Showing posts with label manoj tiwari. Show all posts
Showing posts with label manoj tiwari. Show all posts

Monday, 19 January 2015

किरण बेदी पर दिए बयान पर मनोज तिवारी ने दी सफाई

भाजपा नेता और पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने किरण बेदी पर दिए अपने पूर्व के बयान पर सफाई दी है। तिवारी ने कहा है कि उन्होंने सिर्फ अपने मन की बात अपने शब्दों में कही थी। इससे यदि किसी को ठेस पहुंची है तो उन्हें खेद है। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही उन्होंने कहा था कि वह नहीं मानते हैं कि भाजपा किरण बेदी को दिल्ली का सीएम बनाएगी। इस बयान के बाद उन्हें पार्टी के अंदर ही काफी नाराजगी झेलनी पड़ी थी। पार्टी में हो रही आलोचना के बाद ही उन्होंने अपने बयान पर सफाई दी है।

भाजपा सांसद ने उन खबरों का भी खंडन किया है जिसमें कहा गया था कि उनके बयान के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें फोन पर फटकार लगाई थी। इस बाबत उन्होंने कहा कि यह सभी बातें कोरी अफवाह हैं, इनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह किरण बेदी के पार्टी में आने से खुश हैं।इस दौरान उन्होंने आप पर भी जमकर हमला बोला। तिवारी ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में आप को मुंह की खानी होगी और उसके विधायक सिमट कर छह से आठ ही रह जाएंगे।

किरण बेदी के भाजपा में शामिल होने के बाद और उन्हें चुनाव की कमान सौंपे जाने के बाद पार्टी के अंदर कई कई नेताओं के चेहरे फीके पड़ गए हैं। हालांकि उनके सीएम प्रत्याशी होने पर अभी तक कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। दो दिन पूर्व ही पार्टी अध्यक्ष और गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने यह साफ कर दिया था कि दिल्ली के सीएम पद पर प्रत्याशी का फैसला केंद्रीय संसदीय बोर्ड करेगा।

पार्टी द्वारा चुनाव की कमान सौंपे जाने के बाद किरण बेदी पूरी तरह से चुनावी दंगल में कूद गई हैं। उन्होंने कल ही एमसीडी अधिकारियों से बात की और भाजपा नेताओं के साथ चुनाव की रणनीति भी बनाई। उन्होंने अपना चुनावी कार्यक्रम भी तैयार कर लिया है। इसके तहत वह रोज पांच सभाएं करेंगी और रोड शो का भी हिस्सा बनेंगी।