Tuesday, 13 January 2015

केजरीवाल के खिलाफ चुनावी रण में उतरेंगी किरण वालिया

पिछले विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को उनकी नई दिल्ली सीट से करारी मात देने वाले आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल के सामने कांग्रेस ने पूर्व मंत्री प्रो. किरण वालिया को अपना उम्मीदवार बनाया है। वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. जगदीश मुखी के दामाद सुरेश कुमार जनकपुरी से पार्टी के प्रत्याशी बनाए गए हैं, जबकि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र से चुनावी किस्मत आजमाएंगी। पार्टी ने दो पूर्व मंत्रियों रमाकांत गोस्वामी और मंगतराम सिंघल का टिकट काट दिया है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में सोमवार शाम को हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शेष सभी 45 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगा दी गई। पार्टी पहले ही 25 नामों का एलान कर चुकी है। इसमें से केवल एक कृष्णा नगर सीट पर बंसीलाल के नाम को रोका गया था लेकिन समझा जा रहा है कि उन्हें भी हरी झंडी मिल गई है। इस प्रकार पार्टी ने चुनाव की घोषणा के साथ ही सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। प्रत्याशियों की सूची से साफ है कि पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित समर्थकों का लगभग सफाया हो गया है जबकि प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन और पूर्व सांसद सज्जन कुमार के तमाम समर्थक टिकट पाने में कामयाब रहे हैं।

No comments:

Post a Comment