Showing posts with label Shazia Ilmi. Show all posts
Showing posts with label Shazia Ilmi. Show all posts

Thursday, 22 January 2015

'आप' में तानाशाही, कई बड़े नेता हाशिए परः शाजिया इल्मी

आम आदमी पार्टी के टिकट पर विधानसभा और लोकसभा का चुनाव लड़कर हार चुकी शाजिया इल्मी ने भाजपा में शामिल होने के बाद केजरीवाल और उनकी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाया है। शाजिया ने कहा है कि इस बात की जानकारी नहीं हो पाती है कि पार्टी को कौन चलाता है और उसके बारे में जानकारी किसी को नहीं दी जाती है। आम आदमी पार्टी का असली चेहरा अब उजागर हो चुका है। वे उसी तरह का व्यवहार करते हैं जैसा वह दूसरों पर आरोप लगाते हैं। आम आदमी पार्टी में वही रह सकता है जो अरविंद केजरीवाल के करीब हो और मनीष सिसोदिया की हां में हां मिलाए। आम आदमी पार्टी में बहुत से नेताओं को हाशिए पर कर दिया गया है, जो आम आदमी पार्टी के अंदर तानाशाही का रवैया है।

आम आदमी पार्टी कॉर्पोरेट बनती जा रही है। हमने राजनीति को बदलने की कोशिश की लेकिन गलत नीतियों की वजह से संभव नहीं हो पाया। यह कुछ उस तरह से है कि कोई व्यक्ति अंदर से पार्टी को चला रहा है, लेकिन उस पर कोई भी सवाल नहीं किया जाना चाहिए, अन्यथा उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। बड़े दुर्भाग्य की बात है कि आम आदमी पार्टी में अच्छे उम्मीदवारों को बदल कर गुंडों को टिकट दिया जा रहा है।

वहीं केजरीवाल के खिलाफ नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही किरण वालिया ने कहा है कि केजरीवाल ने नामांकन पत्र दाखिल करते समय अपने शपथपत्र में एक एफआइआर का जिक्र नहीं किया है जो गंभीर सूचना को छुपाने की तरह है। उनके नामांकन पत्र को अभी तक खारिज नहीं किया गया है। हम उसके खिलाफ हाइकोर्ट जाएंगे और उसके खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।

Friday, 16 January 2015

भाजपा में शामिल होने के बाद शाजिया ने कहा- यही सही पार्टी

आम आदमी पार्टी [आप] की पूर्व नेता शाजिया इल्मी शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। भाजपा में शामिल होने के बाद शाजिया ने कहा-यही सही पार्टी है । उन्होंने कहा कि वह केजरीवाल को ही नेता मानती थी, लेकिन अब विश्वास टूट गया है। मोदी की तारीफ करते हुए शाजिया ने कहा कि पिछले छह महीने से वह केंद्र सरकार के कामकाज को देख रही हैं। उन्होंने कहा कि वह किसी पद के लोभ में भाजपा में शामिल नहीं हुई हैं।

इस मौके पर भाजपा के दिल्ली प्रभारी प्रभात झा ने उन्हें भाजपा में शामिल हाेने के लिए शुभकामनाएं दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि उनके भाजपा में शामिल होने से पार्टी को ताकत और ऊर्जा मिली है। इससे पहले शाजिया ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की थी। भाजपा नेता अश्विनी उपाध्याय ने भी उनका पार्टी में स्वागत किया है।

आप की संस्थापक सदस्य रहीं शाजिया इल्मी पार्टी से अलग होने के बाद से खुलेआम अरविंद केजरीवाल व आम आदमी पार्टी की आलोचना कर रहीं थीं। यहां तक कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय के साथ झाडू लगाने में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ भी की।

गौरतलब है कि इल्मी ने 2013 में विधानसभा चुनाव में आप प्रत्याशी के रूप में आरकेपुरम सीट से चुनाव लड़ा था। वह भाजपा के नेता अनिल शर्मा से 326 मतों से हार गई थीं। उसके बाद उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में आप प्रत्याशी के रूप में गाजियाबाद से चुनाव लड़ा। वहां भी उनको भाजपा नेता वीके सिंह से हार का सामना करना पड़ा था।

Wednesday, 14 January 2015

केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी शाजिया इल्‍मी!

आम आदमी पार्टी की संस्थापक सदस्य रहीं शाजिया इल्मी अब भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रही है। सूत्रों ने बताया कि शाजिया गुरुवार को भाजपा में शामिल हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि शाजिया आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं।

सूत्रों के अनुसार, शाजिया के इस कदम को ज्यादा चौंकाने वाला नहीं माना जाना चाहिए क्योंकि हालिया समय में उनकी गतिविधियों से लग रहा था कि वे भाजपा के करीब जा रहीं हैं। आप से अलग होने के बाद से शाजिया खुलेआम अरविंद केजरीवाल व आम आदमी पार्टी की आलोचना कर रहीं थीं। यहां तक कि पीएम मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय के साथ झाड़ू लगाने में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके अलावा उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ भी की।