Showing posts with label hindi newspaper. Show all posts
Showing posts with label hindi newspaper. Show all posts

Thursday, 7 July 2016

आतंकी हमलों की जांच के लिए बांग्लादेश जाएगी एनएसजी की टीम

बांग्लादेश की जांच एजेंसिया ढाका में हुए आतंकी हमले की जांच कर ही रही थी कि गुरुवार को किशोरगंज में ईदगाह पर बम धमाका हो गया है।

इसी बीच भारत ने बांग्लादेश से बात कर मामले में जांच के लिए सहयोग की पेशकश की है जिसे बांग्लादेश ने स्वीकार कर लिया है। एनएसजी की टीम ढाका आतंकी हमले और आज किशोरगंज में हुए हमले की जांच करेगी। बताया जा रहा है कि एनएसजी की टीम आज रवाना होगी।

गौरतलब है कि ढाका हमले के बाद भारतीय एजेंसियों को सूचनाएं मिली थी कि आतंकी भारत में भी हमला कर सकते हैं।

आपको ये बता दें देश में जहां कहीं भी विस्फोट होता वहां पर छानबीन करने के लिए एनएसजी की टीम जाती है। एनएसजी के पास दुनियाभर में हुए बम विस्फोट का रिकार्ड भी है। बीते हफ्ते ढाका के एक रेस्टोरेंट में हुए आतंकी हमले में दो पुलिसकर्मियों समेत 22 लोगों की जान चली गई थी।

Source: Dainik Jagran hindi news

OMG! आदिरा को जन्‍म देने के बाद कितनी बदल गई रानी मुखर्जी

रानी मुखर्जी का नाम बॉलीवुड की टैलेंटेड एक्ट्रेसेस में शुमार किया जाता है। ये ऐसी एक्ट्रेस हैं जो टैलेंटेड होने के साथ गजब की खूबसूरत भी हैं। साल 2000 में उन्होंने बॉलीवुड में अपनी अदाकारी और खूबसूरती से धूम मचा दी थी। लेकिन अब अगर रानी को आप देखेंगे तो आपको अपनी आंखों पर यकीन ही नहीं होगा।

बॉलीवुड के सभी खान्स के साथ रानी मुखर्जी फिल्में कर चुकी हैं। पिछली बार रानी फिल्म 'मर्दानी' में नजर आई थीं, जिसे बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। इसके बाद रानी ने 21 अप्रैल 2014 को फिल्ममेकर आदित्य चोपड़ा से शादी कर घर बसा लिया। 9 दिसंबर 2015 को रानी ने एक प्यारी-सी बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम उन्होंने आदिरा रखा है।

बॉलीवुडलाइफ.कॉम की खबर के मुताबिक, रानी जब से आदित्य के साथ शादी के बंधन में बंधी, तब से उन्होंने खुद को मीडिया से दूर कर लिया। वह बॉलीवुड की पार्टियों में भी बहुत कम अपनी मौजूदगी दर्ज कराने लगीं। पिछले काफी समय से रानी के फैन उनकी एक झलक देखने के लिए बेसब्र थे। लेकिन रानी पिछले कुछ महीनों से पेरिस में थी। वहीं उनके पति आदित्य फिल्म 'बेफिक्रे' की शूटिंग में व्यस्त थे।

Source: Dainik Jagran

Monday, 4 July 2016

चीन का नया राग, कहा- NSG का सदस्य नहीं बन पाने पर हमें बदनाम न करे भारत

चीन ने भारत पर अारोप लगाते हुए कहा कि एनएसजी मुद्दे पर हमें बदनाम किया जा रहा है। उसे एेसा नहीं करना चाहिए। भारत की अोर से परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में भारत की सदस्यता को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीन को दोषी ठहराया जा रहा है।

चीनी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने एक संपादकीय में लिखा है कि भारतीय जनता और भारतीय मीडिया एनएसजी का सदस्य न बन पाने पर चीन पर अंगुली उठा रहा है। जबकि, सियोल में परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह की पूर्ण बैठक में कई अन्य देश एनटीपी के मुद्दे पर भारत का विरोध किया था।

संपादकीय में ग्लोबल टाइम्स ने भारतीय नागरिक और इंडियन मीडिया दोनों पर निशाना साधा है। इसके पहले पिछले हफ्ते भी ग्लोबल टाइम्स ने इन दोनों पर तीखी उंगली उठाई थी। ग्लोबल टाइम्स ने बाताया था कि चीन साउथ कोरिया की राजधानी सोल में एनएसजी की समग्र बैठक में भारत का विरोध क्यों कर रहा था। उसने यह भी बताया था कि केवल चीन ही नहीं बल्कि 10 और देश भारत की सदस्यता का विरोध कर रहे थे।

ग्लोबल टाइम्स ने कहा, 'सोल में एनएसजी की समग्र बैठक में भारत की सदस्यता को लेकर जो नतीजे आए उसे भारतीय नागरिक स्वीकार नहीं करना चाहते। ज्यादातर इंडियन मीडिया में चीन पर अारोप लगाया गया कि उसने भारत का विरोध किया। चीन को भारत विरोधी बताया गया और पाकिस्तान समर्थक।' कुछ इसी तरह पहले भी ग्लोबल टाइम्स ने भारतीयों और भारतीय मीडिया पर निशाना साधा था। तब उसने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा था कि भारत के राष्ट्रवादियों को व्यवहार करना सीखना चाहिए। ग्लोबल टाइम्स ने कहा था कि ये भारतीय अपने देश को सुपरपावर बनते देखना चाहते हैं लेकिन इन्हें यह नहीं पता है कि दुनिया की बड़ी ताकतें कैसे खेल खेलती हैं।

ग्लोबल टाइम्स ने एक बार फिर से कहा है कि इंडिया को एनएसजी की सदस्यता नहीं मिलनी चाहिए। इस अखबार ने संपादकीय में लिखा है, 'जो देश एनएसजी में शामिल होना चाहते हैं उन्हें पहले परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर करना होगा। भारत ने एनपीटी (परमाणु हथियारों के अप्रसार) पर हस्ताक्षर नहीं किया है। भारत के लिए इस किस्म के अपवाद को लाया जा सकता है लेकिन अन्य नॉन एनपीटी देशों को लेकर भी चीन का रुख ऐसा ही होगा।' चीन का कहना है कि भारत पहले एनपीटी पर हस्ताक्षर करे फिर एनएसजी में सदस्यता हासिल करने की कोशिश करे।  Read more http://www.jagran.com/

चादर की तरह लपेटी जा रही सड़क, फोटो वायरल हुई तो बिफरे Dy. CM तेजस्वी

सोशल एक्टिविस्ट मधु किश्वर के एक ट्वीट पर बिहार में बवाल मचा है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर एक फोटो शेयर करते हुए लिखा है कि बिहार के एक फ्रेंड ने ये फोटो शेयर की है, जो वहां सड़क निर्माण में घोटाले की सच्चाई बयां कर रही है। फाेटो में फोटो में एक युवक सड़क को चादर की तरह लपेटता दिख रहा है।

फोटो के वायरल होने के बाद डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा है कि ये बिहार नहीं बल्कि बांग्लादेश की फोटो है। उन्होंने इस तरह का भ्रम फैलाने के लिए मधु किश्वर को आड़े हाथों लिया है। इसपर मधु किश्वर की प्रतिक्रिया अभी नहीं आई है।

विदित हो कि दो दिनों से ट्विटर पर यह फोटो वायरल है। लोगों ने फोटो शेयर कर दावा किया है कि यह बिहार की है। लोगों ने बिहार में सड़क निर्माण में घोटाले की बातें कही हैं।

बिहार में पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के पास है। तेजस्वी भी सोशल मीडिया पर इस फोटो के वायरल होने के बाद इसकी सच्चाई के साथ सामने आए हैं। उन्होंने #MatBadnamKaroBiharKo नाम से एक हैशटैग भी चलाया।

तेजस्वी ने लिखा कि बिहार को बदनाम करने में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ रही है। पर, सुन लो। जितना बदनाम करोगे, उतना ही बिहार आगे बढ़ेगा। उन्होंने सोशल एक्टिविस्ट मधु किश्वर को लिखा, "आपसे ये उम्मीद नहीं थी।"  Read more http://www.jagran.com/

Friday, 1 July 2016

इस भारतीय तेज गेंदबाज के तूफान से कहीं फिर ना उड़ जाएं वेस्टइंडीज के बल्लेबाज

भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ उनकी धरती पर आखिरी टेस्ट सीरीज वर्ष 2011 में धौनी की कप्तानी में खेला था। इस टेस्ट सीरीज में भारत ने वेस्टइंडीज को तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 से हराया था। इस पूरे सीरीज के दौरान इस भारतीय तेज गेंदबाज ने वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों की जमकर क्लास लगाई थी और पूरे सीरीज में छाए रहे।

वर्ष 2011 में वेस्टइंडीज में हुए तीन टेस्ट मैचों की सीरीज को भारत ने जीता था और भारतीय तेज गेंदबाज इशांत शर्मा का इस सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन रहा था। इशांत ने इस सीरीज के हर मैच में कैरेबियाई बल्लेबाजों को परेशान किया और खूब विकेट लिए। तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में इशांत ने कुल 22 विकेट लिए थे और 'मैन ऑफ द सीरीज' रहे थे। इशांत ने पहले टेस्ट की दोनों पारियों में 3,3 दूसरे टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 6,4 और तीसरे टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 5 और 1 विकेट लिए थे।

वेस्टइंडीज दौरे पर विराट का मुख्य हथियार इशांत शर्मा ही होंगे। उनके पिछले प्रदर्शन को देखते हुए ये उम्मीद की जा रही है कि वो वहां एक बार फिर से कामयाब होंगे। वैसे भी इशांत इस वक्त भारतीय गेंदबाजों में सबसे अनुभवी हैं और उनका अनुभव अन्य गेंदबाजों के काम भी आएगा। इशांत ने अपने करियर में अब तक 68 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें उनके नाम 201 विकेट है।

BSP के विरोधियों को जोड़ेंगे स्वामी प्रसाद मौर्य, 22 सितंबर को करेंगे रैली

बहुजन समाज पार्टी से नाता तोडऩे के बाद अब स्वामी प्रसाद मौर्य बसपा के विरोधियों को जोडऩे का मंच तैयार करेंगे। स्वामी प्रसाद ने बसपा से नाता तोडऩे के बाद आज लखनऊ में अपने समर्थकों के साथ बैठक की। अभी वह सारे पत्ते खोलने के मूड में नहीं हैं।

स्वामी प्रसाद ने बैठक के बाद दावा किया कि बहुजन समाज पार्टी छोडऩे वाले पूर्व विधायकों के साथ टिकट पाने से वंचित तथा बसपा में हाशिए पर रह रहे लोगों को जोडऩा मेरा लक्ष्य है। स्वामी प्रसाद ने बताया कि आज की बैठक में भी बहुजन समाज पार्टी के एक दर्जन से अधिक विधायक थे। इसके साथ ही कई पूर्व मंत्री तथा पार्टी के पदाधिकारी भी उनके साथ हैं। अगले कदम के बारे में स्वामी प्रसाद ने बताया कि अलग पार्टी बनाने के साथ ही अन्य निर्णयों पर वह जनमत संग्रह कराएंगे।

 स्वामी प्रसाद ने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य 22 सितंबर को लखनऊ में रमा बाई अम्बेडकर मैदान रैली स्थल को भरने का है। स्वामी प्रसाद को भरोसा है कि उनके साथ उत्पीडऩ की लड़ाई में बड़ा जनमानस आएगा। जिससे वह नया मोर्चा खड़ा करेंगे।

मायावती को कहा- महागद्दार की नानी

स्वामी प्रसाद ने अपने समर्थकों के साथ बैठक के बाद उत्तर प्रदेश के सभी राजनीति दलों पर हमला बोला। पहले उनके निशाने पर बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती थीं। स्वामी प्रसाद ने कहा कि मायावती महागद्दार की नानी है। टिकट बेचने के साथ ही वह रियल स्टेट की भी बड़ी दलाल है। उसके लिए पैसा ही सब कुछ है। उसने सारे मिशन तो लात मार दी है। अब सिर्फ दौलत की बेटी को हर तरफ से पैसा बटोरने की हवस है।

समाजवादी पार्टी में गुंडाराज कायम

समाजवादी पार्टी को भी बैठक के बाद स्वामी प्रसाद ने जमकर लताड़ा। स्वामी प्रसाद ने कहा कि इस पार्टी के लोग तो सिर्फ परिवारवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। कार्यकर्ता हाशिए पर हैं। इस पार्टी में तो गुंडों को बढ़ावा दिया जा रहा है। समाजवादी पार्टी में अब तो गुंडाराज कायम है।

भाजपा का नारा दंगाराज

स्वामी प्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी में जाने की खबर को मात्र अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि यह पार्टी तो प्रदेश में हर जगह दंगा कराना चाहती है। जिस तरह से सपा में गुंडाराज है, उसी तरह से भाजपा में हर तरह दंगाराज कायम है।

जानें, किस चहेते अफसर के चक्‍कर में फंसी यूपी सरकार, HC ने क्‍या दिया फरमान

नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना प्राधिकरण के चेयरमैन पर आखिरकार इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गाज गिरा दी। हाईकोर्ट ने एक बड़े आदेश में तीनों प्राधिकरण के चेयरमैन रमा रमण के कामकाज पर रोक लगा दी है। वरिष्ठ आइएएस अफसर रमा रमण की नियुक्ति को लेकर एक बार फिर कोर्ट ने अखिलेश सरकार के कामकाज को लेकर खिंचाई की है। हालांकि अभी तक प्रदेश सरकार की इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

बता दें कि हाईकोर्ट ने पूर्व में भी प्राधिकरण में रमा रमण की नियुक्ति को लेकर सवाल उठाए थे। तब कोर्ट ने सरकार से पूछा था कि आखिर सरकार की रमा रमण की तैनाती के पीछे क्या मजबूरी है। वह इतने वर्षों से प्राधिकरण में क्यों तैनात हैं।

रमा रमण के अधिकार जब्त

शुक्रवार को एक बार फिर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अपने सख्त निर्देश में रमा रमण के अधिकार जब्त करने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि प्राधिकरण चेयरमैन के अधिकार जब्त कर उनके कामकाज पर तत्काल रोक लगाई जाए।

इलाहाबाद HC ने पूछा, तीनों प्राधिकरणों का कार्यभार क्यों?

जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने सख्त लहजे में राज्य सराकर से पूछा कि आइएएस अधिकारी रमा रमण को तीनों प्राधिकरणों का कार्यभार क्याें दिया गया है?

अखिलेश सरकार को दिया आदेश, जल्द ट्रांसफर करें रमा रमण को

जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से कहा कि तीनों प्राधिकरणों का कार्यभार क्योँ दिया गया है। इसी के साथ दो हफ्ते में ट्रांसफर करने को कहा है।

Read more http://www.jagran.com/

NIA का दावा, ISIS के संपर्क में थे हैदराबाद में गिरफ्तार संदिग्ध

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को दावा किया कि यहां गिरफ्तार किए गए पांच व्यक्तियों को पश्चिम एशिया स्थित आतंकवादी संगठन आईएसआईएस से भारत में आतंकी गतिविधियों की सजिश रचने और उन्हें अंजाम देने के लिए दिशानिर्देश मिल रहे थे।

आईएस के साथ संलिप्तता वाले एक गुट से जुड़े होने के संदेह और बम हमले की साजिश रचने के आरोप में एनआईए द्वारा शहर से गिरफ्तार किए गए पांच संदिग्धों, मोहम्मद इब्राहिम यजदानी उर्फ इब्बू, हबीब मोहम्मद उर्फ सर, मोहम्मद इलयास यजदानी, अब्दुल्ला बिन अहमद अल अमूदी और मुजफ्फर हुसैन रिजवान को को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

एनआईए के अनुसार प्रारंभिक जांच के दौरान पाया गया कि गिरोह आतंकी कृत्यों को अंजाम देने के लिए आईईडी तैयार कर रहा था और इसके लिए गिरोह को एक ऑनलाइन हैंडलर से दिशा निर्देश दिए जा रहे थे। ऐसा संदेह है कि हैंडलर इराक या सीरिया में था। एजेंसी ने कहा कि आगे जांच जारी है।

इससे पहले एनआईए ने पुख्ता जानकारी के आधार पर पहले एक मामला दर्ज किया था कि हैदराबाद के कुछ युवक और उनके साथी देश के विभिन्न हिस्सों में धार्मिक स्थलों, संवेदनशील सरकारी इमारतों समेत सार्वजनिक स्थानों पर आतंकी हमले करने के लिए हथियार और विस्फोटक सामग्री एकत्र करके भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने की साजिश रच रहे हैं।

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का दावा, रघुराम राजन बनना चाहते थे RBI गवर्नर

आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन के मुद्दे पर सियासी खींचतान के बीच पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने सनसनीखेज दावा किया। उन्होंने कहा कि राजन आरबीआई के गवर्नर बनना चाहते थे। राजन को गवर्नर बनाकर उन्होंने उनका सम्मान किया। मनमोहन सिंह से एक साक्षात्कार में जब ये पूछा गया कि क्या राजन को पिछले दरवाजे से गवर्नर बनाया गया। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि गवर्नर की रेस में कई लोग थे। सरकार योग्य शख्स को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपना चाहती थी। रघुराम राजन की योग्यता नि:संदेह इस पद के लायक थी। जब मौका आया तो उन्हें आरबीआई गवर्नर की जिम्मेदारी दी गयी।

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक मनमोहन सिंह ने पहले राजन को पीएम का अवैतनिक सलाहकार बनाया। इसके बाद जब मुख्य आर्थिक सलाहकार का पद खाली हुआ तो राजन को ये जिम्मेदारी सौंपी गई। मुख्य आर्थिक सलाहकार के पद पर रहते हुए राजन ने ये इच्छा जाहिर किया कि जब गवर्नर का पद खाली हो तो उनकी अर्जी पर विचार किया जाए। इस मामले में तत्कालीन वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने भी सहमति जताई और राजन को आरबीआई का गवर्नर बनाया गया। ऐसा करके उन्होंने एक योग्य शख्स का सम्मान किया।

वित्त मंत्री-आरबीआई गवर्नर में होते रहे हैं मतभेद

मनमोहन सिंह ने कहा कि वित्त मंत्रियों और आरबीआई गवर्नर के बीच अनेक मुद्दों पर मतभेद होते रहे हैं। ये कोई नई बात नहीं है। लेकिन उनके कार्यकाल के दौरान रिश्ता बहुत सहज था। उनके समय रहे गवर्नर रंगराजन एक सीनियर टेक्नोक्रेट थे। जब की किसी मुद्दे को लेकर असहमति हुई तो दोनों लोगों ने मिलकर उस समस्या को सुलझाने की कोशिश की। लेकिन इस सरकार में आए दिन सरकार और आरबीआई के बीच टकराव की खबरें न्यूज हेडलाइंस बन जाती हैं।

राजन पर स्वामी साधते रहे हैं निशाना

रघुराम राजन के कार्यकाल की भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी आलोचना करते रहे हैं। उनके जरिए स्वामी ने वित्त मंत्री जेटली को निशाने पर ले लिया था। हालांकि पीएम मोदी ने एक साक्षात्कार में साफ कर दिया कि महज पब्लिसिटी के लिए बयानबाजी से बचना चाहिए। इसके अलावा पीएम ने ये भी कहा कि कोई भी शख्स व्यवस्था से ऊपर नहीं है। संस्थाओं का सम्मान करने की जिम्मेदारी हर एक शख्स की है।

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को है दुख

मनमोहन सिंह ने कहा कि 25 साल पहले 1991 में सत्ता में आने के बाद कांग्रेस के सामने आर्थिक समस्याएं खड़ी थीं। आर्थिक सुधारों के जरिए भारत को मुश्किलों से निकालने की कोशिश हुई। देश आर्थिक तौर पर सबल हुआ। लेकिन आज 25 साल बाद हालात फिर वही है, जो 1991 में थी। मनमोहन सिंह ने कहा कि तत्कालीन पीएम नरसिम्हाराव के सामने जब देश की आर्थिक बदहाली का जिक्र किया गया तो उन्होंने तत्काल कदम उठाने को कहा। उन्होंने जब आर्थिक सुधारों की प्रक्रिया शुरू की तो पार्टी के अंदर ही जबरदस्त विरोध था। लेकिन नाथू राम मिर्धा, मणिशंकर अय्यर ने उनके प्रयासों की सराहना की।

1991 में सोना गिरवी रखना जरुरत थी

मनमोहन सिंह ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने से पहले सोने की एक खेप को गिरवी रखा जा चुका था। कांग्रेस ने सिर्फ प्रक्रियाओं का पालन करते हुए दूसरी खेप को बिना किसी शोर-शराबे के गिरवी रखा। ये बात सच है कि विपक्ष ने कांग्रेस के इस कदम की आलोचना की। लेकिन हकीकत ये थी कि अगर ऐसा कदम नहीं उठाया गया होता तो देश मुश्किलों में फंस जाता और उससे निकलने का रास्ता बेहद ही कठिन था। 

Thursday, 30 June 2016

अब मुश्किल में चीन, NSG पर भारत के खिलाफ दांव पड़ सकता है उल्टा

कहते हैं कि राजनीति और कूटनीति में समय का बहुत ज्यादा महत्व होता है। जो फैसला आप के पक्ष में न हो इसका मतलब ये नहीं है कि आप उम्मीद छोड़ दें। 24 जून को सियोल बैठक में एनएसजी में भारत की दावेदारी पर चीन की चाल कामयाब हुई। लेकिन चीन अब मुश्किलों में है। उसकी मुश्किल के पीछे कई वजह हैं। जिसे क्रमवार जानने को कोशिश करते हैं।

सियोल में चीन के मुख्य वार्ताकार वैन कून ने चीनी शासन को भरोसा दिलाया था कि 48 सदस्यों वाले एनएसजी के एक तिहाई सदस्य चीन का समर्थन करेंगे। लेकिन वैन कून की रणनीति और कूटनीति औंधे मुंह गिर गई। चीन समेत महज चार देशों ने भारत की दावेदारी का विरोध किया। जानकारों का कहना है कि सियोल के परिणाम से भारत को जितनी निराशा हुई हो, उससे कम धक्का चीन को भी नहीं लगा। चीन को यकीन था कि कम से कम 15 देश उसका समर्थन करेंगे।

चीन को ये सब इतना नागवार लगा कि उसने मुख्य वार्ताकार वैन कून की सार्वजनिक तौर फटकार लगा डाली। चीन प्रशासन वैन कून की रणनीति पर सवाल उठाता रहा।

साउथ चीन सागर पर चीन की मुश्किल

साउथ चीन सागर के मुद्दे पर चीनी रणनीतिकार मुश्किल में हैं। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे पर हेग आरबिट्रेशन से कुछ दिनों में फैसला आ सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ये फैसला चीन के खिलाफ जा सकता है। आरबिट्रेशन कोर्ट फिलीपींस के समर्थन में फैसला सुना सकता है। कोर्ट के फैसले का मतलब ये होगा कि फिलीपींस की हड़पी गयी जमीन को चीन को वापस करना होगा। इस फैसले का इससे भी बड़ा असर ये होगा कि चीन युनाइटेड कन्वेंशन ऑन द लॉ ऑफ सी से बाहर हो सकता है जिसका वो सदस्य है।

भारत के पास है मौका

चीन को इस बात का डर है कि आरबिट्रेशन कोर्ट के फैसले के बाद भारत वही दांव खेल सकता है। जिसे चीन ने सियोल मीटिंग के दौरान किया था। जानकारों का कहना है कि हेग फैसले का हवाला देकर भारत, चीन को अकंलास से बाहर करने का दबाव बना सकता है। भारत को इस मुद्दे पर समर्थन जुटाने में मुश्किल भी नहीं आएगी। चीन का कहना है कि उसे 60 देशों का समर्थन हासिल है जो ये मानते हैं कि हेग आरबिट्रेशन अवैध है।

पश्चिमी देशों का भी मानना है कि साउश चीन सी के मुद्दे पर चीन को अलग-थलग होने का डर सता रहा है। चीन हेग आरबिट्रेशन के फैसले का इंतजार कर रहा है। हालांकि चीनी रणनीतिकार उनके हित में आड़े आने वाले कानूनों की वैधता पर ही सवाल उठा देते हैं। इसके उलट अगर अवैध कानून उसके हित को साधने में मदद देते हैं, तो चीन उन कानूनों को वैध बताने में गुरेज भी नहीं करता है।

Tuesday, 28 June 2016

नरसिम्हा राव की हिंदूवादी सोच की वजह से गिरी बाबरी मस्जिद : उप राष्ट्रपति

6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद गिराए जाने की घटना को राजनीतिक दल अलग-अलग ढंग से व्याख्या करते हैं। कुछ राजनीतिक दल भारत पर लगे दाग को मिटाने की बात मानते हैं। वहीं कुछ राजनीतिक दल उस दिन को काला दिन के तौर पर याद करते हैं। बाबरी मस्जिद गिराए जाने का गुनहगार कौन है। इस मामले की सुनवाई अदालत में लंबित है।

लेकिन उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने एक सनसनीखेज बयान में कहा कि कांग्रेस के नेता और तत्कालीन पीएम नरसिम्हाराव की हिंदुत्ववादी सोच की वजह से बाबरी मस्जिद गिरा दी गयी। विनय सीतापति द्वारा लिखी गई किताब हॉफ लॉयन के लोकार्पण के मौके पर हामिद अंसारी ने कहा कि अगर ये देश राव के अच्छे कामों का फायदा उठा रहा है। तो वहीं उनके गलत कामों का खामियाजा भी देश भुगत रहा है।

किताब के लेखक का कहना है कि नरसिम्हाराव ने कानून के हिसाब से काम किया था। बाबरी मस्जिद गिराए जाने में उनकी भूमिका नहीं थी। राव पर ये आरोप लगते रहे हैं कि उन्होंने बाबरी मस्जिद को बचाने के लिए कुछ किया ही नहीं था। किताब के लेखक का कहना है कि कांग्रेस कभी भी राव को लेकर दयालू नहीं रही। यही नहीं राव ने मुस्लिम वोटों को रिझाने के लिए कुछ ऐसे काम किए। जिसका खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ा। बाबरी मस्जिद के विध्वंस के बाद कांग्रेस ने राव को हासिए पर डालने का फैसला कर लिया था।

किताब के उद्घाटन के मौके पर मौजूद कांग्रेस के कद्दावर नेता मणिशंकर अय्यर मुस्लिमों को रिझाने वाले बयान पर आपत्ति दर्ज की। कांग्रेस ने राव को खतरे से आगाह किया था। हालांकि उन्होंने ढील दी।

उपराष्ट्रपति हामिद ने किताब में लिखे गए कई प्रसंगों का हवाला देते हुए कहा कि 1992 में कांग्रेस सरकार बहुमत से 10 सीट दूर थी। विपक्ष पूरी तरह बिखरा था। सामान्य तौर पर ये धारणा थी कि सरकार कमजोर है। लिहाजा राव सभी दलों के साथ संसदीय कार्रवाई को सही ढंग से चलाए जाने पर खासा ध्यान दे रहे थे। इस दौरान राव ने कई व्यक्तिगत संबंध विकसित किए थे। सरकार किसी भी कीमत पर अपनी सरकार को बचाना चाहती थी। इसके लिए कई अनैतिक प्रयास किये गए। 


Monday, 27 June 2016

पहली बार कुछ ऐसे इशांत ने प्रपोज किया था अपनी गर्लफ्रेंड को..

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने कुछ दिनों पहले ही बॉस्केटबॉल खिलाड़ी प्रतिमा सिंह के साथ सगाई कर ली। दोनों की शादी दिसंबर में होगी। इशांत की लव स्टोरी के बारे में किसी को उनकी सगाई से पहले तक कुछ भी पता नहीं था। सगाई के बाद प्रतिमा ने एक इंटरव्यू में अपनी लव स्टोरी के बारे में खुलासा किया साथ ही ये भी बताया कि किस तरह से इशांत ने प्रपोज किया।

पूरी तैयारी के साथ प्रपोज करने आए थे इशांत

प्रतिमा ने बतायाा कि वो और इशांत एक बार कार से घूमने निकले थे। उसी दौरान वो मुझे प्रपोज करना चाहते थे और कार में ही उन्होंने मुझे प्रपोज कर दिया। हालांकि इसके लिए उन्हें काफी हिम्मत जुटानी पड़ी। इशांत पूरी तैयारी के साथ आए थे। पहले उन्होंने मुझे प्रपोज किया और फिर उन्होंने मुझे गुलाब और गिफ्ट दिया।

पहली बार ऐसे हुई मुलाकात

प्रतिमा के मुताबिक उनकी इशांत से पहली मुलाकात दिल्ली में हुई थी जब वो एक बॉस्केट बॉल टूर्नामेंट में शामिल हुए थे। इस टूर्नामेंट को मेरी बहन ने ही ऑर्गनाइज किया था।

बेहद रोमांटिक हैं इशांत

इशांत के बारे में बताते हुए प्रतिमा ने कहा फील्ड पर बेहद आक्रामक नजर आने वाले इशांत काफी शर्मीले हैं। वो बेहद रोमांटिक हैं साथ ही काफी केयरिंग भी हैं। हमारे बीच काफी कुछ बेहद समान हैं। मेरी बड़ी बहन ने ये रिश्ता तय किया था। वो हम दोनों की लव स्टोरी को बारे में शुरू से ही जानती थी।

स्वामी प्रसाद नेता विपक्ष से बेदखल, गया चरण को मिली लाल बत्ती

बहुजन समाज पार्टी से बगावत करने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य के स्थान पर अब गया चरण दिनकर विधानसभा में नेता विपक्ष होंगे। बहुजन समाज पार्टी की परसों बैठक में गया चरण दिनकर को मायावती की मौजूदगी में विधानमंडल दल का नेता चुना गया था।

गया चरण दिनकर अब विधानसभा में नेता विपक्ष होंगे। विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने आज गया चरण दिनकर को नेता विपक्षी दल की मान्यता प्रदान कर दी है। स्वामी प्रसाद की जगह अब चरण दिनकर नेता विपक्ष होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र के साथ आज गया चरण दिनकर ने माता प्रसाद पाण्डेय से मुलाकात की। विधानसभा अध्यक्ष ने मिश्र की मौजूदगी में गया चरण दिनकर को पत्र प्रदान कर नेता विपक्ष के पद का गतिरोध समाप्त कर दिया। अब गया चरण दिनकर लालबत्ती गाड़ी में चलेंगे।

बसपा पदाधिकारियों व विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय को परसों उन्हें पार्टी सुप्रीमो का पत्र सौंपा। पत्र पर बसपा के 71 विधायकों के हस्ताक्षर थे। पत्र में कहा गया है कि स्वामी प्रसाद के बसपा छोडऩे के कारण गया चरण दिनकर को पार्टी के विधानमंडल दल का नेता चुन लिया गया है। लिहाजा उन्हें नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता दी जाए। इससे पहले बसपा विधानमंडल दल की बैठक में विधायक जगपाल ने प्रस्ताव किया कि 10 मार्च, 2012 को पार्टी के विधानमंडल दल के नेता चुने गए स्वामी प्रसाद ने मीडिया में बयान दिया है कि उन्होंने बसपा छोड़ दी है।

इसी कारण मौर्य को विधानमंडल दल के नेता पद से हटाते हुए उनकी जगह गया चरण दिनकर को नेता चुना जाए। इस प्रस्ताव का अनुमोदन विधायक जीतेंद्र कुमार उर्फ नंदू चौधरी ने किया जिसे बैठक में मौजूद विधानमंडल दल के सभी सदस्यों ने पारित किया। इसके साथ ही दिनकर को विधानसभा में नेता विरोधी दल की मान्यता प्रदान करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखने के लिए मायावती को सर्वसम्मति से अधिकृत किया गया।

मंत्री भी रह चुके हैं दिनकर

चौथी बार विधायक चुने गए गया चरण दिनकर 2002 में बसपा सरकार में ग्राम्य विकास मंत्री भी रह चुके हैं। 55 वर्षीय दिनकर पहली बार 1991 में विधायक चुने गए। दूसरी बार वह 1993 और तीसरी मर्तबा 2002 में विधानसभा की देहरी लांघने में कामयाब रहे।

भारत से लड़कर कभी भी कश्‍मीर नहीं जीत सकेगा पाकिस्‍तान: हिना रब्‍बानी

पाकिस्तान की पूर्व विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार ने कहा है कि पाकिस्तान कभी भी भारत से युद्ध कर कश्मीर को नहीं पा सकता है। इसके लिए भारत से सिर्फ संबंधों को सुधारना और वार्ता को जारी रखना ही एकमात्र जरिया हो सकता है। रब्बानी ने यह बातें पाकिस्तान के एक न्यूज चैनल पर इंटरव्यू के दौरान कहीं। पाकिस्तान के अखबार द डॉन के मुताबिक उन्होंने इस इंटरव्यू में यह भी कहा कि पाकिस्तान को इसके लिए अनुकूल माहौल बनाना होगा और भारत से बातचीत जारी रखनी होगी।

कश्मीर के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि युद्ध इसका उपाय नहीं है, इसलिए बातचीत ही एकमात्र उपाय है। यह तभी संभव है जब हमारे संबंध भारत के साथ सामान्य होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और पाक को एक दूसरे पर विश्वास करते हुए इस मुद्दे पर आगे बढ़ने की जरूरत है। खार ने कहा कि पीपीपी सरकार भारत के साथ रिश्तों को सुधारने के लिए काफी प्रयास किए। इसके लिए सरकार ने वीजा नियमों में भी कुछ छूट दी और दोनों देशों के बीच व्यापार को सुधारने के लिए भी काफी कदम उठाए। उन्होंंने साफ कहा कि दोनों देशों के बीच यह मुद्दा वर्षों पुराना है और यह किसी भी तरह से सही माहौल बनाए बिना इसको सुलझाया नहीं जा सकता है।

गौरतलब है कि हिना रब्बानी खार वर्ष 2011 से 2013 तक पाकिस्तान की विदेश मंत्री रही थीं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर लगातार बातचीत के जरिए किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकता है। विदेश नीति मे फौज का अधिक प्रभाव होने के सवाल पर उनका कहना था कि एक डिप्लोमेट के नाते कई सारी चीजें जारी रहती हैं और सभी को साथ लेकर बैलेंस बनाते हुए आगे बढ़ा जाता हैै।

भारत की मौजूदा भाजपा सरकार पर अपनी राय देते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का मानना है कि भारत में भारतीय जनता पार्टी की सरकार रहते हुए और पाकिस्तान में फौज की हुकूमत रहते हुए कश्मीर का मुद्दा कभी नहीं सुलझ सकेगा। उनका कहना था कि वह मानती हैं कि मुशर्रफ ने अपनी सरकार के दौरान भारत को इस विषय पर काफी ढ़ील दी थी।

पाकिस्तान और अमेरिका के संबंधों पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में चीन की दखल को रोकने के लिए अमेरिका भारत को बेहतर सहयोगी मानता है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के भारत की ओर झुकने की एक बड़ी वजह है कि वहां पर देश की जनता की चुनी हुई सरकार है न कि फौज की हुकूमत चलती है। भारत में आज भी डेमाेक्रेटिक ट्रेडिशन मौजूद है।

#JagranForum: ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल बोले, बिजली पर न हो सियासत

दैनिक जागरण के फोरम ‘बढ़ेगा प्रदेश तो बनेगा देश’ को संबोधित करते हुए केंद्रीय ऊर्जा, कोयला और नवीकरणीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नीति के चलते ही यह संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सरकार बनने के वक्त हर घर में बिजली पहुंचाने के लिए साल 2022 का लक्ष्य तय किया था। लेकिन ऊर्जा मंत्रालय की कोशिशों के चलते इसे तीन साल पहले ही पाना संभव हो गया है।

पूरे देश में विद्युतीकरण के कामकाज पर केंद्र की तरफ से निगरानी की जा रही है। विद्युतीकरण के लिए होने वाले आवंटन का उचित इस्तेमाल हो इसी निरंतर निगरानी हो रही है। इसके चलते बीते दो वर्ष में विद्युतीकरण के कामकाज में तेजी आई है।

 तीन साल में हर घर में बिजली

केंद्र सरकार ने हर घर में बिजली पहुंचाने के लक्ष्य को तीन साल कम कर दिया है। सरकार अब साल 2022 के मुकाबले 2019 में ही हर घर में बिजली पहुंचाने की स्थिति में है। इतना ही नहीं एक हजार दिन में प्रत्येक गांव में बिजली पहुंचाने के लक्ष्य को भी केंद्र एक वर्ष पहले ही पूरा करने की स्थिति में आ गया है।

देश में बिजली की कमी नहीं

गोयल ने कहा कि देश में आज न केवल बिजली सरप्लस में है बल्कि इसके निर्माण की प्रमुख आवश्यकता कोयला भी सरप्लस में है। यही वजह है कि आज किसी बिजली प्लांट में कोयले की कमी नहीं है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व के चलते एक हजार दिन में प्रत्येक गांव को बिजली से जोड़ने के काम को भी समय से पहले ही पूरा कर लिए जाने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार पहली मई 2018 तक यह काम पूरा होना था। लेकिन आज की स्थिति में यह स्पष्ट है कि यह काम पहली मई 2017 तक ही पूरा कर लिया जाएगा। 18452 गांवों में से बीते दो साल में आठ हजार से अधिक गांवों में बिजली पहुंच चुकी है।

राज्यों के विकास के लिए बिजली जरूरी


ऊर्जा मंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास के लिए बिजली एक अहम कारक है। लेकिन उत्तर प्रदेश और बिहार में अभी भी करोडो़ं परिवार ऐसे हैं जो बिजली से वंचित हैं। देश में बिजली उपलब्ध है लेकिन राज्य जनता की जरूरतों के बावजूद बिजली खरीद नहीं रहे हैं। इसका क्या अर्थ है? गोयल ने कहा कि यह मानसिकता से जुड़ा है कि कोई राज्य अपनी जनता को किस रफ्तार से विकास की तरफ ले जाना चाहता है।  Read more http://www.jagran.com/

Monday, 18 April 2016

...और इसके बाद रवींद्र जडेजा ने बना लिया था क्रिकेट छोड़ने का मन

आज रवींद्र जडेजा भारतीय क्रिकेट टीम के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं। वैसे उनके करियर के दौरान एक समय ऐसा भी आया था जब उन्होंने क्रिकेट छोड़ने का मन बना लिया था, लेकिन परिजनों और दोस्तों की सलाह के बाद उन्होंने क्रिकेट खेलना जारी रखा, अन्यथा हमें 'सर जडेजा' को मैदान में देखने का मौका नहीं मिल पाता।

जडेजा गरीब परिवार से आते हैं और उनके पिता अनिरूद्ध सिंह जडेजा प्राइवेट सिक्योरिटी एंजेसी में वॉचमैन थे। रवींद्र ने क्रिकेट में पहचान बनाना शुरू ही की थी कि 2005 में उनकी मां लता की एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई, इसके चलते रवींद्र क्रिकेट छोड़ने का विचार कर रहे थे। लेकिन परिजनों और दोस्तों के समझाने के बाद उन्होंने क्रिकेट खेलना जारी रखा और आगे चलकर भारतीय टीम के लिए उन्हें खेलने का मौका मिला।

जडेजा ने 19 अक्टूबर 2006 को दुलीप ट्रॉफी में पश्चिम क्षेत्र की तरफ से दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ प्रथम श्रेणी पदार्पण किया। वे 2006 और 2008 में भारत अंडर-19 टीम की तरफ से विश्व कप खेले और उनके ऑलराउंड प्रदर्शन की भारत को 2008 में अंडर-19 विश्व कप दिलाने में अहम भूमिका रही।

आइपीएल के पहले संस्करण में छा गए : जडेजा के करियर को आईपीएल के पहले संस्करण में 2008 में नया मोड़ मिला। वे राजस्थान रॉयल्स टीम में शामिल रहे और उन्होंने अपनी टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। कप्तान शेन वॉर्न ने उन्हें 'रॉक स्टार' नाम दिया। उन्होंने 14 मैचों में 131.06 के स्ट्राइक रेट से 135 रन बनाए। फाइनल में उन्होंने यादगार प्रदर्शन किया। अगले संस्करण में उन्होंने 6 विकेट लिए और 295 रन बनाए।

अंतरराष्ट्रीय पदार्पण : जडेजा को उनके बेहतर खेल का लाभ मिला और उन्होंने 8 फरवरी 2009 को कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय वन-डे में पदार्पण किया। जडेजा इसके बाद प्रदर्शन में निरंतरता के अभाव में टीम इंडिया में जगह पक्की नहीं कर पाए।

आइपीएल में प्रतिबंध : जडेजा के करियर को 2010 में उस वक्त झटका लगा जब उन्हें नियम के विरूद्ध दूसरी फ्रेंचाइजी से संपर्क करने के कारण आइपीएल से एक वर्ष के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया।

2012 में हुए सीएसके के : जडेजा के करियर में निर्णायक मोड़ 2012 में आया जब चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसक) ने उन्हें खरीदा। डेक्कन चार्जर्स और सीएसके ने उनके लिए जमकर बोली लगाई, लेकिन वे करीब 10 करोड़ में सीएसके के हुए।

नागपुर में टेस्ट पदार्पण : उन्होंने इसी वर्ष 13 दिसंबर को नागपुर में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट पदार्पण किया। वैसे उन्होंने अपनी पहचान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले वर्ष बनाई। इस सीरीज में जडेजा ने 4 टेस्ट मैचों में 17.45 की औसत से 24 विकेट झटके। इसी के बाद से धौनी ने उन्हें 'सर जडेजा' कहना शुरू किया।

एक साल से ज्यादा समय तक टीम से बाहर : बांग्लादेश के खिलाफ जून 2015 में वन-डे सीरीज के बाद खराब प्रदर्शन के चलते जडेजा करीब 14 महीनों तक टीम इंडिया से बाहर रहे। इस दौरान उन्होंने एक तरह से क्रिकेट से दूरी बना ली थी। इस ब्रेक के दौरान उनका आत्मविश्वास जागा और उन्होंने रणजी ट्रॉफी में धमाकेदार प्रदर्शन कर टीम इंडिया में वापसी की।

धमाकेदार वापसी : जडेजा ने दिसंबर 2015 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर भारत को द. अफ्रीका के खिलाफ 3-0 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 4 मैचों में 23 विकेट झटके। वे आइपीएल की नई फ्रेंचाइजी गुजरात लॉयंस ने उन्हें 9.5 करोड़ में खरीदा और अब वे सुरेश रैना की अगुआई में अपनी घरेलू टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 27 वर्षीय जडेजा अभी तक अंतरराष्ट्रीय करियर में 16 टेस्ट मैचों में 473 रन बनाने के अलावा 68 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने इसके अलावा 126 वन-डे और 37 टी-20 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। Read more http://www.jagran.com/

दीपिका पादुकोण ने सलमान खान संग फिल्‍म करने से पहले रखी ये शर्त

दीपिका पादुकोण को आखिरकार सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिल ही गया। कबीर खान की अगली फिल्म में वह सलमाल के साथ काम करती नजर आएंगी। लेकिन आपको जानकार हैरानी होगी कि दीपिका ने ये फिल्म साइन करने से पहले कबीर के सामने एक शर्त रखी थी।

अंग्रेजी वेबसाइट बॉलीवुड लाइफ.कॉम की खबर के मुताबि, पिछले दिनों दीपिका ने एक इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने सलमान खान के साथ काम करने की ख्वाहिश जाहिर की थी। किसे पता था कि दीपिका की ये ख्वाहिश इतनी जल्दी पूरी हो जाएगी। लेकिन जब दीपिका की ये ख्वाहिश पूरी होने लगी तो उन्होंने शर्त रख दी, जिसे कबीर खान ने स्वीकार भी कर लिया है।

दरअसल, दीपिका के सितारे इन दिनों बुलंदी पर हैं। 'बाजीराव मस्तानी' में उनके काम को काफी सराहा गया। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी कमाई की। अब वह हॉलीवुड स्टार विन डीजल के साथ xxx सीरीज की अगली फिल्म भी कर रही हैं। ऐसे में दीपिका हर फिल्म बहुत सोच-समझ कर साइन कर रही हैं।

जब कबीर खान, दीपिका के पास सलमान के साथ फिल्म करने का ऑफर लेकर आए, तो उन्होंने साफ कर दिया कि वो हल्का किरदार नहीं निभाएंगी। सलमान की फिल्मों में आमतौर पर हीरोइन के लिए कुछ करने को होता नहीं है। सारा फोकस सलमान खान पर ही होता है। इसलिए दीपिका ने पहले ही कबीर को सचेत कर दिया कि फिल्म में उनका किरदार दमदार होना चाहिए। कबीर भी दीपिका की इस शर्त को ध्यान में रखकर ही स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। Read more http://www.jagran.com/

ऑड-इवन नियम तोड़ने पर BJP सांसद से वसूला गया 3500 रुपये का चालान

केजरीवाल के मंत्री की गुजारिश के बावजूद भाजपा सांसद विजय गोयल सोमवार को अपनी पूर्व की घोषणा के अनुरूप ही ऑड-इवन नियम को तोड़ने के लिए ऑड नंबर की कार लेकर निकले, जिस पर उनका 3500 रुपये का चालान कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, विजय गोयल के पास उनका लाइसेंस नहीं था और गाड़ी का इंश्योरंस भी नहीं था। बता दें कि यह कि ऑड-इवन का दूसरा चरण है और आज यानी साेमवार ऑड-इवन का चौथा दिन था।

इससे पहले दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय खुद 10 अशोक रोड स्थित आवास पर विजय गोयल से मिलने पहुंचे थे। गोपाल राय ने विजय गोयल को गुलाब का फूल देकर ऑड-इवन का नियम का पालन करने की गुजारिश की थी। बताया जा रहा है कि गोपाल राय ने फूल दिया तो गोयल ने उन्हें बुके पेश कर दिया।

गोपाल राय ने कहा, आप नियम न तोड़िए, बच्चों पर गलत असर पड़ेगा। इस पर विजय गोयल ने कहा, मेरा विरोध ऑड ईवन स्कीम से है ही नहीं। मेरा विरोध तो विज्ञापन दे कर पैसे की बर्बादी से है।

बता दें कि गोपाल राय ने पहले ही कह दिया था कि हम दो बार विजय गोयल को फूल देकर मनाएंगे, तीसरी बार उनका चालान काटा जाएगा।

भाजपा सांसद विजय गोयल से उनके आवास पर मुलाकात के दौरान गोपाल राय ने कहा कि वे नियमों का पालन करें। इस पर भाजपा नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार बिनाा तैयारी के अपने प्रचार के लिए इस योजना को लागू कर रही है। इसके चलते दिल्लीवासियों की परेशानी बढ़ गई है।

केजरीवाल के मंत्री से मुलाकात के दौरान भाजपा सांसद विजय गोलय ने कहा कि ऑड-इवन योजना के प्रचार के नाम पर केजरीवाल सरकार ने जनता के करोड़ों रुपये फूंक दिए हैं।

इस पर परिवहन मंत्री गोपाल राय ने विजय गोयल से कहा कि वे राजनीतिक रूप से अपना विरोध करें, लेकिन नियम न तोड़ें। वहीं, विजय गोयल ने कहा कि दिल्ली में लगे पोस्टर-बैनर हटाने तक उनका विरोध जारी रहेगा। Read more http://www.jagran.com/

LIVE: हाई कोर्ट ने पूछा, उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन की क्या थी मजबूरी, सुनवाई जारी

राज्य में अनुच्छेद 356 का प्रयोग कर राष्ट्रपति शासन लगाने व लेखानुदान अध्यादेश के केंद्र के फैसले के खिलाफ निवर्तमान मुख्यमंत्री हरीश रावत की अलग-अलग याचिका पर हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति केएम जोसेफ और न्यायमूर्ति वीके बिष्ट की संयुक्त खंडपीठ में सुनवाई जारी है। इस दौरान केंद्र के अधिवक्ता की दलील पर हाई कोर्ट ने पूछा कि उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने की क्या मजबूरी थी, जबकि सरकार को पांचवा साल था। उधर, बागी विधायकों की सदस्यता निरस्त करने के मामले में विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल की ओर से हाईकोर्ट में एकलपीठ के समक्ष पांच पेज का जवाब दाखिल कर दिया गया।

केंद्र सरकार की ओर से अटार्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने कर्नाटक के बोमाई मामले की दलील दी। उन्होंने कहा कि केंद्र ने अनुच्छेद 356 का प्रयोग सरकारिया आयोग की सिफारिशों के अनुरूप किया। संवैधानिक पहलुओं पर गौर करने के बाद ही राष्ट्रपति शासन लगाया गया। राज्यपाल की रिपोर्ट के हर बिंदु का अध्ययन करने के बाद ही राष्ट्रपति ने इसकी मंजूरी दी।

उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने दो या तीन दिन में बहुमत साबित करने या हर हाल में 28 मार्च के पहले का समय दिया, लेकिन स्पीकर ने बिना सदन स्थगित किए शक्ति परीक्षण के लिए 28 मार्च की तिथि नियत कर दी।

केंद्र के अधिवक्ता ने कहा कि 68 सदस्यों के सदन में 35 विधायकों ने विनियोग विधेयक पर मत विभाजन की मांग की। राज्यपाल को भी प्रत्यावेदन दिया। इसके बाद भी स्पीकर ने ध्वनि मत से विधेयक पारित घोषित कर दिया।

उन्होंने कोर्ट को बताया कि भाजपा के विधायक 18 मार्च की सुबह साढ़े दस बजे राजभवन पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल से मत विभाजन कराने की मांग की। कांग्रेस की यह दलील असंवैधानिक है कि विनियोग विधेयक पर बहस नहीं हो सकती। मत विभाजन की मांग नहीं मान कर स्पीकर ने संविधान की दसवीं अनुसूची का उल्लंघन किया। उन्होंने दलील दी कि याचिका में तमाम तथ्यों को छिपाया गया और कोर्ट को गुमराह किया गया।

उन्होंने तर्क दिया कि स्पीकर ने विनियोग विधेयक पारित होने की प्रक्रिया नहीं अपनाई और बहुमत का अपमान किया। उन्होंने इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट की ओर से राज्यपाल को दिए गए पत्र का हवाला दिया। इसमें उन्होंने लिखित में देकर मत विभाजन की मांग की थी।

उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक गणेश जोशी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि सदन से गायब रहने वाले भाजपा विधायक भीमलाल आर्य को सरकार ने अंबेडकर समिति का उपाध्यक्ष बना दिया। ये सब एक साजिश के तहत किया गया।

सदन में स्पीकर ने विधायकों की मत विभाजन की मांग को नहीं माना। स्पीकर ने संवैधनिक बाध्यता के बाद मांग इसलिए ठुकराई कि सरकार अल्मपत में आ जाएगी। उन्होंने पंजाब, असम विधानसभाओं के मामलों का हवाला दिया। साथ ही कहा कि यहां बहुमत ने मत विभाजन मांगा, लेकिन स्पीकर ने यह कहते हुए ठकरा दिया कि मांग मानने या ना मानने का उन्हें अधिकार है।

उन्होंने कहा कि 28 मार्च की सुबह साढ़े दस बजे राजभवन पहुंचा विनियोग विधेयक। इससे पहले 27 मार्च को स्पीकर ने नौ बागी विधायकों की सदस्यता समाप्त कर दी, वो भी राष्ट्रपति शासन की अधिसूचना जारी होने के बाद। उन्होंने कहा कि बागी विधायकों और भाजपा विधायक भीम लाल आर्य के मामले में स्पीकर का दोहरा रवैया है। अब तक आर्य पर कार्रवाई नहीं की गई। वहीं नौ विधायकों का सदस्यता से ही निष्कासन कर दिया गया।

केंद्र के अधिवक्ता की दलील पर कोर्ट ने पूछा कि आपात स्थिति में ही केंद्र 356 का उपयोग करता है। इस मामले में जल्दबाजी क्यों की गई, जबकि सरकार को पांचवा साल लग गया था। साथ ही कोर्ट ने पूछा कि राज्यपाल ने जब 28 मार्च तक का समय बहुमत साबित करने को दिया था, तो राष्ट्रपति शासन लगाने की मजबूरी क्या थी।

जवाब में अटीर्नी जनरल रोहतगी ने कहा कि सरकार 18 मार्च को ही अल्पमत में आ गई थी। 35 विधायक मत विभाजन की मांग कर रहे थे, लेकिन स्पीकर ध्वनिमत से विधेयक पारित बता रहे। लोकतंत्र बहुमत से चलता है।

कोर्ट ने पूछा कि स्पीकर से मिलने के बजाय राज्यपाल से क्यों मिले विधायक। इस पर केंद्र के अधिवक्ता ने जवाब दिया कि स्पीकर से न्याय की उम्मीद नहीं थी, इसलिए विधायक राज्यपाल से मिले। उन्होंने राज्यपाल की ओर से केंद्र को भेजे गए उन पत्रों का हवाला दिया, जिसमें हॉर्स ट्रेडिंग की जिक्र किया गया है। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के स्टिंग मामले की कोर्ट के समक्ष रखा।

केंद्र के अधिवक्ता ने कहा कि स्पीकर ने बिना सुनवाई का मौका दिए बगैर मुख्यमंत्री बदलने की मांग कर रहे नौ विधायकों की दल बदल कानून के तहत सदस्यता निरस्त कर दी। मुख्यमंत्री को खुलेआम सौदेबाजी करते पूरे देश ने देखा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति शासन लगाने की मुख्य वजह जानने का कोर्ट को हक है, लेकिन इस तथ्य को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।

बागी विधायकों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ने दाखिल किया जवाब
बागी विधायकों की सदस्यता निरस्त करने के मामले में विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल की ओर से हाईकोर्ट में एकलपीठ के समक्ष पांच पेज का जवाब दाखिल कर दिया गया।
बागी विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन और सुबोध उनियाल ने याचिका दाखिल कर विधानसभा अध्यक्ष की ओर से उनकी सदस्यता समाप्त करने को चुनौती दी थी। इस मामले में न्यायमूर्ति यूसी ध्यानी की एकल पीठ ने विधानसभा अध्यक्ष से जवाब मांगा था। 22 अप्रैल तक बागी विधायकों को भी अपना जवाब दाखिल करना है। इस मामले में 23 अप्रैल को अगली सुनवाई Read more http://www.jagran.com/

भेंट किया गया था कोहिनूर, दावा नहीं कर सकतेः सरकार

कोहिनूर हीरे को वापस लाने को देकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने आज केद्र सरकार से पूछा कि कोहिनूर को वापस लाने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से इस मामले पर 6 हफ्ते के भीतर जवाब मांगा है। शीर्ष अदालत ने ऑल इंडिया ह्यूमन राइट्स एंड सोशल राइट्स फ्रंट की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए सरकार को यह निर्देश दिया है।

केंद्र सरकार की तरफ से कोर्ट में पेश हुए सॉलीसिटर जनरल ने कहा कि संस्कृति मंत्रालय के मुताबिक सीधे तौर पर कोहिनूर पर दावा नहीं किया जा सकता क्योंकि कोहिनूर को लूटकर नहीं ले जाया गया और ना ही वो चोरी हुआ है बल्कि महाराजा रंजीत सिंह ने ईस्ट इंडिया कंपनी को कोहिनूर हीरा दिया था।

सांस्कृतिक मंत्रालय के अनुसार, भारत कोहिनूर पर दावा नहीं कर सकता क्योंकि इसे चुराया या जबरन छीना नहीं गया था। इस पर चीफ जस्टिस ने केंद्र से पूछा कि क्या आप केस खत्म करना चाहते हैं? अगर ऐसा है तो भविष्य में कोई भी वैध दावा करते वक्त आपको समस्या आएगी।

इसके बाद सॉलिसिटर जनरल ने अदालत से कहा कि यह केवल सांस्कृतिक मंत्रालय का पक्ष था और अब वो विदेश मंत्रालय का पक्ष भी लेंगे।

इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को 6 हफ्ते में जवाब पेश करने के लिए कहा है। इससे पहले भी सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान केंद्र को अपना रूख स्पष्ट करने के लिए कहा था। Read more http://www.jagran.com/