Wednesday, 4 February 2015

मोदी बात करते हैं मेक इन इंडिया की, पहनते हैं विदेशी सूटः राहुल

 दिल्ली की चुनावी जंग में प्रचार का दौर चरम पर है। प्रचार के लिए अब सिर्फ दो दिनों का समय बचा है, ऐसे में सभी पार्टियों ने कमर कस ली है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी जहांगीरपुरी में एक रैली को संबोधित किया। रैली के बाद राहुल का रोड शो जारी है जिसमें लोगों की मौजूदगी ठीक ठाक है।

इससे पहले, जहांगीरपुरी में रैली शो को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अगर हम विधानसभा चुनाव जीतते हैं, तो अगले दो सालों में दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिला देंगे। हम दिल्ली में हर आदमी को छत देंगे। उन्होंने कहा कि हम एक हफ्ते कें अंदर कॉन्ट्रैक्ट प्रथा को खत्म करेंगे और दो साल के अंदर पूरी दिल्ली को मालिकाना हक देंगे।

राहुल गांधी ने कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए बताया कि हमने आम लोगों को सूचना का अधिकार दिया। इसके अलावा कांग्रेस ने मनरेगा से करोड़ों लोगों की जिंदगी बदली है। इसके बाद राहुल गांधी ने रैली में मौजूद जनता से पूछा कि क्या आपकी जिंदगी में कोई बदलाव आया है? महंगाई नहीं थमी है, सब्जियों के दाम कम हुए हैं?

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान ढेरों वादे किए थे, लेकिन मैंने तब भी कहा था कि एक व्यक्ति पूरा देश नहीं बदल सकता। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मेक इन इंडिया' प्रोग्राम पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार की बात करते हैं। लेकिन वह खुद 10 लाख रुपये का सूट पहनते हैं, जो विदेश में बना है और बात करते हैं मेक इन इंडिया की। वादे करना बड़ा आसान है, लेकिन उन्हें निभाना बहुत मुश्किल। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के दो-तीन दोस्त हैं ज्यादा नहीं। बस उन्हीं को फायदा मिल रहा है।

No comments:

Post a Comment