Showing posts with label important projects. Show all posts
Showing posts with label important projects. Show all posts

Tuesday, 22 March 2016

पीएम ने मंत्रियों की बुलाई बैठक, काम में हीला- हवाली करने वालों की लेंगे क्लास

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपनी सरकार के सभी मंत्रियों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में सरकार की नीतियों और कैबिनेट के फैसलों के कार्यान्वयन पर चर्चा होगी। पीएम मोदी जनवरी और फरवरी महीनें में अपनी सरकार के सभी मंत्रियों के साथ बैठक कर चुके हैं। बैठक शाम 6.30 बजे संसद भवन परिसर में होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अति महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर बेहद गंभीर हैं और इसमें हो रही देरी को लेकर वे जिम्मेदार लोगों की क्लास भी ले सकते हैं। इससे पहले सभी मंत्रालयों और विभागों को स्पष्ट तौर पर कह दिया गया है कि जिस परियोजनाओं में देरी की संभावना हो उसका आकलन कर उसकी अंतिम तारीख से पहले ही कर लें। साथ ही ऐसे सभी प्रस्तावों को अंतिम तारीख से पहले ही मंत्रिमंडल की मंजूरी के निर्देश भी दिए गए हैैं।

केंद्रीय परियोजनाओं के पूरा होने में देरी की अन्य वजहों के साथ साथ एक बड़ा कारण मंत्रालयों और विभागों के अधिकारियों की लापरवाही भी रही है। सूत्र बताते हैैं कि प्रधानमंत्री कार्यालय की नजर में ऐसे कई मामले आए हैैं जिनमें परियोजना समाप्त होने की अंतिम तारीख बीत जाने के काफी समय तक इस बात की चर्चा तक मंत्रालय में नहीं हुई कि परियोजना के लिए नया लक्ष्य क्या रखा जाए।

ऐसे तमाम मामलों के आकलन के बाद कैबिनेट सचिवालय ने बीते महीने सभी मंत्रालयों और विभागों को निर्देश जारी करके कहा है कि परियोजना समाप्त होने की तारीख बीत जाने के बाद कैबिनेट से परियोजना खत्म होने की नई तारीख की मंजूरी अब नहीं ली जा सकेगी।

Source: पीएम ने मंत्रियों की बुलाई बैठक, काम में हीला- हवाली करने वालों की लेंगे क्लास