनाव के परिणाम 15 अक्टूबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए एक सबक हैं। शिवसेना ने कहा है कि अपने पैर जमीन पर रखो। लोकसभा चुनावों में मिली जीत की हवा में मत उड़ो। जो इसको समझने में कामयाब होंगे, वे ही चुनाव विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेंगे। नहीं तो जनता वह करेगी जो आवश्यक होगा।

भाजपा को यूपी, राजस्थान और गुजरात में विधानसभा उपचुनाव में भारी नुकसान उठाना पड़ा है। पहले उसके पास 23 सीटें थी उनमें से 13 सीटें हार गई है। राजस्थान और गुजरात में उपचुनाव में कांग्रेस ने अद्भुत प्रदर्शन किया है।

शिवसेना के मुखपत्र में कहा गया है कि उपचुनाव के परिणामों को मोदी लहर से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। बल्कि यह ध्यान में रखना चाहिए कि आम चुनावों और राज्यों के विधानसभा चुनावों में अंतर होता है। इसमें कहा गया, मोदी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा काम कर रहे हैं। लेकिन मोदी का 100 दिन का काम लोगों तक नहीं पहुंचा तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

शिवसेना ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने लव जिहाद का मुद्दा उठाया, लेकिन उपचुनाव के परिणामों से दिखा कि यह मुद्दा बेअसर साबित हुआ है। उपचुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन का श्रेय सोनिया या राहुल गांधी को नहीं देना चाहिए। इसी तरह किसी को यह दावा भी नहीं करना चाहिए कि जनादेश मोदी के खिलाफ है।

शिवसेना के संपादकीय में की गई इस तल्ख टिप्पणी को भाजपा के लिए चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है कि वह महाराष्ट्र में ज्यादा सीटों की मांग को खामोश रखे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज मुंबई में वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ बैठक में शिवसेना के साथ सीट साझा किए जाने के मुद्दे पर चर्चा किए जाने की उम्मीद है।

Sonali Bendre's brother, uncle killed in road accident

खबर है कि कल एक सड़क हादसे में बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे के भाई और चाचा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा कर्नाटक मुलाबलिगी में हुआ।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोनाली के भाई और चाचा आंध्र प्रदेश के तिरुपति से कर्नाटक जा रहे थे। अभी इस हादसे के बारे में और ज्यादा जानकारी का इंतजार है।

Gentle mind, knowledge stock

उम्र 6 वर्ष। जानकारी 12वीं के स्तर की। सुनकर लगता है कि ऐसा कैसे संभव है, पर बात करने पर दातों तले अंगुली दबा लेंगे। इलाके में तो सबकी जुबां पर इसका नाम है। विलक्षण प्रतिभा का धनी यह बालक शिक्षक व स्कूल के छात्र-छात्रओं समेत बड़े-बुजुर्गो का भी प्यारा है। प्रतिभा से हर किसी को प्रभावित करनेवाला नन्हा बालक अनघ अनन्य स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र है, लेकिन सीनियर छात्रों के साथ भी जब किसी विषय पर बात करता है तो सब नतमस्तक हो जाते हैं। कई छात्र-छात्रा तो गणित या विज्ञान संबंधी बहुत सारी जानकारी उससे हासिल करते हैं। शिक्षक भी कहते हैं कि वह पढ़ाई शुरू करने के साथ ही गुरु बन गया है। अनघ के मुखमंडल पर तेज, पढ़ाई में प्रवीणता व अन्य गतिविधियों में भी निपुणता उसे खास बनाती है।

ऐसे शुरू हुआ सफर

अनघ मोतिहारी के प्रसिद्ध चिकित्सक चांदमारी मोहल्ला निवासी स्व. अशोक श्रीवास्तव का पौत्र है। शिक्षक पिता अतुल प्रकाश व मां प्रीति श्रीवास्तव का कहना है कि दो वर्ष पांच दिन की उम्र में उसने विज्ञान व गणित की पढ़ाई शुरू कर दी। तन्मयता देख वे कुछ-कुछ बताने लगे। अनघ उसे आत्मसात करने लगा। एक वर्ष में उसका प्रोग्रेस देखने लायक था। उसके बाद तो हर आनेवाला वर्ष मील का पत्थर साबित हुआ। अब तो वह जीनियस है।

इन सबमें महारत

अनघ भौतिकी व रसायन में लेंथ, वाल्यूम, घनत्व, वेट, मोशन, 2डी-3डी, लॉ ऑफ न्यूटन, वेक्टर फॉर्मूला, फ्रिक्शन, परमाणु संरचना, गणित में आकार, त्रिकोण, वर्ग, रेफ्रेंस फ्रेम, बायोलॉजी में लीविंग-नन लीविंग, सेल एंड टिश्यू, लाइफ साइकल समेत 12वीं कक्षा तक लगभग हर चैप्टर से भिा है। संस्कृत के कई श्लोक कंठस्थ तो ब्रिटिश टोन में अंग्रेजी सीख रहा है।

After 3 years Parineeti chopra visited her home

इस शुक्रवार को रिलीज होने जा रही फिल्म 'दावत-ए-इश्क' की अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा फिल्म की पूरी कास्ट टीम के साथ प्रमोशन के लिए मंगलवार शाम अंबाला छावनी स्थित अपने घर पहुंची। इस दौरान फिल्म के हीरो आदित्‍य रॉय कपूर भी साथ थे। परिणीति तीन साल के लंबे अंतराल के बाद अपने घर आई थीं।

परिणीति का स्वागत करने के लिए घर के बाहर बने चौक पर ही चार ढोल वालों को खड़ा कर दिया गया था। जैसे ही परिणीति अपने घर के पास पहुंची, उन्होंने गाड़ी के शीशे से बाहर निकलकर नाचना शुरू कर दिया। घर के मुख्य द्वार पर परिजनों ने परिणीति और आदित्य की आरती की और मुंह मीठा करवाने के बाद घर में प्रवेश किया।

आदित्य रॉय कपूर ने बताया कि फिल्म की पूरी कहानी प्यार पर आधारित है। देश के अलग-अलग कई शहरों और गांवों में फिल्म की शूटिंग की गई है। इसके लिए उनकी टीम हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, गुजरात समेत अन्य कई राज्यों में गई है। इस फिल्म में अनुपम खेर भी मेन रोल में नजर आएंगे। वहीं परिणीति ने बताया कि इस फिल्म में जावेद अली, सुनीधि चौहान, सोनू निगम, श्रेया घोषाल समेत अन्य ने भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा है। फिल्म में मेरी मन्नत तू, हुई हुई मैं तो शायराना हुई... जैसे कई गाने फिल्माए गए है।

मां ने बनाया पंसदीदा खाना

परिणीति चोपड़ा की मां रीना चोपड़ा ने कहा कि उनकी बेटी को काली दाल, आलू जीरा, चाट पापड़ी और बैंगन का भरता बहुत अधिक पसंद है।

2015 तक बहुत बिजी शेडयूल : परिणीति

परिणीति ने बताया कि उनके पास करीब 25 फिल्मों के ऑफर आए हैं, लेकिन अभी उनके पास कोई दूसरी फिल्म साइन करने का भी टाइम नहीं हैं। दावत-ए-इश्क के बाद उनकी दूसरी फिल्म की शूट शुरू हो जाएगी। जिसके बाद वह अगले साल 2015 में नंवबर महीने तक बहुत बिजी हो जाएंगी। परिणीति ने हरियाणा में बढ़ रही भ्रूण हत्या जैसी घटनाओं के लिए किसी भी सवाल का उत्तर देने से मना कर दिया।

मिलने वालों का लगा तांता

जैसे ही परिणीति के आने की अंबाला पहुंचने की खबर उनके परिजनों, दोस्तों और चाहने वालों को पता लगी, वैसे ही मंगलवार को उनके घर लोगों की लाइनें लगनी शुरू हो गई। मिलने वाले उनके घर दो-दो घंटे पहले ही आकर उनसे मिलने का इंतजार करने लगे। जैसे ही परिणीति ने गेट से एंट्री की उसके बाद से ही लोग उनके मिलने के लिए एक दूसरे को धक्का मुक्की करने लगे।