Wednesday, 8 January 2014

Harbhajan sing play caption knock in ranji trophy

वडोदरा। पंजाब के कप्तान हरभजन सिंह ने रणजी ट्रॉफी क्रिकेट क्वार्टर फाइनल मैच में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 80 गेंदों पर 92 रन की उम्दा पारी खेलकर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में शानदार वापसी की। हरभजन और नौवें नंबर के बल्लेबाज संदीप शर्मा (51) के बीच आठवें विकेट पर 105 रन की मूल्यवान साझेदारी की बदौलत पंजाब ने पहली पारी में 304 रन बना लिए। एक समय जम्मू-कश्मीर की सीमर तिकड़ी समीउल्लाह बेग (2/56), राम दयाल (3/59) और उमर नजीर (4/66) ने पंजाब के सात विकेट 146 रन पर झटक लिए थे। स्टंप के समय जम्मू-कश्मीर ने ओपनर ओबैद हारून (04) का विकेट गंवाकर 11 रन बना लिए थे।

मददगार विकेट पर जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों खासकर राम दयाल ने पंजाब के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लिए काफी मुश्किल पैदा की। युवराज सिंह केवल दस रन बना सके। लेकिन अनुभवी पंजाब की टीम आखिरकार संकट से निकलने में सफल रही। कंधे की चोट के कारण छह हफ्ते से ज्यादा मैदान से बाहर रहे हरभजन ने अपनी पारी में आठ चौके और छह छक्के लगाए। उन्होंने विरोधी कप्तान परवेज रसूल को अपना निशाना बनाया। हरभजन ने रसूल की सात गेंदों पर पांच छक्के जड़े। रसूल ने 13 ओवर में 64 रन लुटाए लेकिन हरभजन का विकेट लेने में सफल रहे। संदीप ने 123 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए।
संक्षिप्त स्कोर : पंजाब (पहली पारी) 81.2 ओवर में 304 (हरभजन 92, संदीप 51, युवराज 10, नजीर 4/66)। जम्मू-कश्मीर (पहली पारी) : 4 ओवर में एक विकेट पर 11 रन

No comments:

Post a Comment