Showing posts with label hindi newspaper jagran. Show all posts
Showing posts with label hindi newspaper jagran. Show all posts

Tuesday, 16 September 2014

Bilawal to contest 2018 general elections from Benazir's seat

पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुंट्टो की राजनीतिक विरासत को उनके बेटे बिलावल भुंट्टो जरदारी संभालने को तैयार हैं।

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) प्रमुख बिलावल ने सोमवार को कहा कि वह 2018 में लरकाना की रातेदरो क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरेंगे। यह सीट बेनजीर के गृह निर्वाचन क्षेत्र के रूप में जानी जाती है।

गौरतलब है कि 27 दिसंबर, 2007 में बेनजीर भुंट्टो की रावलपिंडी में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

India and vietnam signs on seven agreements

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की वियतनाम यात्रा के दूसरे दिन सात समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा दक्षिण चीन सागर में नौवहन की स्वतंत्रता के पक्ष में दोनों देशों ने एकजुटता दिखाई। राष्ट्रपति मुखर्जी चार दिवसीय यात्रा पर रविवार को हनोई पहुंचे थे।

चीन के राष्ट्रपति की भारत यात्रा से पहले भारत और वियतनाम के ऐतिहासिक रिश्ते की जड़ को सींचा जाने लगा है। बौद्ध दर्शन से प्रभावित वियतनाम में बोधि वृक्ष का पौध लगाकर और कई अन्य क्षेत्रों में सहयोग के जरिए संबंधों की नई परिभाषा लिखी जा रही है।

बोधि वृक्ष की पौध लगाने के बाद प्रणब ने दोनों देशों के युवाओं में आपसी जिज्ञासा और समझ बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने संकेत दिया कि भारत हनोई में सांस्कृतिक केंद्र खोलेगा।

वियतनाम में प्रणब की यात्रा को चीनी राष्ट्रपति की आगामी भारत यात्रा के कारण भी विशेष नजरिए से देखा जा रहा है। भारत चीन को संकेत देना चाहता है कि वह दोनों देशों के साथ अच्छे रिश्ते चाहता है और वह भी बिना किसी दबाव के। प्रणब की यात्रा इस मायने से भी अहम है, क्योंकि वियतनाम के सबसे मजबूत नेता नूयेन फूत्रांग के साथ उनके आपसी रिश्ते भी खास रहे हैं। बताते हैं कि चार-पांच साल पहले जब नूयेन भारत आए थे, तो प्रणब को बोधि वृक्ष के नीचे का अपना अनुभव बताया था। प्रणब ने उसी वक्त यह कह दिया था कि नूयेन का भविष्य उन्हें बहुत आगे ले जाएगा। दरअसल नूयेन ने कहा था कि बोधि वृक्ष का एक पत्ता टूटकर उनके सिर पर गिरा था। आज नूयेन वियतनाम के सबसे शक्तिशाली नेता हैं।

इससे पहले सोमवार को हनोई में इंडिया स्टडी सेंटर का उद्घाटन करते हुए प्रणब ने कहा कि दोनों देश इस क्षेत्र में शांति के समर्थक हैं। हमारी कोशिश यह रहेगी कि इसे मजबूत किया जाए। भारत ने वियतनाम के प्रधानमंत्री को आमंत्रित भी किया है और वह अक्टूबर में नई दिल्ली आएंगे।

इन समझौतों पर हुए हस्ताक्षर

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और वियतनाम के राष्ट्रपति त्रोंग तेन सेंग की मौजूदगी में सोमवार को सात समझौते हुए। जेट एयरवेज और एयर वियतनाम के बीच सीधी फ्लाइट शुरू करने और ओवीएल (पेट्रोलियम विभाग के विदेशी शाखा) तथा पेट्रो वियतनाम के बीच दो तेल ब्लाक को लेकर हुआ समझौता खासा अहम है। दक्षिण चीन सागर में इस तेल कुएं पर समझौता कर वियतनाम भी चीन को स्पष्ट संकेत देना चाहता है। इसके अलावा कृषि, युवा मामलों व कौशल विकास, मवेशी स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में समझौते किए गए। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण वियतनाम के चाम मोनुमेंट का भी संरक्षण करेगा।

-क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर दोनों देशों की सोच एक जैसी रही है। जरूरत है कि हम अपने युवाओं में एक-दूसरे के प्रति दिलचस्पी बढ़ाएं। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी

Queen tells Scots to vote 'very carefully'

स्कॉटलैंड की आजादी के लिए हो रहे जनमत संग्रह में ब्रिटेन के पिछड़ने की रिपोर्टो के बाद आखिरकार महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने मोर्च संभाल ही लिया। सीधे राजनीतिक दखल से बचते हुए उन्होंने कहा, 'मुझे पूरी उम्मीद है कि स्कॉटिश लोग अपने भविष्य के बारे में जिम्मेदारी से सोचेंगे। इसके बाद ही वे मतदान करेंगे।'

महारानी ने इससे पहले 18 सितंबर को होने वाली जनमत संग्रह प्रक्रिया में दखलंदाजी से साफ इन्कार कर दिया था। मगर प्रधानमंत्री डेविड कैमरन समेत सभी राजनीतिक दलों और वरिष्ठ नेता बार-बार स्कॉटलैंड में भी समान रूप से लोकप्रिय महारानी से यूनियन को बचाने की अपील कर रहे थे। एलिजाबेथ द्वितीय स्कॉटलैंड के एबरडीनशायर में रविवार को एक चर्च के बाहर इकट्ठा हुए लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'आपको जिम्मेदारी से मतदान करना होगा। यह आपके भविष्य का सवाल है।' पिछले ही हफ्ते बकिंघम पैलेस ने राजनेताओं से स्पष्ट कह दिया था कि महारानी को राजनीति में न घसीटा जाए। लेबर और कंजरवेटिव पार्टी को अपने तरीके से इस मसले को सुलझाना चाहिए।

यदि बृहस्पतिवार को स्कॉटिश लोगों ने आजादी के पक्ष में मतदान किया तो 189 महीनों में स्कॉटलैंड यूनाइटेड किंगडम से अलग हो जाएगा। इस बीच स्कॉटलैंड के फ‌र्स्ट मिनिस्टर एलेक्स सेलमंड और कैमरन जोर-शोर से लोगों को अपने-अपने पक्ष में मनाने के लिए प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। इस बीच मशहूर फुटबॉल खिलाड़ी डेविड बेकहम ने लोगों से देश को न तोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि हम साथ रहे तो बहुत कुछ हासिल किया जा सकता है।

गॉर्डन ब्राउन बने हीरो

पूर्व प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के स्कॉटिश नेता गॉर्डन ब्राउन इंग्लैंड में दोबारा हीरो बन गए हैं। पूर्व पीएम को कुछ ही महीनों पहले एक सर्वे में सबसे बुरा प्रदर्शन करने वाले प्रधानमंत्रियों में गिना गया था। मगर स्कॉटलैंड की आजादी के खिलाफ चल रहे बेटर टुगेदर अभियान में ब्राउन के कामों की सराहना पूरे इंग्लैंड में की जा रही है। उन्होंने बेटर टुगेदर अभियान के लिए दिन-रात एक कर दिया।

चीन की बढ़ी धुकधुकी

स्कॉटलैंड के जनमत संग्रह से ब्रिटेन का परेशान होना जायज है। मगर यहां से दूर बीजिंग में इस प्रक्रिया के चलते उथल-पुथल मची हुई है। चीन के तिब्बत, उइगर बहुल शिनजियांग और ताइवान में यदि ऐसी ही आवाज उठने लगी तो सरकार का परेशान होना तय है। जून में दूरदर्शिता दिखाते हुए चीनी प्रधानमंत्री ली कछ्यांग ने कहा था कि वह ब्रिटिश जनता की भावनाओं का सम्मान करते हैं। मगर लोगों को एकजुट रहना चाहिए।

Winter babies learn to crawl earlier

जाड़े के मौसम में जन्म लेने वाले बच्चे गर्मी के मौसम में जन्म लेने वाले बच्चों की तुलना में जल्द घिसटना (हाथ और घुटनों के बल चलना) शुरू कर देते हैं। एक नए अध्यन से इस बात का पता चला है।

इस शोध के मुताबिक बच्चे का जन्म किस मौसम में हुआ है यह उसके जीवन के पहले साल में संचालन विकास को प्रभावित करता है। इजरायल के हाइफा विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने इस बात का पता लगाया है।

इस शोध के मुताबिक जाड़े के मौसम [दिसंबर से मई के बीच] जन्म लेने वाले बच्चे गर्मी के मौसम [जून से नवंबर के बीच] जन्म लेने वाले बच्चों की तुलना में जल्द घिसटना और चलना शुरू कर देते हैं। 47 बच्चे जिनका विकास पैटर्न एक जैसा था को दो ग्रुप में बांट कर यह शोध किया गया।

इनमें से 16 बच्चों का जन्म जून से नवंबर के बीच हुआ था जबकि 31 बच्चे जिनका जन्म दिसंबर से मई महीने के बीच हुआ था। शोध के दौरान इनके संचालन विकास पर नजर रखी गई। इसमें पाया गया कि दिसंबर से मई के बीच जन्म लेने वाले बच्चों ने जून से नवंबर के बीच जन्म लेने वाले बच्चों की तुलना में जल्द घिसटना शुरू कर दिया। इस शोध में बच्चों के विकास पर नजर रखने के लिए अलबर्टा इनफैंट मोटर स्केल अध्यन का इस्तेमाल किया गया।

Direct India-Vietnam air service to begin from November 5

भारत-वियतनाम के बीच पहली बार डायरेक्ट हवाई सेवा की शुरूआत पांच नवंबर से होगी। जेट एयरवेज के माध्यम से वियतनाम के प्रमुख शहर हो ची मिंथ को दिल्ली और मुंबई से जोड़ा जा सकेगा। भारत के राष्ट्रपति और वियतनाम के राष्ट्रपति ने अथक प्रयास से इस हवाई मार्ग पर सोमवार को समझौता हुआ है।

जेट एयरवेज के चेयरमैन नरेश गोयल ने कहा कि भारत के दिल्ली और मुंबई को वियतनाम के हो ची मिंथ के बीच हवाई जहाज का परिचालन पांच नवंबर से किया जाएगा। गोयल ने कहा कि इस रूट पर परिचालन करना फायदेमंद रहेगा। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से पर्यटक मनचाहे जगह पर पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए बुकिंग प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। एयर वियतनाम भारत के लिए सर्विस देगी , जिसमें व्यापारी, पर्यटक और छात्रों को भारत आने की सुविधा होगी। 

British PM heads to Scotland hoping to boost `No` vote

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड केमरन सोमवार को स्कॉटलैंड पहुंचे। उन्होंने इस मौके पर उम्मीद जताई कि स्कॉटलैंड की स्वतंत्रता को लेकर होने वाले चुनाव में जनता ब्रिटेन के साथ रहने पर मुहर लगाएगी। इस मुद्दे पर पहली बार ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने कहा कि स्कॉटलैंड में होने वाले चुनाव में जनता अपने भविष्य को लेकर सावधानी से सही फैसला करेगी।

गौरतलब है कि स्कॉटलैंड की स्वतंत्रता को लेकर अब जो चुनाव होना है उससे पहले जनता की राय जानने के लिए किए गए सर्वे में करीब 47 फीसद लोगों ने ब्रिटेन के साथ रहने जबकि 42 फीसद ने स्कॉटलैंड को स्वतंत्र करने के पक्ष में मतदान किया है। वहीं दस फीसद लोग ऐसे भी थे जिन्होंने पता नहीं विकल्प का इस्तेमाल किया। यह सर्वे एक अखबार द्वारा किया गया था।

वहीं दूसरी ओर एक अन्य अखबार के सर्वे में 'हां' और 'न' के बीच बेहद कम अंतर देखने को मिला। इसमें ब्रिटेन के साथ रहने के लिए करीब 50 फीसद लोगों ने मत दिए और 'न' में करीब 49 फीसद गिरे। हाल के राजनीतिक घटनाक्रम में यह आने वाले समय की सबसे बड़ी राजनीतिक घटना है। इसके लिए किए गए एक ऑनलाइन सर्वे में भी 49 फीसद लोगों ने ब्रिटेन में रहने का समर्थन किया था तो करीब 42 फीसद लोगों ने स्कॉटलैंड की आजादी के लिए मत दिया। वहीं 9 फीसद लोगों ने पता नहीं पर अपनी मुहर लगाई। 

Pak military clears 80 pc of North Waziristan from militants

 पाकिस्तानी सेना ने उत्तरी वजीरिस्तान क्षेत्र से 80 फीसदी आतंकियों का सफाया कर दिया है। यह क्षेत्र तहरीक-ए-तालिबान का गढ़ रहा है। सेना ने आतंकियों के सफाए के लिए जून में ऑपरेशन जर्ब-ए-अज्ब का एलान किया था।

जून में कराची इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आतंकियों के भीषण हमले के बाद सेना ने यह अभियान शुरू किया था। इस हमले में 37 लोग मारे गए थे। तीन महीने से चल रहे इस अभियान के बाद सेना ने कहा कि उसने क्षेत्र से 80 फीसदी आतंकियों का सफाया कर दिया है। वायुसेना ने अभियान को गति देते हुए आतंकियों के संदिग्ध ठिकानों पर हमले किए। नक्शे के हिसाब से अब उत्तरी वजीरिस्तान का एक तिहाई हिस्सा आतंकियों से खाली कराना बाकी है। कुछ महीनों में शुरू हो रही ठंड सेना के लिए चुनौती बन सकती है। 15 जून से शुरू हुए इस ऑपरेशन में सेना के 44 जवान मारे गए। वहीं सेना ने 900 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने का दावा किया है। 

iS killed the brother of Hans defend Islam

जिहादियों के हाथों मारे गए ब्रिटिश नागरिक डेविस हेंस के भाई माइक ने कहा है कि उनके भाई की हत्या के लिए इस्लाम नहीं चरमपंथ जिम्मेदार है। हेंस से पहले इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया [आइएस] दो अमेरिकी पत्रकारों के भी सिर कलम कर वीडियो जारी कर चुका है।

मकसद था प्यार फैलाना

एक साक्षात्कार में हेंस ने कहा, 'मेरे भाई की मौत पर मेरी पहली प्रतिक्रिया नफरत भरी हो सकती थी। लेकिन मेरे भाई के जीवन का मकसद लोगों के बीच नफरत नहीं प्यार फैलाना था। धर्म को लेकर कंट्टरता दुनिया के हर इंसान की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनी हुई है। आजकल जिंदगी के हर पहलू में कंट्टरता ने अपनी जगह बना ली है।' उन्होंने कहा, आइएस की क्रूरता के लिए मुस्लिम धर्म को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता और न ही यह मध्य पूर्वी मूल के लोगों की गलती है। दो बच्चों के पिता और सहायता मिशन में काम कर रहे हेंस [44] का अपहरण 2013 में सीरिया से किया गया था।

धर्म या राजनीति का मुद्दा नहीं

माइक हैंस ने कहा, यह कोई नस्ल, धर्म या राजनीति का मुद्दा नहीं है। यह मानवीय मुद्दा है। मुझे कुरान की बहुत सी ऐसी आयतें पता है जो आज के युग पर सटीक बैठती हैं। जिनमें कहा गया है कि अच्छाई की मदद से बुराई को पीछे धकेलना चाहिए।

आइएस में कई देशों के युवा

आइएस में दुनियाभर के कई देशों के युवा हैं। ऐसे युवा इससे जुड़ रहे हैं, जो आमतौर पर समाज द्वारा नजरअंदाज किए गए हैं। आइएस अपने लड़ाकों को आकर्षक धन देने का भी प्रलोभन देता है। यूरोप, एशिया, अफ्रीका, अमेरिका, आस्ट्रेलिया महाद्वीप के कई देशों के युवा इस आतंकी संगठन में शामिल हैं। 

Delhi HC dismisses a PIL seeking CBI probe into alleged business dealings done by Robert Vadra's firms

दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को उस जनहित याचिका को खारिज कर दिया है जिसमें रॉबर्ट वाड्रा की कंपनियों द्वारा किए गए कथित व्यावसायिक सौदों की सीबीआइ से जांच कराने की मांग की गई थी। गौर हो कि एक याचिका दायर कर वाड्रा की कंपनियों द्वारा किए गए सौदों की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई थी।

हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस जी. रोहिणी और जस्टिस आर. एस. एंडलॉ की पीठ ने जनहित याचिका पर नोटिस जारी नहीं किया था। इस पीठ ने वकील एम. एल. शर्मा की बहस सुनने के बाद 9 जुलाई को अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था।

शर्मा ने व्यक्तिगत तौर पर यह याचिका दायर की थी। अपनी याचिका में शर्मा ने कहा था कि दिल्ली में कार्रवाई की जरूरत पैदा हो गई थी, क्योंकि प्रधानमंत्री कार्यालय, कैग एवं शहरी विकास मंत्रालय जैसे विभिन्न कार्यालय और संवैधानिक संस्थाएं यहां स्थिति हैं।

राबर्ट वाड्रा पर राजस्थान व हरियाणा में जमीन खरीद के लिए नियमों को ताक पर रखकर लाइसेंस लेने का आरोप है। अधिवक्ता एमएल शर्मा ने याचिका में आरोप लगाया है कि वाड्रा सहित कई डेवलपर्स को हरियाणा में लगभग 21,366 एकड़ कृषि भूमि के लिए लाइसेंस जारी किए गए। इसके बाद नियमों को ताक पर रख कृषि भूमि पर कालोनियां बना दी गई। इससे सरकार को 3.9 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। लिहाजा इस मामले की सीबीआइ से जांच कराई जाए।

Youth Heroes in Kashmir flood

दिल्ली निवासी पर्वतारोही करण कौशिक ने फेसबुक वॉल पर लिखा, दोस्तों कश्मीर में बाढ़ आई है और हमें वहां मदद के लिए चलना चाहिए। मैं तो जा रहा हूं। मुंबई की पर्वतारोही अनीषा सुब्रमण्यम ने इस संदेश को लाइक किया और श्रीनगर जाने की तैयारी कर ली। पानी में जीवन बचाने की तकनीक में माहिर विश्रुती जाखड़ से बात हुई तो वह भी संग हो लीं। ऐसे कई युवा श्रीनगर में अब राहत मिशन के लिए साथ हैं।

अनीषा कहती हैं कि उन्होंने बीते साल उत्तराखंड में आई बाढ़ के बाद भी दो महीने तक राहत और बचाव के लिए अपनी सेवाएं दी थीं। यहां भी बीते दस दिनों से काम कर रही हैं। साथ देने वालों में ऑस्ट्रेलियाई पर्यटक टिमोथी स्मिथ भी हैं। भारी बारिश और बाढ़ के बाद संभलने की कोशिश कर रहे जम्मू-कश्मीर में अभी भी बड़ा इलाका ऐसा है जहां न तो मदद पहुंच पाई है और न ही नुकसान का आकलन हो पाया है। कई गांव टापू बन गए हैं जहां लोग फंसे हैं। चोरियों के डर से लोग अपना घर छोड़ने से भी डर रहे हैं। ऐसी हालत में फंसे लोगों तक खाना, दवाइयां पहुंचाने की कोशिश हो रही है।

सेना और सरकारी तंत्र अपनी तरफ से कोशिशें कर रहे हैं, लेकिन जब पूरा मुल्क इस त्रासदी को देख रहा है तो कुछ जांबाज मुश्किल में फंसी इंसानियत के मदद के लिए वहां पहुंच गए हैं। ऐसे ही स्वयंसेवकों की टीम के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-14 से कुछ दूर टेंगपोरा और केनिहामा से राहत सामग्री देकर लौटे डॉ. मुश्ताक अहमद पेशे से सर्जन हैं। कोशिश करते हैं कि मदद के साथ ही बाढ़ में फंसे लोगों को डॉक्टरी सलाह भी पहुंचाई जा सके। इस बीच सरकार और सैन्य एजेंसियों के अलावा बड़ी कोशिशें गैर-सरकारी संगठनों और सामुदायिक टीमों की भी हैं। श्रीनगर के रावलपोरा स्थित गुरुद्वारे ने राहत के लिए अपने साधन और दरवाजे खोल दिए हैं।

विहिप के मेडिकल कैंप में 14 सौ लोगों का इलाज

जम्मू। विश्व ¨हदू परिषद द्वारा लोगों को चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराने के लिए तीन दिवसीय मुफ्त चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 14 सौ लोगों का इलाज किया गया। विहिप ने 13 सितंबर से संभाग में भारतीय जन सेवा संस्थान तथा बाबा अमरनाथ यात्री न्यास शिविर का आयोजन किया था। शिविर में यंग ब्लड एसोसिएशन की ओर से मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

फौज हमारे लिए भगवान बनी

जम्मू। यहां से मात्र कुछ किमी. दूर स्थित गांवों के निवासियों के लिए तवी में आई बाढ़ के दौरान सेना ही भगवान बन कर पहुंची। बाढ़ ने ग्रामीणों के घरों को उजाड़ दिया। जम्मू के एक सरकारी स्कूल में सेना द्वारा बनाए गए कैंप में एक सप्ताह से अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ रह रहे शम्मी कुमार कहते हैं कि हमारा मकान बाढ़ में बह गया और हमारे पास कुछ भी नहीं बचा है। सूर्य चक सरकारी हाई स्कूल में सेना द्वारा चलाए जा रहे कैंप में सैकड़ों लोग शरण लिए हुए हैं। पश्चिमी पाकिस्तान के एक शरणार्थी सुख चंद कहते हैं कि हमारा सबकुछ बाढ़ में बह गया, हमारे खेत की फसल तबाह हो गई और ऐसे समय में हमें राहत देने के लिए मात्र सेना ही आगे आई है।

मां वैष्णो देवी दरबार में हेलीकाप्टर सेवा सुचारू

कटड़ा। मौसम में सुधार के साथ ही मां वैष्णो देवी दरबार में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हो गई। वहीं, नए मार्ग पर बैट्री कार सेवा भी जारी है। श्रद्धालु प्राचीन गुफा से भी मां के दर्शन कर रहे हैं। पहली बार सितंबर में प्राचीन गुफा से होकर श्रद्धालु मां के दर्शन कर रहे हैं। राज्य में आई बाढ़ के चलते मां वैष्णो देवी यात्र के लिए कम संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। सितंबर में पच्चीस से तीस हजार श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रोजाना आते थे। वर्तमान में यह आंकड़ा मात्र पांच से छह हजार पहुंच गया है। इसके कारण वैष्णो देवी भवन सहित आधार शिविर कटड़ा सूना-सूना नजर आ रहा है। वहीं, नवरात्र महोत्सव के सदस्यों का कहना था कि वर्तमान में महोत्सव अवश्य होना चाहिए। इससे परंपरा बनी रहेगी।

Google launches android one phone in india

आखिरकार गूगल द्वारा गूगल एंड्रायड वन से लैस स्मार्टफोन को भारतीय स्मार्टफोन बाजार में लांच कर दिया गया है। एंड्रायड वन ऑपरेटिंग सिस्टम स्मार्टफोन को लांच करने के लिए गूगल ने भारतीय कंपनियों (माइक्रोमैक्स, कार्बन व स्पाइस) की मदद ली है।

गूगल द्वारा लांच किए जा रहे यह सभी मोबाइल बजट स्मार्टफोन होंगे ताकि कंपनी भारत में ज्यादा से ज्यादा ग्राहक बटोर सके। इन स्मार्टफोन को लांच होते ही ऑनलाइन स्टोर फ्लिपकार्ट, अमेजन व स्नैपडील पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा यह स्मार्टफोन बाजार में रिलायंस डिजिटल, क्रोमा व द मोबाइल स्टोर पर भी उपलब्ध होंगे।

कंपनी का कहना है कि भारत के बाद, साल के अंत तक गूगल जल्द ही इंडोनेशिया, फिलीपींस व दक्षिणी एशियाई देशों में भी इस ऑपरेटिंग सिस्टम को लांच करेगा।

गूगल द्वारा तीन नए एंड्रायड वन स्मार्टफोन पेश किए गए हैं जिसमें से पहला है स्पाइस एंड्रायड वन ड्रीम यूएनओ एमआई-498 जिसकी कीमत होगी 6,999 रुपये। दूसरा स्मार्टफोन है कार्बन स्पार्कल वी और इसकी कीमत है 6,399 रुपये। आखिरी स्मार्टफोन है कैनवस ए1 स्मार्टफोन, जिसकी कीमत का फिलहाल खुलासा नहीं किया गया है।

यह सभी स्मार्टफोन ढेर सारे बेहतरीन फीचर्स से लैस हैं जिसमें से एक है स्थानीय भाषाओं का होना। इसकी मदद से लोगों के बीच भाषाओं का अंतर कम हो जाएगा व ग्राहक आसानी से किसी भी भाषा में, जिसमें उन्हें ठीक लगे, उसमें वे अपने दोस्तों को वॉइस कमांड व टेक्स्ट मेसेज भेज सकते हैं।

गूगल के इस प्रस्ताव से यह साफ होता है कि कंपनी ना केवल स्मार्ट यूजर्स की खोज में है बल्कि इन स्मार्टफोन की मदद से कंपनी उन ग्राहकों पर भी काम कर रही है जिन्हें अंग्रेजी समझने में मुश्किल होती है।

एंड्रायड वन के आने के साथ-साथ ग्राहकों के लिए एक और अच्छी खबर है। भारत की विख्यात दूरसंचार कंपनियां भारती एयरटेल व रिलायंस कम्यूनिकेशन द्वारा खासतौर पर एंड्रायड वन डिवाइस पर ग्राहकों को डाटा प्लान के लिए लाभकारी ऑफर्स दिए जाएंगे। 

Naxal attack on police searching team in gadchiroli

मध्यप्रदेश के नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले में महाराष्ट्र पुलिस की सर्चिंग के लिए प्रवेश करने की खबर है। सूत्रों के मुताबिक सोमवार दोपहर गढ़चिरौली के धनौरा और सावरगांव के बीच एरकुड़ में नक्सलियों ने विस्फोट कर सर्चिंग पार्टी पर प्राणघातक हमला किया है। जिसमें आधा दर्जन से अधिक जवान घायल हुए हैं।

सूत्रों के अनुसार चार जवानों को हेलिकॉप्टर की मदद से गंभीर हालत में इलाज के लिए नागपुर ले जाया गया है। उल्लेखनीय है कि लगातार जिले की सीमा में नक्सली अपनी पैठ बढ़ा रहे हैं। छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र व मध्यप्रदेश की पुलिस द्वारा साझा अभियान के चलते नक्सलियों पर दबाव बढ़ रहा है।

जिसके चलते नक्सलियों का पुलिस से सामना हो रहा है। बीते सप्ताह जिले के बिरसा थाना क्षेत्र में भी पुलिस व नक्सलियों की बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसके बाद से लगातार पुलिस जंगलों में सर्चिंग कर रही है। महाराष्ट्र व छत्तीसगढ़ में वारदात कर नक्सली बालाघाट में प्रवेश करते हैं। जिसके चलते यहां वर्षभर नक्सलियों की मौजूदगी बनी रहती है। बालाघाट नक्सलियों के लिए शरणस्थली बना हुआ है।

Notification for plying of e-rickshaws soon: Nitin Gadkari

ई-रिक्शा पर रोक हटवाने की कोशिशों में जुटी केंद्र सरकार ने इन्हें नियमित करने के लिए अधिसूचना का मसौदा तैयार कर लिया है। इसे वेबसाइट पर डालकर जनता से राय मांगी है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि 10 दिन बाद ई-रिक्शा नियमित करने की अधिसूचना जारी की जाएगी और इससे जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

गडकरी सोमवार को सरकार के सौ दिन पर अपने मंत्रालय की उपलब्धियों से संबंधित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, अधिसूचना का मसौदा तैयार कर लिया गया है। 10 दिनों बाद इसे जारी कर दिया जाएगा। इसमें कोर्ट की तमाम चिंताओं का समाधान किया गया है। 10 दिन बाद कानूनी संशोधनों पर निर्णय ले लिया जाएगा। गडकरी ने कहा, ई-रिक्शा पर राजनीति से मेरा कुछ लेना-देना नहीं है। हमने तो हाथ रिक्शा जैसा मानते हुए गरीबों के रोजगार के मद्देनजर इन्हें मोटर वाहन अधिनियम से बाहर किया था। इन पर रोक से मुझे बहुत पीड़ा हुई है। दिल्ली हाई कोर्ट ने ई-रिक्शे को खतरनाक बताते हुए इसी साल 31 जुलाई को दिल्ली समेत पूरे देश में इनके परिचालन पर रोक लगा दी थी और कई सुनवाई के बाद भी रोक हटाने को तैयार नहीं हुआ। 9 सितंबर को हुई सुनवाई में भी कोर्ट ने कहा था कि हम गैरकानूनी कार्य की इजाजत कैसे दे सकते हैं? मौजूदा कानून के अनुसार ई-रिक्शा गैरकानूनी है। लिहाजा जब तक सरकार कानून में संशोधन नहीं करती, रोक जारी रहेगी। कोर्ट ने इस संबंध में कदम उठाने की जिम्मेदारी सरकार और संसद पर छोड़ दी थी। दूसरी ओर, केंद्र सरकार व ई-रिक्शा चालकों से जुड़े संगठनों की दलील थी कि जब तक ई-रिक्शा की बाबत सरकार और संसद की ओर से समुचित प्रावधान नहीं हो जाते, सरकार के तात्कालिक दिशानिर्देशों के आधार पर इन्हें चलाने की अनुमति दी जानी चाहिए। इससे हजारों गरीब परिवारों का रोजी-रोटी का संकट दूर होगा और साथ ही आम लोगों को सस्ती सवारी का साधन भी मिल जाएगा।

Kolkata: Woman denied entry into restaurant for being rape survivor, FIR filed

चर्चित पार्क स्ट्रीट दुष्कर्म कांड की पीड़िता को महानगर के एक रेस्तरां में घुसने से रोक दिया गया। पीड़िता ने सोमवार को कालीघाट थाने में रेस्तरां प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। महिला ने आरोप लगाया कि कोलकाता स्थित रेस्तरां-कम-बार में उसे दुष्कर्म पीड़िता बताते हुए नहीं घुसने दिया गया।

40 वर्षीय महिला का कहना है कि वह पिछले दिनों जिंजर नामक रेस्तरां-बार में जा रही थी, लेकिन रेस्तरां प्रबंधक ने यह कहते हुए अंदर नहीं जाने दिया कि मैं दुष्कर्म पीड़िता हूं। उन्होंने कहा कि ऊपर से आदेश मिले हैं कि मुझे रेस्तरां में प्रवेश न दिया जाए। इस पर महिला ने कहा कि मेरे साथ दुष्कर्म हुआ तो इसमें मेरा क्या कसूर है? क्या मैं सामान्य जीवन जीने की कोशिश नहीं कर सकती? रेस्तरां प्रबंधन ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वह महिला मुसीबतें खड़ी कर देती है। रेस्तरां के मालिक दिप्तेन बनर्जी का कहना है कि ये आरोप गलत है कि महिला को दुष्कर्म पीड़िता होने की वजह से अंदर नहीं जाने दिया गया। दरअसल, वह कई बार बखेड़ा खड़ा कर चुकी है। हम आपको वीडियो फुटेज भी दिखा सकते हैं कि शराब पीने के बाद उसने किस तरह बवाल किया था।

गौरतलब है कि दो बच्चों की मां इस महिला ने फरवरी, 2012 में आरोप लगाया था कि चलती कार में हथियार दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और सड़क पर फेंक दिया गया। मामले में पांच लोगों को आरोपी बनाया गया, जिसमें तीन जेल में हैं और इस चर्चित मामले का मुख्य आरोपी समेत दो अब तक फरार हैं।

Bypoll results: Samajwadi Party leads in UP, bjp won 3 seats in Gujarat

लोकसभा की तीन और विधानसभा की 33 में से 32 सीटों पर मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। इन सभी सीटों पर 13 सितंबर को मतदान हुआ था। वहीं छत्तीसगढ़ की अंतागढ़ सीट पर वोटों की गिनती 20 सितंबर को होगी।

लोकसभा उपचुनाव-

गुजरात की वडोदरा लोकसभा सीट से भाजपा की रंजन बेन भट्ट ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को हराकर जीत दर्ज कर ली है। वहीं यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव अपने प्रतिद्वंदी से करीब दो लाख मतों से आगे चल रहे हैं। वहीं तेलंगाना की मेडक लोकसभा सीट से टीआरएस आगे चल रही है

उत्तर प्रदेश-

यूपी की ग्यारह विधानसभा सीटों से कुछ के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। इनमें सपा ने चार सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि चार सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, भाजपा तीन सीटों पर आगे चल रही है।

-चरखारी : सपा के कप्तान सिंह जीते

- सिराथू : सपा के वाचस्पति जीते

- बल्हा : सपा के बंशीधर बौद्ध 25,181 मतों से जीते

- ठाकुरद्वारा : सपा के नवाब जान जीते

- सहारनपुर नगर : भाजपा के राजीव गुंबर लगभग 25 हजार मतों से जीते

- हमीरपुर : सपा के शिवचरण प्रजापति जीते

- रोहनिया : सपा के महेंद्र सिंह पटेल जीते

- निघासन : सपा के कृष्ण गोपाल पटेल जीते

- बिजनौर : सपा की रुचि वीरा 11667 मतों से जीती

- लखनऊ पूर्व : भाजपा के आशुतोष टंडन जीते

- नोएडा : भाजपा की विमला बाथम आगे

गुजरात-

प्रारंभिक नतीजों को मुताबिक गुजरात की नौ विधानसभा में चार सीट पर भाजपा तो दो सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। भाजपा ने टंकारा और मणिनगर, खेड़ा और आणंद से जीत दर्ज की जबकि मंगरौल और दीसा से कांग्रेस जीती है।

- मणिनगर : भाजपा के सुरेशभाई दांजीभाई पटेल जीते

- टंकारा : भाजपा के शिवाभाई जेरमभाई गोहिल जीते

- आणंद : भाजपा के रोहितभाई जसुभाई पटेल जीते

- लिमखेड़ा : भाजपा के विछियाभाई बहुरिया जीते

- दीसा : कांग्रेस के गोवाभाई राबरी जीते

- मंगरौल : कांग्रेस के बाबूभाई वाजा जीते

- मतर : भाजपा के केसरीसिंह जेसनभाई सोलंकी आगे

- खंभालिया : भाजपा के मुलुभाई बेरा आगे

राजस्थान -

राजस्थान की चार में से चार सीटों पर परिणाम घोषित हो गए हैं। यहां नसीराबाद, सूरजगढ़ और वेर सीट से कांग्रेस और कोटा से भाजपा ने जीत दर्ज की है।

- कोटा : भाजपा के संदीप शर्मा ने कांग्रेस के शिवकांत नंदवाना को 25 हजार से अधिक मतों से हराया है। शर्मा को 84526 मत पड़े जबकि शिवकांत को 58526 वोट पड़े।

- नसीराबाद : कांग्रेस प्रत्याशी रामनारायण गुज्जर ने भाजपा की सरीता जेना को 386 मतों से हराया। रामनारायण को 66648 और सरीता को 66262 मत मिले

- वेर : कांग्रेस के भजनलाल जाटव ने 25000 वोटों से बीजेपी के गंगाराम कोली को हराया।

- सूरजगढ़ : कांग्रेस के श्रवणकुमार ने भाजपा के डॉ. दिगम्बरसिंह को 3271 वोटों से हराया।

पश्चिम बंगाल-

टीएमसी ने चौरंगी और भाजपा बसीरहट से जीत दर्ज की

तेलंगाना-

तेलंगाना की मेडक लोकसभा सीट से टीआरएस आगे चल रही है

आंध्र प्रदेश

नंदीगामा से टीडीपी प्रत्याशी टी सौम्या ने अपने निकटतम प्रत्याशी कांग्रेस के बोडापति बाबू राव को 75 हजार मतों से हराया। सौम्या को करीब 99648 मत मिले जबकि राव को 24921 मत प्राप्त हुए।

Akhilesh yadav happy in by poll

मैनपुरी लोकसभा व 11 विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी को मिली सफलता पर गदगद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी काफी प्रसन्न हैं।

आज कैबिनेट की बैठक के बाद अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता विकास व खुशहाली के रास्ते पर ले जाने वालों के समर्थन में है। सांप्रदायिकता के नाम पर वोट बटोरने वालों को इस परिणाम से सबक मिल ही गया होगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार शुरू से ही प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने का काम कर रही है। हमारी सारी योजनाएं समय से पूरी हो रही हैं और जनता को इसका लाभ भी मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के पक्ष में वोट देकर अन्य दलों को चेतावनी भी दे दी है कि जनता किसी के बहकावे में आने वाली नहीं है।

Facebook's passion took him to the police station

बहराइच में फेसबुक पर दोस्ती के बाद प्रेमजाल में फंसी एक शादीशुदा महिला को ऐसा झांसा मिला कि वो थाने की शरण में पहुंच गई। प्रेमी से मिलने बहराइच के हरदी थाना क्षेत्र के गांव पहुंची प्रेमिका को जब उसका मोबाइल बंद मिला तो वह इधर-उधर भटकने लगी। महिला को अकेला पाकर युवक उस पर छींटाकशी करने लगे। यह देख उसने शोर मचाया। आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पुलिस को दी गई। जहां से वह महिला को थाना लाई। पुलिस ने महिला के परिवारवालों को सूचना दी। जिसके बाद परिजन उसे घर ले गये।

गोंडा कोतवाली देहात क्षेत्र के गोढ़वा की महिला की फेसबुक पर बहराइच के हरदी थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक से दोस्ती बढ़ी। दोनों ने फेसबुक के जरिये मोबाइल नंबर एक दूसरे को दिये। इसके बाद बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ, जो प्रेम में तब्दील हो गया। महिला शादीशुदा होने के बावजूद युवक के झांसे में आ गई। युवक ने महिला पर अपने घर आने का दबाव बनाया। इसके बाद शादी करने का झांसा देकर उसे बहराइच बुलाया। महिला को बहराइच के हरदी थाना क्षेत्र के गांव को निकल पड़ी। इस दौरान दोनों एक दूसरे के सम्पर्क में रहे। देर शाम वह युवक के बताये गये पते पर पहुंच गई। उसके बाद युवक का मोबाइल बंद हो गया।

इसी दौरान महिला को अकेला देख कुछ अराजक तत्वों की निगाहें उस पर पड़ी जो उससे छेड़खानी करने लगे। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस महिला को थाने ले आई जहां से क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर उसे महिला थाने की सुपुर्दगी में किया गया। महिला थानाध्यक्ष सरोज शर्मा ने जब युवती से पूछताछ की तो पता चला कि फेसबुक की दीवानगी उसे थाने तक ले आई। महिला थानाध्यक्ष ने महिला के परिजनों को पूरी जानकारी दी जिसके बाद परिजन उसे अपने साथ गोंडा ले गये।

Yasin was disrupted relief

बाढ़ से आई तबाही के शुरुआती दिनों में छिपे रहे अलगाववादी नेता अब राहत कार्यों में अड़चन डालने के साथ माहौल खराब करने में जुटे हुए हैं।

उनकी ओर से यह दिखावा भी किया जा रहा है कि वे मुसीबत में फंसे लोगों की सहायता करने में सक्षम हैं। इसके लिए वे राहत कार्यों में लगे लोगों से उनकी नौका और राहत सामग्री छीनने से भी बाज नहीं आ रहे हैं।

जेकेएलएफ नेता यासीन मलिक का एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसमें वह नौका से राहत सामग्र्री बांटने गए कांग्र्रेसी कार्यकर्ताओं से यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि इस इलाके में राहत का काम हम ही करेंगे। वह और उनके समर्थक उन्हें राहत सामग्र्री और नौका छोड़ कर जाने को भी मजबूर करते हैं।

इसके पहले एक अन्य घटना में यासीन मलिक ने एक बीमार महिला को सेना की नौका से उतरने के लिए कहा था। जब उसकी इस हरकत के खिलाफ लोगों ने आवाज उठाई तो उन्हें धमकाकर चुप करा दिया गया।

SRK open to promoting 'Happy New Year' on Salman Khan's 'Bigg Boss'

रियलिटी शो बिग बॉस में जो कभी नहीं हुआ, वो इस सीजन में देखने को मिल सकता है। जी हां, सलमान खान के बिग बॉस का होस्ट रहते पहली बार शाहरुख खान बिग बॉस के घर जा सकते हैं।

सलमान जब से बिग बॉस को होस्ट कर रहे हैं, शाहरुख कभी अपनी फिल्म का प्रमोशन करने के लिए इस शो में नहीं गए। हाल में सलमान ने कहा था कि वे बिग बॉस में शाहरुख खान की फिल्म हैप्पी न्यू ईयर का प्रमोशन के लिए तैयार हैं।

शाहरुख ने हैप्पी न्यू ईयर के म्यूजिक लॉन्च पर कहा, 'ये सलमान भाई और बिग बॉस की महानता है कि उन्होंने मेरे बारे में सोचा। बिग बॉस में हैप्पी न्यू ईयर का प्रमोशन मार्केटिंग टीम तय करेगी। लेकिन अगर मुझे मौका मिला तो मैं जरूर वहां जाऊंगा।' शाहरुख ने यह भी कहा कि अगर वो कुछ वजहों से बिग बॉस में नहीं जा पाए, तो इसे गलत ना लिया जाए।

बिग बॉस 21 सितंबर से शुरू हो रहा है, जबकि हैप्पी न्यू ईयर 24 अक्टूबर को रिलीज होगी।

Friday, 12 September 2014

Imran Khan seeks explanation over Sahrif's overseas assets

प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खिलाफ लगभग एक महीने से विरोध प्रदर्शन कर रहे इमरान खान ने उन पर अवैध रूप से विदेश में संपत्तियां जुटाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पीएम ने यूरोप में कई जगह संपत्ति खरीदी और करोड़ों रुपये का निवेश किया है। इमरान ने नवाज से इस बारे में स्पष्टीकरण देने की मांग की है।

तहरीक ए इंसाफ (पीटीआइ) पार्टी के प्रमुख ने सीधा निशाना साधते हुए कहा, 'नवाज शरीफ मैं आपसे पूछता हूं कि इतना पैसा आपके पास कहां से आया।' इमरान के मुताबिक, लंदन के हाइड पार्क में शरीफ ने करीब 80 करोड़ रुपये की संपत्ति अपने बेटे हुसैन नवाज के जरिये खरीदी है। यह सवाल संसद में कभी नहीं पूछा जाएगा क्योंकि विपक्ष भी भ्रष्ट है। नवाज अपने भाई शाहबाज के साथ मिलकर अपने कारोबार को फायदा पहुंचाने के लिए काम करते हैं।

इमरान ने घोषणा की कि सरकार के विरोध का एक महीना पूरा होने पर वह जश्न मनाएंगे। पीटीआइ और ताहिर उल कादरी की अवामी तहरीक ने प्रधानमंत्री के इस्तीफे के लिए 15 अगस्त को प्रदर्शनों की शुरुआत की थी। उनका आरोप है कि नवाज ने पिछले साल हुए चुनावों में धांधली की थी। डॉन आनलाइन के मुताबिक, एक दिन पहले इमरान ने समर्थकों से सरकार के खिलाफ और ज्यादा सुबूत जुटाने को कहा। इमरान ने सरकार के मंत्री के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि इमरान और ताहिर उल कादरी के प्रदर्शनों के चलते देश को कई खरब रुपयों का नुकसान हुआ है। उन्होंने मांग की कि मंत्री अपने इस आरोप को साबित करके दिखाएं। एक दिन पहले सरकार के साथ चौदहवें दौर की वार्ता के बाद पीटीआइ के वाइस चैयरमैन शाह महमूद कुरैशी ने बताया कि हम नतीजे की ओर बढ़ रहे हैं। देश के वित्त मंत्री और सरकार की मध्यस्थता टीम के सदस्य मोहम्मद इशाक डार ने भी कुरैशी के वक्तव्य का समर्थन किया है।